नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राहुल गांधी के रेप इन इंडिया टिप्पणी की निंदा की है। शर्मा ने अपने ट्वीट में राहुल गांधी की निंदा करते हुए कहा कि राहुल गांधी रेप इन इंडिया कहकर क्या संदेश देना चाहते हैं? रेप शब्द का इस्तेमाल करना इतना सहज कैसे है? क्या उन्हें एहसास है कि यह महिला के लिए कितना कष्टप्रद है? दो राज्यों में जहां इन मामलों की संख्या ज्यादा है, जहां महिला आयोग नहीं है, वहां कांग्रेस की सरकारें हैं।
इस बारे में क्या कहेंगे? राहुल गांधी ने गुरुवार को झारखंड में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री की मेक इन इंडिया परियोजना पर तंज कसते हुए कहा कि पहले यह मेक इन इंडिया था, लेकिन अब यह रेप इन इंडिया हो गया है। राहुल गांधी के बयान को लेकर संसद में हंगामा हुआ और सांसदों ने इस बयान को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ मानते हुए माफी की मांग की। सबसे कड़ा हमला केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया।
उन्होंने कहा कि यह भारत के इतिहास में पहली बार है कि गांधी परिवार का एक व्यक्ति ने महिलाओं का अपमान करने की धृष्टता की है और उनके दुष्कर्म का आह्वान किया है। देश के इतिहास में यह पहली बार है कि एक नेता ने कहा है कि भारतीय महिलाओं से दुष्कर्म होना चाहिए। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को रेप टिप्पणी पर माफी मांगने से इनकार कर दिया और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह (भाजपा सरकार) मुख्य मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए केवल एक बहाना है।
राहुल गांधी को समझ नहीं है : मंत्री
संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रेप इन इंडिया वाले बयान के लिए उन पर निशाना साधा और उनके बदले पार्टी से माफी की मांग की। मंत्री ने कहा कि उन्हें समझ नहीं है। जोशी ने कहा कि लोकसभा में सत्ता पक्ष ने राहुल के बयान का मुद्दा उठाया, लेकिन न तो राहुल गांधी न ही उनकी पार्टी और न ही उनके नेता ने इस पर माफी मांगी। इसके उलट उन्होंने बयान का बचाव किया।
जोशी ने दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित होने के बाद प्रेस ब्रीफिंग में कहा, यह निंदनीय है। वे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को क्या संदेश देना चाहते हैं? ऐसे समय जब प्रधानमंत्री मेक इन इंडिया के बारे में बात कर रहे हैं, उनका रेप इन इंडिया वाला बयान काफी अपमानजनक है। उन्होंने कहा, मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि राहुल गांधी को समझ नहीं है। इसलिए वह इस पर प्रतिक्रिया नहीं देंगे। कांग्रेस पार्टी को कुछ समझ है, इसकी अध्यक्ष या पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता को माफी मांगनी चाहिए।
जोशी ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि जब सत्र की समाप्ति पर अध्यक्ष अपना समापन भाषण देने की कोशिश कर रहे थे, और वह परेशान थे। उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही राहुल गांधी का रेप इन इंडिया का बयान सभी महिलाओं का अपमान है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने शुक्रवार को राहुल के बयान पर हंगामे के बीच शीतकालीन सत्र की समाप्ति पर सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
Leave a Reply