मेरठ, मेरठ के दबथुवा से 13 दिसंबर से लापता चल रहे प्रशांत का शव मंगलवार को रोहटा थाना क्षेत्र में पूठ गंगनहर पुल के निकट बरामद कर लिया गया है। प्रशांत के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशांत दो माह से सरधना निवासी सीमा पत्नी राजेंद्र के यहां रह रहा था और वह 13 दिसंबर को अपने दो दोस्तों के साथ जाता हुआ देखा गया था। इससे मामले में सीमा ने दोनों दोस्तों को नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था।
प्रशांत के अपहरण के मामले में पुलिस उसके पंकज उर्फ प्रशांत और सागर दो दोस्तों को पहले ही जेल भेज चुकी है। बता दें कि दौराला का रहने वाला 17 वर्षीय प्रशांत पुत्र सुंदर 13 दिसंबर को सरधना से लापता हो गया था। गांव अटेरना के निकट गंग नहर पुल पर उसकी बाइक खड़ी मिली थी। उसके दोस्तों ने भी पुलिस को प्रशांत के नहर में कूदने की बात बताई थी।
इस मामले में पीएसी के हवलदार बाबूराम त्यागी ने बताया पीएसी के गोताखोर लगातार गंग नहर में सर्च अभियान चला रहे थे और सोमवार की देर रात गगनहर में चल रहे सर्च अभियान के दौरान प्रशांत का शव नहर में दिखाई दिया। पीएसी के गोताखोरों ने रोहटा क्षेत्र के पूठ पुल के पास शव को कब्जे में ले लिया। मंगलवार की सुबह शव निकाला गया। इसकी सूचना पाकर पुलिस और उसके स्वजन पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
Leave a Reply