मेरठ, मेरठ में कल यानी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के मद्देनजर शनिवार को प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा रहा। हालांकि आज मौसम भी काफी खराब रहा और सुबह से बारिश होती रही लेकिन अफसर सीएम के मेरठ दौरे में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। सीएम के आने का कार्यक्रम कंफर्म हो चुका है। शहर में जगह-जगह होर्डिंग लगाए गए वहीं भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सीएम के आगमन के मद्देनजर तैयारियों में जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। सभी वरिष्ठ अफसर तैयारियों पर अपनी निगरानी बनाए हुए हैं।
[object Promise]
कल यानी रविवार को सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ मेरठ के दौरे पर आएंगे। इसी क्रम में शनिवार को प्रशासनिक अफसरों ने अपनी तैयारियां जारी रखीं। यहां मोदीपुरम के कृषि विवि में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है और इसकी तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं दूसरी ओर नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को कार्यक्रम स्थलों के आसपास सफाई में पूरे दिन निगम अमला जुटा रहा। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कृषि विश्वविद्यालय से लेकर परतापुर हवाई पट्टी तक सड़कें साफ-सुथरी होनी चाहिए। कहीं पर भी कचरा पड़ा मिला तो सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर के बाकी हिस्सों में भी सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाएगा। सभी डिपो प्रभारियों को समय से जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली डिमांड के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में शुक्रवार को मोदीपुरम रोड पर डिवाइडर के दोनों किनारों से धूल की सफाई कराई गई। रोड स्वीपिंग मशीन से सफाई हुई।
दूसरी ओर मोदीपुरम के कृषि विवि में 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लखनऊ से सरकारी कार्यक्रम जिला और विवि प्रशासन को मिल चुका है। सीएम की सुरक्षा और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पूरा जोर लगा दिया है। सुरक्षा के लिहाज से विवि परिसर को बाहर से अंदर तक ऐसी किलेबंदी की जा रही है, ताकि परिंदा भी पर न मार सके। हाईवे से लेकर विवि परिसर में जनसभा स्थल, हैलीपेड, केंद्रीय पुस्तकालय भवन, एनेक्सी-वन पर कमांड़ों फोर्स चप्पे-चप्पे पर तैनात किया जाएगा। प्रभारी कमिश्नर रितु माहेश्वरी समेत एसएसपी अजय साहनी व अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। प्रभारी कमिश्नर ने अफसरों को जरूरी निर्देश भी दिए।
दौराला इंस्पेक्टर किरन पाल सिंह ने बताया कि विवि परिसर में जनसभा स्थल और हैलीपेड पर पुलिस की गारद तैनात कर दी गई है। एक दारोगा समेत एक हेेेड कांस्टेबल और दस कांस्टेबल तैनात हैं। प्रत्येक आने जाने पर नजर बनी हुई है। शक होने पर तुरंत व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा विवि के मुख्य गेट पर विवि के सुरक्षा कर्मी रिटायर्ड सैनिकों ने मोर्चा संभाला हुआ है। विवि के अंदर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आधार कार्ड, आइकार्ड, बैग आदि चेक किया जा रहा है।
Leave a Reply