मुकेश भैया-नीता भाभी, यह तो केवल ट्रेलर है…एंटीलिया के बाहर संदिग्ध कार में मिले पत्र में अंबानी को धमकी

[object Promise]

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक सूत्र ने बताया, ‘हाथ से लिखे इस लेटर में मुकेश अंबानी और नीता अंबानी को संबोधित किया गया है। इसमें धमकी देते हुए लिखा गया है कि मुकेश भाई अभी तो यह ट्रेलर है और पूरी फैमिली को खत्म करने की तैयारी कर ली गई है।’ गुरुवार शाम को संदिग्ध कार मिलने के बाद मुंबई पुलिस बेहद सतर्क है और बड़ी संख्या में अपने जवानों को तैनात कर दिया है। इस कार से जिलेटिन की 20 छड़ें भी बरामद की गई हैं। कार की नंबर प्लेट भी संदिग्ध मिली है, जिसके चलते शंकाएं और गहरा गई हैं।

वहीं, मुंबई पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गामदेवी पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर कमांडो तैनात कर दिए गए, पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि वाहन के नंबर प्लेट पर जो पंजीकरण नंबर है वह अंबानी की सुरक्षा में लगी एक एसयूवी के ही समान है। उन्होंने बताया कि कार के अंदर से एक पत्र भी मिला है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ‘मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के निकट एक स्कॉर्पियो वैन में जिलेटिन की 20 छड़ें मिली हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है और जल्द ही जांच के नतीजे सामने आ जाएंगे।’

दरअसल, गामदेवी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कारमाइकल रोड पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार खड़ी मिली। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें पहुंच गईं। कार की जांच की गई, जिसमें विस्फोटक सामग्री बनाने में इस्तेमाल होने वाली जिलेटन छड़ें बरामद हुईं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *