तिरुवनंतपुरम। केरल के वित्त मंत्री थॉमस इस्साक ने शुक्रवार को विधानसभा को बताया कि ठीक समय पर अदा न किए हुए करों की गणना में त्रुटियां थीं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में उचित कार्रवाई की जाएगी और गलतियों को ठीक किया जाएगा।
थॉमस पिछले महीने एक व्यापारी मथाई डेनियल की आत्महत्या के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक वी.डी. सतीशन द्वारा स्थगन प्रस्ताव नोटिस का जवाब दे रहे थे। सतीशन ने कहा है कि वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) का पिछले वर्षों के दौरान भुगतान नहीं करने के कारण मथाई ने 27 लाख रुपए का जुर्माना नोटिस प्राप्त करने के बाद आत्महत्या कर ली।
इस्साक ने कहा, अधिकारियों ने कंप्यूटर जनित बकाया के आधार पर नोटिस भेजे थे। यह पता चला है कि इसमें त्रुटियां थीं और इस पर गौर किया जाएगा। विधि विभाग के साथ परामर्श के बाद इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
रबड़ की चादर के डीलर डेनियल को पिछले वर्षो से संबंधित अपनी बकाया राशि का नोटिस मिला था। उनके परिवार ने कहा कि 27 लाख रुपए की जुर्माना राशि देखकर वे हैरान रह गए और 28 अक्टूबर को उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे व्यापारिक समुदाय द्वारा राज्यव्यापी विरोध जताया गया। इस मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा चर्चा की मांग को खारिज किए जाने के बाद पूरे विपक्ष ने विधानसभा से वॉक आउट किया।
Leave a Reply