कानपुर, नौबस्ता के केशवनगर में आरजू हत्याकांड पुलिस के लिए पेचीदा साबित हो रहा है। केस अब हाईप्रोफाइल हो चुका है और पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। हत्या और हादसे के बीच जांच अटक गई और अब फोरेंसिक जांच रिपोर्ट से ही पुलिस स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है। वही दोनों परिवारों से भी पूछताछ की जा रही है। आरजू की मां ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है तो सास ने कहा है कि अगर दहेज मांगने की पुष्ट हो जाए तो पूरे परिवार को जो सजा दी जाएगी मंजूर होगी।
इंटरनेट मीडिया पर लगाई गुहार
आरजू की मां अर्चना ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर बेटी के हत्यारों को मौत की सजा दिए जाने की मांग की है। अमनदीप की मां ने भी एक वीडियो के जरिए बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उनका परिवार अवसाद में जा रहा है।
दहेज मांगा हो तो पूरा परिवार गुनहगार
अमनदीप की मां पिंकी का कहना था कि आरजू के परिवार वाले हम पर दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। अगर ऐसा है तो पुलिस पूरे परिवार के मोबाइल नंबरों की कॉल रिकार्डिंग, वाट्सएप चैट सब निकलवाकर जांच कर ले। अगर कहीं से दहेज मांगने की बात आए तो पूरे परिवार को सजा दे दे।
पुलिस को आरजू का एक फोन नहीं मिला था। कमरा सील होने के चलते उसे नहीं निकाला जा सका था। सोमवार को फॉरेंसिक टीम को दूसरा फोन डेड हालत में मिला था जो मंगलवार को पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अमनदीप से उसका पासवर्ड पूछकर छानबीन शुरू की है। एसपी साउथ दीपक भूकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एक्सपर्ट की राय और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना उचित होगा। पुलिस अपनी जांच कर रही है।
Leave a Reply