महिलाओं के साथ हो रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही,आंध्रप्रदेश में आया एक और दुष्कर्म का मामला सामने

महिलाओं के साथ हो रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही,आंध्रप्रदेश में आया एक और दुष्कर्म का मामला सामने

अमरावती। हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के बाद देशभर में फैले जन आक्रोश अभी थमा भी नहीं है कि आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक ऐसा ही अपराध सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पूर्वी गोदावरी जिले के जी. वेमावराम गांव में एक 50 वर्षीय विधवा महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने कहा कि तीन लोगों पर आरोप है कि जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी, तब उन्होंने इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने संदिग्धों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक अदनान नईम असमी ने अपराध स्थल का दौरा किया और कहा कि दोनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीड़ित महिला के पति और बेटे दोनों का निधन हो चुका है और उसकी बेटी हैदराबाद में रहती है।
यह घटना हैदराबाद के बाहरी इलाके में पशु चिकित्सक के साथ हुए दुष्कर्म व हत्या करने जैसी वीभत्स घटना के बाद सामने आई है। 27 नवंबर की रात को चार ट्रक ड्राइवरों और क्लीनर ने मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया था, जिन्हें पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।

इस बीच आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री एम. सुचरिता ने गुंटूर जिले के सभी महिला पुलिस स्टेशन का औचक दौरा किया। कुछ महिलाओं ने उनसे शिकायत की कि पुलिस उनकी शिकायतों का ठीक से जवाब नहीं दे रही है।

मंत्री ने इस बारे में चिंता व्यक्त की और कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध जारी हैं। उन्होंने कहा कि लोग निर्भया और दिशा के मामलों को लेकर गुस्से में हैं। उन्होंने पुलिस को सतर्क रहने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में शामिल लोगों से सख्ती से निपटने को कहा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *