भारतीय सेना में भी कोरोना वायरस की घुसपैठ

भारतीय सेना में भी कोरोना वायरस की घुसपैठ

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस तेजी से अपना पैर पसार रहा है। बुधवार सुबह संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 148 हो गया है। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 13 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। संक्रमित लोगों में 25 विदेशी नागरिक शामिल है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकारें तीन स्तर पर काम को अंजाम दे रही है। अधिकतर प्रदेशों में स्कूल-कॉलेज, दफ्तर से लेकर पर्यटन स्थल तक बंद हैं।
कोरोना से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र प्रभावित है, यहां संक्रमित लोगों की संख्या 42 हो गई है। । दिल्ली से लेकर केरल तक दहशत का माहौल बना हुआ है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज मिल गया है। इसके साथ ही 16 राज्यों में कोरोना वायरस की चेपट में आ गए हैं। दिल्ली, हरियाणा, केरल, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मरीज पाए गए हैं।

वहीं दूसरी तरफ कोरोना से मंगलवार को देश में तीसरे मरीज ने दम तोड़ दिया है। इसके अलावा भारतीय सेना का जवान भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

कोलकाता में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिल गया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित लंदन से लौटा था, जो कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मरीज को बालीघाट के आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरीज के माता-पिता और ड्राइवर को भी आइसोलेशन में रखा गया है। बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय युवक 15 मार्च को ब्रिटेन से लौटा था। अब युवक सहित माता-पिता और ड्राइवर को आइसोलेशन में रखा गया है।

लद्दाख में एक जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि, जवान को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि उनके पिता ईरान से लौटे थे।

देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए स्कूल-कॉलेज को 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय किया गया है। ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं कि लोगों को एकत्रित होने की जरूरत नहीं पड़े।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई, वड़ोदरा, अहमदाबाद, रतलाम,राजकोट, भावनगर डिवीजन के रेलवे स्टेशनों पर अब 10 के बजाय 50 रुपए में प्लेटफॉर्म टिकट मिलेंगे ताकि स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ न एकत्रित हो। यह नियम 16 मार्च की आधी रात से लागू कर दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *