नई दिल्ली। कांग्रेस ने कर्नाटक प्रदेश में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा पर विधायकों की खरीद फरोख्त करेन का गंभीर आरोप लगाया है। दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस से बात करते हुए पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा है कि कांग्रेस-जेडीएस विधायकों को तोड़ने का प्रयास करते कर्नाटक के सीएम येदियुरप्पा का वीडियो सामने आया है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी के नेतृत्व में बीजेपी ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई जैसी तमाम एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी विधायकों को तोड़ने और सरकारों को हटाने के काम में जुटी है।
कांग्रेस प्रवक्ता खेड़ा ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि सबूत के रूप में सीएम येदियुरप्पा का वीडियो सामने आने के बाद अब कोई संदेह नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि अमित शाह इस पूरे प्रकरण का प्रबंधन कर रहे हैं। आप येदियुरप्पा को यह कहते हुए सुन सकते हैं कि अमित शाह विधायकों के मुंबई में रहने की व्यवस्था कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हम प्रधानमंत्री से पूछते हैं कि यह क्या हो रहा है? उनकी क्या प्रतिक्रिया है? हम भारत के गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष से पूछते हैं, उनका नाम उनके ही सीएम येदियुरप्पा जी ने लिया है। उनका क्या कहना है? देश के लोग प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री से जवाब की उम्मीद कर रहे हैं।
Leave a Reply