कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि नई नौकरियां नहीं आ रही हैं और देश पर छाए आर्थिक मंदी के हालात ने कईयों का रोजगार छीन लिया है। इसके साथ ही उन्होंने रोजगार को लेकर सरकार पर उत्तर भारतीयों के अपमान का आरोप भी लगाया।
प्रियंका गांधी ट्वीट करते हुए लिखा, “मंत्रीजी, 5 साल से ज्यादा आपकी सरकार है। नौकरियाँ पैदा नहीं हुईं। जो नौकरियाँ थीं वो सरकार द्वारा लाई आर्थिक मंदी के चलते छिन रही हैं। नौजवान रास्ता देख रहे हैं कि सरकार कुछ अच्छा करे। आप उत्तर भारतीयों का अपमान करके बच निकलना चाहते हैं। ये नहीं चलेगा।”
दरअसल केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने 14 सितंबर को बरेली में रोजगार से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा था कि देश में नौकरी की कमी नहीं है, बल्कि उत्तर भारतीयों में योग्यता की कमी है। प्रियंका ने इसी के जवाब में रविवार को ट्वीट कर सरकार को आड़े हाथ लिया।
संतोष गंगवार बोले- नौकरी की नहीं, उत्तर भारतीयों में योग्यता की कमी
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार का कहना है कि देश में नौकरियों की कमी नहीं है। हमारे उत्तर भारत के लोगों में योग्यता की कमी है। यहां नौकरी के लिये रिक्रूट करने आने वाले अधिकारी बताते हैं कि उन्हें जिस फन के लिये लोग चाहिये। उनमें वह योग्यता नहीं है।
केंद्रीय मंत्री आईवीआरआई के सभागर में केंद्र सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले पांच साल में अपने कार्य से जनता में शासन के प्रति विश्वास जगाया है। देश में आर्थिक मंदी जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाये हैं। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विलय भी शामिल है।
Leave a Reply