प्रयागराज, प्रयागराज में पौराणिक और पुरातात्विक महत्व का स्थान श्रृंगवेरपुर धाम है। यह स्थल रामवन गमन मार्ग पर स्थित है। यहां तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैैं। इस महोत्सव में तीन दिन तक अखंड ज्योति जलाई जाएगी। साथ ही संकीर्तन पाठ भी होगा। इसके अलावा सांस्कृतिक आयोजनों की भी धूम रहेगी।
12 नवंबर को शुरू होगा श्रृंगवेरपुर महोत्सव
श्रृंगवेरपुर महोत्सव 12, 13 व 14 नवंबर को आयोजित होगा। इसकी तैयारी अंतिम चरण में हैै। समारोह को यादगार बनाने के लिए प्रशासन के साथ ही इस आयोजन में जुटे जय श्रीराम सेवा संस्थान के पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में युद्ध स्तर पर जुटे हैैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी। जय श्रीराम सेवा संस्थान के पदाधिकारी इसकी तैयारियों को लेकर डटे हैैं। मंच बनाने का कार्य शुरू हो गया है, जहां सभी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
घाटों को दीपों से सजाया जा रहा है
बिजली के झालरों की सजावट के साथ घाट पर स्थित माता शांता और श्रृंगी ऋषि के मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा। घाटों को दीपों से सजाया जाने का काम शुरू हो गया है। धाम तक पहुंचने के लिए सड़क के किनारे मिट्टी को समतल किया जा रहा है। विभिन्न प्रकार की लगने वाली प्रदर्शनी के लिए बांस व बल्ली लाए जा रहे हैं।
अखंड ज्योति व संकीर्तन का शुभारंभ विधायक विक्रमाजीत मौर्य करेंगे
गुरुवार को दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। अखंड ज्योति व संकीर्तन का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक विक्रमाजीत मौर्य करेंगे। महंत रामप्रसाद दास शास्त्री महाराज की देखरेख में जय श्रीराम, जय राम, जय जय राम का अनवरत जाप भी होगा। महोत्सव की तैयारी को लेकर जय श्रीराम सेवा संस्थान के अध्यक्ष संजय तिवारी, केडी मिश्रा, श्याम शर्मा, हॢषत तिवारी, कुलदीप जुट गए हैैं।
Leave a Reply