कानपुर, पटना-राजधानी में एसी कोच में सफर करने वालों को शिकार बनाने वाला चोर बड़ा ही शातिर और हाईप्रोफाइल था। उसे गिरफ्तार करने से पहले जीआरपी को बड़ी सावधानी के साथ सुबुत जुटाने पड़े। उसे पकड़ने के बाद सांसद की पत्नी के पर्स से लाखों की चोरी की घटना का पर्दाफाश हाेने के साथ ही कई मामले भी खुल गए। उससे पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं।
बीच में छोड़ दी थी एमबीबीएस की पढ़ाई
पटना राजधानी में चोरी करने के मामले में पकड़े गए पुनीत ने जीआरपी की पूछताछ में बताया की वह लखनऊ से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था लेकिन उसे पढ़ाई बीच से ही छोड़ना पड़ा। इसके बाद उसने लखनऊ में हुक्का बार कम कैफे खोला। लॉकडाउन में कैफे बंद होने से करीब 14 लाख रुपए का कर्ज हो गया और हुक्का बार बंद करना पड़ा। कर्ज की रकम चुकाने के लिए उसने ट्रेनों में चोरी शुरू कर दी।
पहले भी चोरी में जा चुका है जेल
पुनीत बड़े ही शातिर ढंग से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह पहले ट्रेन में एसी कोच की टिकट बुक कराता और फिर सफर करने के दौरान शिकार की तलाश करता और रात में उनके सो जाने पर बड़ी सफाई से घटना को अंजाम देकर निकल जाता था। चोरी के मामले में पहले भी वह जेल जा चुका है और उसपर मोबाइल चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, यह सभी मुकदमे उसके ट्रेन में सफर करने के दौरान घटना को अंजाम देने के समय वाले हैं।
पिता मेजर और बहन है डॉक्टर
जीआरपी एसपी मनोज झा ने बताया कि पुनीत अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता है, उसके पिता आर्मी में मेजर हैं, भाई फौज में अधिकारी और बहन डॉक्टर है। परिवार से अभी तक किसी से संपर्क नहीं हो पाया है। उसके घर वालों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
Leave a Reply