नहीं थम रही मॉब लिंचिंग, गोहत्या के शक में 1 की पीट-पीटकर हत्या

[object Promise]

झारखंड में मॉब लिंचिंग के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार को खूंटी जिले में भीड़ ने गोहत्या के शक में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर प्रतिबंधित मांस की बिक्री के बाद गुस्साई भीड़ ने तीन लोगों पर हमला कर दिया।

सूत्रों का कहना है कि जाल तांगा गांव के लोग लंबे समय से कथित अवैध गोकशी के मामलों पर नजर रख रहे थे। रविवार को कुछ ग्रामीणों को एक कथित गोहत्या की जानकारी दी गई। इसके बाद जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो कथित गोवंश के अवशेषों के साथ तीन लोग देखे गए। भीड़ ने इसके बाद तीनों को दबोच लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।

पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो उसने मौके पर पहुंचकर तीनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। उन्हें रांची के राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में भर्ती कराया गया, जहां एक घायल शख्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डीआईजी एवी होमकर का कहना है, ‘पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं।’

इससे पहले झारखंड के सरायकेला में 22 वर्षीय तबरेज अंसारी की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने काफी तूल पकड़ा था। बाइक चोरी के शक में भीड़ ने इसी साल जून में उन्हें खंभे से बांधकर पीटा था। तबरेज की पिटाई के बाद अगले दिन 18 जून को पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल तबरेज को गिरफ्तार कर लिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे चिकित्सकीय रूप से फिट घोषित कर दिया। एक मैजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए। इस दौरान तबरेज की हालत बिगड़ती गई और उसकी 22 जून को मौत हो गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *