नहीं जारी हो सकी BJP बैठक के बाद भी उम्मीदवारों की सूची

[object Promise]

नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक गुरुवार देर रात आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए। लेकिन बैठक के बाद भी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की जा सकी है। संभावना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शुक्रवार को या तो 40 लोगों के नाम वाली पहली सूची जारी करेगी, या फिर सभी नामों के साथ एक सूची जारी करेगी।

गुरुवार को आयोजित बैठक में मोदी और शाह के अलावा कार्यवाहक अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावरचंद गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। उम्मीद थी कि तीन सप्ताह बाद होने वाले चुनाव के लिए पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।

भाजपा मुख्यालय, जहां बैठक हो रही थी, वहां से प्रधानमंत्री मोदी रात के 11.40 बजे निकले।

दिल्ली इकाई ने प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए दो नाम सुझाए, जबकि सीईसी को 70 सीटों वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का अंतिम चयन करना था।

इस सप्ताह की शुरुआत में अमित शाह ने अपने आवास पर भाजपा की कोर समिति की कई बैठकें की। नामों की सूची तैयार करने के लिए हुई कई बैठक तो भोर के तीन बजे तक चली थी।

रविवार और सोमवार मध्यरात्रि को हुई बैठक में नड्डा, महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष, दिल्ली के पार्टी प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का एक वर्ग चाहता था कि चुनाव में नए चेहरों को मौका दिया जाए। यह कदम पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक सकारात्मक संदेश भी भेज सकता है।

दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *