दिल्ली में हो रही सीलिंग को लेकर व्यापारियों ने बड़ा ऐलान किया है। सभी व्यापारी संघ ने बैठक के बाद व्यापारियों ने 2 और 3 फरवरी को दिल्ली बंद का ऐलान किया है।
दिल्ली में 5 हजार जगहों पर सीलिंग विरोधी प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में व्यापारी सीलिंग की मॉनिटरिंग कमिटि से भी मिलेंगे। सीलिंग बंद ना होने पर जनप्रतिनिधियों के घरों का भी घेराव किया जाएगा।
इस बार व्यापारी सीलिंग रुकवाने के लिए आंदोलन में अपनी जान तक झोंकने को तैयार हैं। सीलिंग के विरोध में बुधवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में दिल्ली के करीब 750 व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर महापंचायत में 72 घंटे के दिल्ली व्यापार बंद का फैसला लिया।
बता दें कि कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने बंद की घोषणा की थी कि “शीर्ष न्यायालय के आदेश की आड़” में “दिल्ली नगर निगम कानून 1957 के मूलभूत प्रावधानों को ताक” पर रख सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
आप का बंद को समर्थन
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करेंगे आप की विज्ञप्ति के अनुसार विरोध प्रदर्शन के पहले चरण में 23 जनवरी को आप कार्यकर्ता दिल्ली के सभी बाजार बंद कर व्यापारियों के साथ सड़कों पर उतरेगे। बंद का नेतृत्व आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय करेंगे।
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने सीलिंग और अन्य मुद्दों पर तीन नगर निगमों और दिल्ली सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
एलजी को लिखा खत
विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल पर मिलने के लिए समय न देने का आरोप लगाया है। विधानसभा अध्यक्ष गोयल ने कहा कि उपराज्यपाल भाजपा के सदस्यों को मिलने के लिए आसानी से समय देते हैं।
जबकि हमें (विधानसभा अध्यक्ष) नजरअंदाज किया जा रहा है। ये बड़ा ही निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों का सम्मान करें और मुलाकात का समय दिया जाए। इसी से संबंधित एक पत्र दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने उपराज्यपाल को बुधवार को पत्र लिखा है।
Leave a Reply