देशभर में भीषण Heatwave का कहर, अबतक कम से कम 30 की मौत

देशभर में भीषण Heatwave का कहर, अबतक कम से कम 30 की मौत

नई दिल्ली । देशभर के ज्यादातर राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। राजस्थान के गंगानगर में तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहां 49.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। देश में इस साल हीटवेव की वजह से अबतक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी अगले 3 दिनों तक भीषण हीटवेव से राहत नहीं मिलने वाली है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को भीषण हीटवेव चल रही है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, यूपी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, नॉर्थ कर्नाटक, बिहार, झारखंड, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लू का कहर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

देशभर में भीषण Heatwave का कहर, अबतक कम से कम 30 की मौत
Photo Credit- Social Media

हीटवेव की वजह से इस साल तेलंगाना में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। पिछली 23 दिनों में सूबे में गर्मी और लू से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में इस सीजन में 3 लोगों की लू लगने से मौत हुई है। इसके अलावा 433 लोग बीमार हुए हैं। दोनों राज्यों में 2015 में भीषण लू ने कहर ढाया था। तब अकेले आंध्र प्रदेश में लू लगने से 1,369 लोगों की मौत हुई थी। इसी तरह तेलंगाना में 2015 में 541 लोगों की मौत हुई थी। वहां पिछले साल भी 27 लोगों की जान गई थी।

महाराष्ट्र के भी ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। यहां इस सीजन में गर्मी से अबतक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 456 लोगों के बीमार होने के मामले सामने आए हैं। नागपुर और अकोला जैसे क्षेत्रों में लू से मौत और बीमार पड़ने की घटनाएं ज्यादा हुई हैं।

इस सीजन में कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। शुक्रवार को जहां राजस्थान का गंगानगर सबसे गरम था, वहीं उससे एक दिन पहले गुरुवार को इलाहाबाद देश में सबसे ज्यादा तप रहा था। शुक्रवार को गंगानगर में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को इलाहाबाद में 48.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *