दिल्ली के बीआरटी मार्ग पर जांच के लिए रोकने पर शुक्रवार रात बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया, जिनमें से एक को गोली लगी है। हालांकि, उनका एक साथी पुलिसकर्मियों की पिस्तौल लेकर भाग गया।आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल व चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस बीआरटी मार्ग पर पिकेट लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने बदमाशों की कार को रुकने का इशारा किया। मगर बदमाशों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। इससे पुलिसकर्मी गिरकर चोटिल हो गए। भागते वक्त बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग भी की। पुलिस ने आरोपियों की कार का पीछा किया।
पुलिस ने आरोपियों की कार पर फायरिंग की। टायर में गोली लगने से कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद तीन बदमाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे। इस दौरान पुलिस की गोली से यामीन नाम का बदमाश घायल हो गया।पुलिसकर्मियों ने उसके साथी अनुज को दबोच लिया, जबकि मोहन पिस्तौल लेकर भाग गया।
गैंगस्टर है फरार आरोपी मुठभेड़ के दौरान फरार हुआ मोहन सोनीपत का रहने वाला है और गैंगस्टर है। मोहन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती व अन्य संगीन धाराओं में 23 मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार देर रात लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से ही तीनों बदमाश दिल्ली में घूम रहे थे।
Leave a Reply