नई दिल्ली। दिल्ली के मुंडका इलाके में एक लकड़ी के गोदाम में भयंकर आग लग गई है। सूचना मिलने पर दमकल की 21 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। आग पर काबू करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। मिली जानकारी के अनुसार, आग प्लाइवुड फैक्ट्री से बढ़कर पास की बल्ब फैक्ट्री तक पहुंच गई है। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की जानकारी अभी तक नहीं है।
इससे पहले दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी, इसमें 43 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा कई लोग आग में झुलस गए थे। जब यह आग लगी थी, उस समय वहां काम करने वाले मजदूर सो रहे थे।
इस घटना के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में 200 वर्ग गज के क्षेत्र में बैग बनाने की फैक्टरी चलाने वाले रेहान के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया था। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घटनास्थल पर पहुंचे थे।
दिल्ली सरकार ने हादसे में मरने वाले के परिजनों को 10-10 लाख रुपए और घायलों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया था। इसके अलावा पीएम मोदी ने मृतकों के परिवारों दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया था।
Leave a Reply