पटना। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पटना स्थित 45 करोड़ रुपये मूल्य के तीन भूखंडों को जब्त किए जाने को राजनीतिक बदले के तहत की गयी कार्रवाई और साजिश बताया है। पटना में पत्रकारों को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने ईडी द्वारा राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार की कथित संलिप्तता वाले आईआरसीटीसी होटल आवंटन घोटाले से जुड़ी अपनी जांच के तहत के की गयी उक्त कार्रवाई को विपक्षी दलों पर दबाव बनाने की सोची समझी रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि केंन्द्र और राज्य सरकार राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कार्य कर रही है।
ईडी द्वारा आज संपत्ति जब्त किए जाने को लेकर तेजस्वी ने कहा कि अगर कुछ गलत किया गया है तो इस मामले में अब तक चार्जशीट दाखिल क्यों नहीं की गई है । क्यों सिर्फ एफआईआर दर्ज करके छोड़ दिया गया है। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग तथा सीबीआई पर भाजपा की बी टीम बनकर काम करने का का आरोप लगाते हुए कहा कि केंन्द्र और राज्य सरकार अपना राजनीतिक एजेंडा इन एजेंसियों के माध्यम से साध रही है। लम्बे समय से गरीब गुरबा का विश्वास डिगाने के लिए इतनी जुगत लगाई जा रही है। तेजस्वी ने पूछा कि अब तक जय शाह पर कर्रवाई तो दूर जांच के आदेश तक नहीं दिए गए हैं। सत्ता पक्ष के लिए अलग और विपक्ष पर दबाव बनाने के लिए अलग —अलग मापदंड कैसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें झूठे मुकदमों के माध्यम डराने की जो कोशिश हो रही है उससे हम डरने वाले नहीं। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए कहा कि जिन्हें डरकर उनसे हाथ मिलाना था, राज्य में सरकार बनानी थी, वे पहले ही उनके सामने नतमस्तक होकर साथ सरकार बना चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 150 दिनों के बाद भी अगर चार्जशीट दाखिल ना की जाए तो उस कार्रवाई के बारे में क्या कहा जा सकता है । इतना विलम्ब क्यों? सवाल पूछने पर धमकाने के लिए केन्द्रीय एजेंसियों की सेवा ली जा रही है। नामी सम्पति को कुर्क कर उन्हें बेनामी का नाम दिया जा रहा है । तेजस्वी ने कहा कि वे चाहते हैं कि दुष्प्रचार के दुष्चक्र को विराम लगाते हुए जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाए ताकि इनकी वास्तविक मंशा जल्द जनता के सामने आए इस बीच, बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जो कि लालू प्रसाद और उनके परिवार की कथित बेनामी संपत्ति को लगातार उजागर करते आए हैं, ने आज कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की जांच-पड़ताल के बाद लालू परिवार की 44.7 करोड़ रुपये की सम्पत्ति जब्त होने से साबित हुआ कि लारा कंपनी के जरिये भ्रष्ट तरीके से सम्पत्ति बनाने के उनके आरोप सही थे।
सुशील ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव ईडी की पूछताछ में बिंदुवार जवाब नहीं दे पाते, लेकिन कार्रवाई होने पर राजनीतिक बयानबाजी करते हैं। बिहार में भाजपा के साथ सत्ताधारी जदयू के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा ‘‘लालू जी आज से आपका और आपके परिवार काउंट डाउन शुरू हो गया है। ईडी ने ना जाने कितनी बार नोटिस किया था लेकिन आपके परिवार के लोग नहीं जाते थे। अब ईडी ने अपना एक्शन शुरू कर दिया है। अब आपकी सम्पति की कुर्की जब्ती शुरू हो गई। जो अकूत सम्पति बनाई थी अब वो आपकी नहीं रहेगी। उन सम्पतियों पर स्कूल-?कॉलेज बनेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लालू जी, जब आप सत्ता में थे तो गरीबों के लिए तो कुछ नहीं किया लेकिन अब आपकी सम्पति गरीबों के काम आएगी।
Leave a Reply