नई दिल्ली। उत्तरी भारत सहित देश की राजधानी दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने भले ही 1997 के बाद से 22 साल पुराना अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया हो, लेकिन पिछले 100 वर्षो में ऐसा केवल चार बार ही ऐसा हो पाया है। मौसम विभाग ने सर्दी को देखते हुए दिल्ली सहित 6 राज्यों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 1901 से 2018 तक केवल 4 बार 1919, 1929, 1961 और 1997 में दिसंबर माह में औसत अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम ही रहा है। 26 दिसंबर, 2019 तक औसत अधिकतम तापमान (एमएमटी) 19.85 डिग्री सेल्सियस रहा और अनुमानित अधिकतम तापमान दिसंबर के लिए 19.15 ही है।
यदि ऐसा होता है तो 1977 के बाद 2019 सदी का दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर रहने वाला है। इस सत्र में दिल्ली में दिसंबर माह में सबसे कम अधिकतम तापमान 18 दिसंबर को 12.2 डिग्री रहा है।
सर्दी ने दिल्ली में राेजाना नया रिकार्ड बना रही है। वर्ष 1997 के बाद यह पहला मौका है जब दिल्ली में लगातार 11वां दिन बेहद सर्द रहा है। स्काईमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर दिसंबर की शुरुआत से ही भीषण ठंड बनी हुई है। भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए 6 राज्यों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। इनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार शामिल हैं।
इस बार सर्दियों में पड़ रही ठंड पूरे दिल्ली-नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के आसपास के क्षेत्रों में कहर बरपाने से पीछे नहीं हट रही है। सर्द मौसम हालात की घोषणा तब की जाती है, जब मैदानी इलाकों में दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। बर्फ से ढकी हिमालय की पहाड़ियों से सर्द उत्तरी हवाओं के बहने के कारण लगातार ठंड के हालात बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 30 दिसंबर के बाद से ही स्थिति में कुछ सुधार हो सकता है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे बारिश होने की संभावना है। अभी अगले 48 घंटों तक कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
Leave a Reply