ट्रक ने मारी टक्कर, एक बच्चे की मौत 3 अस्पताल में भर्ती
इस खतरनाक हादसे में एक ट्रक ड्राइवर ने बेरहमी की इंतहा पार कर स्कूल जा रहे 4 बच्चों को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक 13 वर्षीय बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक बच्ची का नाम मुस्कान मेमन बताया जा रहा है. मंगलवार सुबह करीब 7.45 बजे हुए इस हादसे के समय उस रोड पर कुछ लोग जॉगिंग कर रहे थे जो तुरंत पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए.
इन लोगों ने ना सिर्फ बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की बल्कि पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी. साथ ही इन लोगों ने ट्रक ड्राइवर को भी पकड़ने की कोशिश की लेकिन वो भागने में कामयाब रहा. इस हादसे की जानकारी मिलने के एक घंटे बाद भी पुलिस मौका-ए-वारदात या अस्पताल तक नहीं पहुंची.इस हादसे का शिकार हुए एक बच्चे से बात करने पर 12 वर्षीय मासूम कमल मनाली ने बताया कि वो चारों स्कूल के लिए घर से निकला था. लेकिन स्कूल के शुरू होने में वक़्त था इसीलिए वो इधर-उधर घूम रहे थे. और फिर अचानक एक ट्रक ने उनको पीछे से टक्कर मार दी. पीड़ित कमल को सबसे कम चोट आयी, लेकिन वह अब तक इस हादसे के सदमे और डर से बाहर नहीं आ पाया है. जबकि दो बच्चों को आईसीयू में भर्ती किया गया है, दोनों गंभीर रूप से घायल हैं. बताया जा रहा है कि एक को सिर पर गहरी चोट लगी है और दूसरे बच्चे का पैर पर फ्रैक्चर हो गया है. इस हादसे के शिकार 4 बच्चों में से दो बच्चे कमल के भाई 9 साल का भूपेंद्र मेनाली और 13 साल की बहन नेहा मेनाली है. यह दोनों गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं.
इन चार बच्चों के अलावा एक रिक्शा भी ट्रक के चपेट में आ गया. दरअसल रिक्शा चालक रामअवतार कुशवाहा अपना रिक्शा रोड के एक कोने में लगाकर पेशाब करने के लिए झाड़ियों में गया था और उसी वक्त ट्रक ने चार मासूम बच्चों के साथ उसके रिक्शे को भी टक्कर मार दी. इस हादसे में उसके रिक्शे को काफी नुकसान पहुंचा है.
फिलहाल देर से पहुंची पुलिस ट्रक के मालिक से पुलिस स्टेशन बुलाकर पूछताछ कर रही है. फरार आरोपी ड्राइवर के मोबाइल के जरिए उसकी लोकेशन को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस को यह भी पता चला है कि ट्रक में ड्राइवर के साथ क्लीनर भी मौजूद था. फिलहाल दोनों की तलाश जारी है. इस मामले में आईपीसी धारा 304, 279 और 338 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
चूंकि पीड़ित के परिवार वालों की आर्थिक स्थिति कमजोर है इसलिए लोकल एमएलए पीड़ितों के इलाज में मदद के लिए आगे आएं है.
बताया जा रहा है कि आईसीयू में एडमिट दो बच्चों को जल्द आगे के इलाज के लिए केईएम अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा. परिवार वालों से पता चला है आईसीयू में एडमिट दो बच्चों में से एक बच्चे को लिवर कैंसर है और पिछले एक साल से उसका इलाज चल रहा है.
Leave a Reply