कानपुर, जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। तेजी से संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है। रविवार को जिला कारागार में 10 कैदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले जिला जेल में शुक्रवार को 11 संक्रमित मिले थे, जबकि एक संक्रमित चौबेपुर से भेजा गया था। तीन दिन में 22 संक्रमित सामने आए हैं।
ठंड का भी पड़ रहा असर
जिले में दीपावली के त्योहार एवं ठंड की दस्तक के बाद से काेरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने लगी है। जेल में भी कोराेना बम फूटने लगा है। जिला न्यायालय से कैदियों को पहले 18 दिन चौबेपुर स्थित अस्थाई कारावास में रखने के बाद जिला जेल भेजा जाता है। छह दिन पहले चौबेपुर अस्थाई जेल से मुलाहिजा बैरक में आए 91 कैदियों की कोरोना की जांच कराई गई थी। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में 11 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शुक्रवार को जिला जेल आए नए कैदियों की कोरोना की जांच कराई गई। उसकी जांच रिपोर्ट रविवार को आई है। उसमें से 10 कैदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ डाॅ. अनिल मिश्रा ने 10 और संक्रमित मिलने की पुष्टि की है।
15 नंबर बैरक में आइसोलेशन
जिला जेल में 22 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्हें जिला जेल की 15 नंबर बैरक में रखा गया है। उसे आइसोलेशन बैरक बनाया गया है। कोविड प्रोटोकॉल अपनाते हुए कैदियों को अलग-अलग रखा गया है। उसमें अगर किसी को अधिक दिक्कत होगी तो उसे हैलट या कांशीराम अस्पताल के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जाएगा।
Leave a Reply