जिला कारागारों में कोरोना वायरस की दस्तक, जानें-कानपुर, इटावा और फर्रुखाबाद का हाल

कानपुर स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस जवानों और प्रशासनिक कर्मियों को शिकार बनाने के बाद कोरोना संक्रमण ने अब जेलों में भी दस्तक दे दी है। कानपुर में बीते तीन दिन में 61 संक्रमित मिल चुके हैं, वहीं इटावा की जेल में एक दिन में 76 मरीज मिलने से अफरा तफरी मच गई है। फर्रुखाबाद में बंदी के पॉजिटव मिलने के बाद अन्य बंदियों में बेचैनी बढ़ गई है।

अब प्रमुख शहरों की जिला कारागार भी कोरोना संक्रमण से अछूती नहीं रही है। तमाम बचाव के प्रयासों के बावजूद कोरोना ने जेल तक अपनी दस्तक दे दी है। यह तब है जब कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही अपराधियों और आरोपितों को जेल में दाखिल किया जा रहा है। कानपुर में तो कोर्ट ने आदेश जारी कर दिया है कि सरेंडर अर्जी से पहले काेरोना टेस्ट रिपोर्ट देना अनिवार्य है।

जिला कारागारों में कोरोना वायरस की दस्तक, जानें-कानपुर, इटावा और फर्रुखाबाद का हाल
प्रमुख शहरों की जिला कारागार भी अब संक्रमण से अछूती नहीं रही है बचाव के प्रयासों के बावजूद कोरोना ने दस्तक दे दी है।

कानपुर में 14 अगस्त को जेल में पहुंचा कोरोना

कानपुर जिला कारागार में 14 अगस्त को कोरोना ने दस्तक दी थी। इसके बाद जब टेस्ट शुरू हुए तो एक तरह से जेल में कोरोन बम फूट गया। रविवार को 22, सोमवार को 18 और मंगलवार को 21 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें बंदी, बंदी रक्षक व जेल स्टॉफ शामिल हैं। जेल अधीक्षक आरके जायसवाल ने बताया कि जेल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 61 पहुंच गई है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केएस मिश्रा ने बताया कि पांच बंदियों को जिला कारागार से अस्पताल में भर्ती किया गया है।

इटावा की जेल में फूटा कोरोना बम

इटावा की जिला जेल में गुरुवार को 76 बंदी कोरोना संक्रमित निकलने से अफरा तफरी मच गई। जेल अधीक्षक आरके सिंह ने बताया कि सीएमओ व सीडीओ के निर्देशानुसार मरीजों के उपचार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि जेेल में एक बैरक को अस्थाई जेल बनाकर होम आइसोलेट कराया जाएगा। चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ की देखरेख के लिए मौजूद रहेगी। जिला जेल में 1650 बंदी हैं, करीब 200 बंदियों की जांच पिछले दो दिन पूर्व कराई गई थी। इस समय जनपद में कुल केस 1412 हो गए हैं, हालांकि एक हजार के लगभग केसों की रिकवरी भी हो चुकी है और 32 लोगों की मौत हो चुकी है।

फर्रुखाबाद जेल में कोरोना की दस्तक

फर्रुखाबाद में गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में नौ संक्रिमतों में एक जिला जेल का बंदी भी है। कोरोना ने जेल में दस्तक दे दी है। जनपद में अब संक्रमितों की संख्या 885 हो गई है, जबकि 646 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, वहीं 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *