नई दिल्ली. पाकिस्तान ने शनिवार को संघर्षविराम (सीजफायर) का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की, जिसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया, तीन नागरिक मारे गए और दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए.
शहीद जवान की पहचान सिपाही मंदीप सिंह के रूप में हुई है. वह पुंछ जिले के कृष्णा घाटी (केजी) सेक्टर में पाकिस्तानी गोलीबारी में शहीद हो गए.
जम्मू में जिला प्रशासन ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तीन नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है.पाकिस्तान की गोलीबारी के बीच बीते दो दिनों में सीमावर्ती गांवों के 10,000 से अधिक बाशिंदों को अपने मवेशियों, खेतों और घरों को छोड़कर गांवों से पलायन करना पड़ा है.जम्मू क्षेत्र में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. पुलिस ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा शुक्रवार को की गई गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि दो नागरिक मारे गए थे.
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘पाकिस्तान द्वारा संघर्षविराम का उल्लंघन सुबह 8.20 बजे किया गया. उन्होंने छोटे एवं स्वचालित हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया. हमारे जवानों ने करारा जवाब दिया. हालांकि, पंजाब से ताल्लुक रखने वाले सिपाही मनदीप सिंह (23) गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया.’
इससे पहले राज्य में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा की गई गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान और तीन नागरिक घायल हो गए थे. पुलिस सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि सीमा पर शनिवार को बढ़ी हिंसा में नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों सहित दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, अखनूर से लेकर आरएस पुरा तक पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंधाधुंध गोलाबारी और गोलीबारी कर भारतीय नागरिकों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया.
अधिकारी ने बताया कि परगवाल इलाके में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया, जबकि अखनूर सेक्टर के कानाचक में एक नाबालिग लड़की सहित तीन नागरिक घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Read More : फ़िल्म “गॉड सेक्स एंड ट्रुथ” राष्ट्रवादियों के निशाने पर
Leave a Reply