औरास : दो पक्षों में ईंट पत्थर चलने से चेयरमैन समर्थक व व्यवसायी सहित छह लोग घायल हो गए। चेयरमैन समर्थक विवादित जमीन पर बनी दीवार गिराना चाहते थे, जिससे मामला बिगड़ गया। मौके पर पहुंचे सीओ ने मामले की जांच की। शाम 6 बजे तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
बताते चलें कि नगर पंचायत द्वारा स्वीकृत बारात घर ठेकेदार द्वारा कस्बे के ही मोहल्ला ठकुरहना में भुंइयां देवी मंदिर के पास बनवाया जा रहा है। उसी के बगल में दुर्गा सोनी पुत्र राम सनेही का मकान है, जिसे पहले नगर प्रशासन द्वारा नगर की जमीन बता मकान का कुछ हिस्सा गिरा दिया गया था, उसके बाद मामला कोर्ट में चला गया। यथास्थिति बनाये जाने के निर्देश दिए गए थे, जिसमें दोबारा निर्माण कराने पर एसडीएम के आदेश पर ईओ ने दुर्गा सोनी व अन्य के खिलाफ पांच दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार सुबह उधर से निकले चेयरमैन ने दीवार उठी देख पूछताछ की तो इसी बात को लेकर चेयरमैन व व्यवसायी में कहा सुनी होने लगी तभी चेयरमैन ने अपने समर्थकों व पुलिस को फोन कर बात बताई जिस पर पचास से अधिक पहुंचे चेयरमैन समर्थकों ने दीवार गिरानी चाही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले जिसमें राम सनेही सोनी उसके पुत्र राजेश व उसके पारिवारिक सदस्य शुभम व गोलू के चोंटे आईं वहीं चेयरमैन के चालक कपिल सिंह, संतन व चेयरमैन के कुछ अन्य समर्थकों भी घायल हो गए। मामले में सीओ बांगरमऊ व थानाध्यक्ष राज बहादुर ने घटना स्थल पर जाकर विवादित जमीन को देखा तथा दोनों पक्षों को अपने अपने कागजात लाने की बात कही। थानाध्यक्ष राज बहादुर ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
Leave a Reply