कानपुर बीते तीन दिन की बारिश के बाद मंगलवार को मौसम साफ रहा, हालांकि अब अगले 24 घंटे में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। चटक धूप के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे और हवा भी सामान्य से तेज रहेगी। मौसम विभाग की मानें तो बारिश के आसार बन रहे हैं। मंगलवार को दिन भर धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा, अब बारिश से ही राहत की उम्मीद बनी है।

यूपी के मैदानी क्षेत्रों पर बनी मानसून की अक्षीय रेखा
आने वाले 24 घंटों में बारिश के आसार बन रहे हैं, मौसम में यह परिवर्तन बंगाल की खाड़ी चक्रवाती हवा के क्षेत्र के बनने से है, जो कि पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। मानसून की अक्षीय रेखा राजस्थान, अजमेर, ग्वालियर, वाराणसी और जमशेदपुर की ओर बन रही है। इसके उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों पर ठीक ठाक बारिश की संभावना है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे भागों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमी दिशा की ओर से बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से दूसरा सिस्टम सक्रिय हो गया है। दोनों ओर से बारिश के आसार हो रहे हैं।
यूं रहा तापमान
सीएसए के मौसम विभाग के अनुसान मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सिलयस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 83 प्रतिशत और न्यूनतम 67 फीसद रिकॉर्ड की गई। दक्षिण पश्चिम हवा की गति 4.0 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में बादल छाए रहेंगे और 27-30 अगस्त को बारिश की संभावना है।
Leave a Reply