गहलोत ने कसा तंज, कहा- किसे पता था सरकार गिराने की भोले चेहरे वाले ‘पायलट’ रचेंगे साजिश

[object Promise]

जयपुर। राजस्थान में जारी सियासी उठापटक के बीच  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर सचिन पायलट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा पायलट पिछले भाजपा के साथ मिलकर पिछले छह महीने से सरकार गिराने की साजिश कर रहे थे। कोई भी इस बात पर विश्वास नहीं करता था कि सरकार गिराने की कोशिश हो रही है। किसी को पता नहीं था कि इस तरह के मासूम चेहरे वाला व्यक्ति ऐसा काम करेगा।

बता दें कि बागी विधायकों को जारी अयोग्यता नोटिस पर राजस्थान हाई कोर्ट में सुनवाई जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महांती और न्यायमूर्ति प्रकाश गुप्ता कर रहे हैं। मामले में राजस्थान विधानसभा के स्पीकर का प्रतिनिधित्व कर रहे अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि स्पीकर के आदेश को केवल सीमित आधार पर चुनौती दी जा सकती है, लेकिन याचिका में उन आधारों का जिक्र नहीं है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बागी तेवर अपनाने के बाद कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई थी। बैठक में शामिल न होने पर पायलट गुट के विधायकों पर व्हिप उल्लंघन करने को लेकर कार्रवाई हुई। राज्य विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक में अनुपस्थित पायलट समेत 19 विधायकों को सदस्यता खत्म करने को लेकर नोटिस जारी किया था। इसके खिलाफ बागी विधायक हाई कोर्ट चले गए।

इसी बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सचिन पायलट को पटखनी देने के लिए अगले कुछ दिनों में विधानसभा सत्र बुलाने की तैयारी में हैं। इसी कड़ी में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से बातचीत की है। सत्र बुलाकर वह अपना बहुमत साबित करेंगे। शनिवार रात को राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात कर गहलोत ने उन्हें 102 विधायकों की सूची सौंपी थी। इस दौरान उन्होंने बहुमत होने का दावा भी किया था। इसके बाद रविवार को राज्यपाल ने अपने स्तर पर कानून के जानकारों से परामर्श किया।

Live Rajasthan Political Crisis

SOG को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नोटिस भेजा 

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘ राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने मेरे निजी सचिव के माध्यम से एक नोटिस भेजा है। नोटिस में, उन्होंने मुझे अपना बयान और आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने के लिए कहा है।

गहलोत समर्थक विधायकों का वीडियो

बता दें कि जयपुर के फेयरमोंट होटल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक विधायक मौजूद है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें सीएम गहलोत के साथ अन्य विधायक ‘हम होंगे कामयाब’ गाना गा रहे हैं।

नोटिस की संवैधानिकता नहीं- साल्वे

मामले में विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस को पायलट खेमे की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे और मुकुल रोहतगी ने हाई कोर्ट में चुनौती दी। साल्वे ने पिछली सुनवाई के दौरान कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान ही व्हिप मान्य होता है। इस सत्र के अलावा व्हिप मान्य नहीं होता। ऐसे में नोटिस देना या सदस्यता रद करने की मांग करना गलत है। उन्होंने कहा कि सदन के बाहर हुई कार्यवाही के लिए स्पीकर द्वारा नोटिस जारी नहीं किया जा सकता। नोटिस की संवैधानिकता नहीं है। उन्होंने दो जजों की बेंच गठित करने की मांग की। इससे पहले मामले की सुनवाई जस्टिस सतीश कुमार शर्मा की बेंच में हुई। सुनवाई शुरू होते ही हरीश साल्वे ने संशोधित याचिका पेश करने का समय मांगा। इस पर कोर्ट ने उन्हें समय दिया।

देर रात तावड़ू के रिजॉर्ट पहुंची एसओजी की टीम

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने  देर रात हरियाणा में तावड़ू के बेस्ट वेस्टर्न कंट्री क्लब में दस्तक दी।इसका मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। करीब 20 मिनट तक टीम गेट के बाहर खड़ी रही, लेकिन गेट नहीं खुला और टीम अंदर नहीं जा सकी। इसके कुछ देर बाद एसओजी की टीम वहां से निकल गई। होटल और रिजॉर्ट के आसपास पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय रहा।

इन विधायकों को नोटिस

सचिन पायलट के अलावा सदस्यता रद करने को लेकर विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, भंवरलाल शर्मा, , गजेंद्र सिंह शक्तावत, हेमाराम चौधरी, दीपेंद्र सिंह शेखावत, रामनिवास गावड़िया, इंद्रराज गुर्जर, मुरारीलाल मीणा, गजराज खटाणा,  पीआर मीणा, राकेश पारीक, वेद प्रकाश सोलंकी, सुरेश मोदी, मुकेश भाकर, हरीश मीणा, बृजेंद्र ओला व अमर सिंह शामिल हैं।

विधायकों की सदस्ता जाने से विधानसभा का समीकरण बदलेगा

पायलट समेत 19 विधायकों की अगर सदन की सदस्यता खत्म होती है, तो विधानसभा में समीकरण बदल जाएंगे। इसके बाद 200 सदस्यों वाली सदन में 181 सदस्य रह जाएंगे और बहुमत का आंकड़ा 92 होगा। फिलहाल कांग्रेस के पास 107 विधायक हैं।19 विधायकों की सदस्यता खत्म होने पर ये संख्या 88 हो जाएगी। उसे चार अन्य सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *