गर्मी के मौसम में विद्युत की मांग में बढ़ोत्तरी के दृष्टिगत बिजली के तारों व ट्रांसफार्मर आदि की मरम्मत का कार्य समय से सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

[object Promise]

लखनऊ: 18 मार्च, 2021

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि गर्मी के मौसम में विद्युत की मांग में बढ़ोत्तरी के दृष्टिगत बिजली के तारों व ट्रांसफार्मर आदि की मरम्मत का कार्य समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं की ओवर बिलिंग आदि विभिन्न समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करने के निर्देश देते हुये कहा कि इस कार्य के लिये आवश्यकतानुसार विशेष शिविर आयोजित किये जाएं।
[object Promise]

मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 22 मार्च, 2021 को विश्व जल दिवस है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान का शुभारम्भ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने इस सम्बन्ध में प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्रालय तथा ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभागों को एक कार्य योजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2025 तक भारत से क्षय रोग के उन्मूलन का संकल्प लिया है। इस कार्य में उत्तर प्रदेश की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आगामी 24 मार्च को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर प्रदेश में टी0बी0 उन्मूलन के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों के आयोजन पर बल देते हुये उन्होंने कहा कि इनके माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस रोग से बचाव के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री श्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक श्री हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 एवं सूचना श्री नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास श्री मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री श्री आलोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *