देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। देश के कुछ हिस्सों में कोरोना वॉरियर्स पर हमले की खबरें आई हैं। यूपी के मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन का पालन करवाने गई पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया तो बिहार के मधुबनी और मुंगेर में मेडिकल टीम पर हमला हुआ। इंदौर में तो डॉक्टरों की टीम पर पथराव तक किया गया है।
बुधवार को इंदौर में कुछ ऐसा ही वाकया देखने को मिला जब एक शख्स की जांच करने पहुंचे स्वास्थ विभाग की टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इंदौर के ताटपट्टी भक्खल में हेल्थ वर्कर कोरोना वायरस के फैलाव को देखते हुए एक शख्स की जांच करने गए थे। लेकिन स्थानीय लोगों ने उल्टे ही उनपर पथराव कर दिया। इस मामले में एक एफआईआर भी दर्ज की गई है। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां कोई भी कोरोना पीड़ित नहीं है।
#WATCH Madhya Pradesh: Locals of Tatpatti Bakhal in Indore pelt stones at health workers who were there to screen people, in wake of #Coronavirus outbreak. A case has been registered. (Note-Abusive language) (1.04.2020) pic.twitter.com/vkfOwYrfxK
— ANI (@ANI) April 1, 2020
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैद है। सभी लोग स्वस्थ रहें, इसलिए वर्दी में लोग दिन-रात सड़कों पर मुस्तैद हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कुछ लोगों को घरों में रहने की नसीहत इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल घायल हो गए हैं।
दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात में कई लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भी कई मस्जिदों में इसी तरह के जमात की खबरें आ रही हैं। ऐसी ही एक सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात मधुबनी पुलिस तहकीकात करने पहुंची थी। लेकिन मस्जिद में मौजूद लोगों ने पुलिस पर ना सिर्फ पथराव किया बल्कि फायरिंग भी कर दी। तबलीगी जमात समर्थकों के हमले के बाद बीडीओ और थानेदार वहां से जान बचाकर भाग निकले थे। लेकिन हिंसा पर उतारू हमलावरों ने प्रशासन की एक गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे तालाब में गिरा दिया। पुलिस में मामले में कार्रवाई करते हुए 15 लोगों के खिलाफ नामजद FIR करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को मुंगेर में संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए पहुंची मेडिकल टीम पर हमला हो गया। यहां एक बच्ची की मौत के बाद टीम उसके परिवार को होम क्वारंटीन में रखने और जांच के लिए गई थी। हंगामा होने के बाद जब पुलिस बुलाई गई थी तो उसकी गाड़ी पर भी स्थानीय लोगों ने पथराव किया। बिहार में कोरोना वायरस की जांच को लेकर पत्थरबाजी के कई मामले हो चुके हैं।
Leave a Reply