उपेंद्र कुशवाहा
कुशीनगर : में भीड़ के ‘इंसाफ’ पर सरकार ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। तरयासुजान के थानेदार को सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर सूचना के बावजूद घटनास्थल पर देर से पहुंचने और हत्यारोपी को गुस्साई भीड़ से न बचा पाने का आरोप है।
गौरतलब है कि कुशीनगर के रामपुर बंगरा गांव में सोमवार की सुबह एक शिक्षक की गोली मारकर हत्याकर दी गई। हत्या के बाद आरोपी शिक्षक के घर की छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग करने लगा। इस दौरान गांववालों ने उसे घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस काफी देर सो घटनास्थल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तरया सुजान ने थानेदार ने हत्यारोपी को सरेंडर के लिए मजबूर कर दिया था। उसने असहला रखकर सरेंडर के लिए हाथ भी खड़े कर दिए। इसके बाद एसओ उसके करीब पहुंचे और अपनी कस्टडी में भी ले लिया था। लेकिन तब तक भीड़ बेकाबू हो गई। उग्र भीड़ ने हमला कर हत्यारोपी को मार डाला। एसओ और उनकी टीम भीड़ से उसकी जान नहीं बचा सकी।
यह वीडियो सामने आने के बाद एसपी विनोद कुमार मिश्र ने एसओ तरया सुजान इंसपेक्टर हरेन्द्र मिश्र को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने कहा कि घटना की छानबीन करते समय एक नया वीडियो प्रकाश में आया। जिसमें यह स्पष्ट हो रहा है कि प्रभारी निरीक्षक तरया सुजान पुलिस बल के साथ अभियुक्त को अभिरक्षा में लेने के बावजूद उसकी सुरक्षा नहीं कर सके। इसके लिए उन्हें उत्तरदायी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
वीडियो से स्पष्ट है कि जब तक एसओ और उनकी टीम ने हमलावर को अभिरक्षा में लेकर उसका असलहा कब्जे में नहीं लिया था, भीड़ दूर थी। उसका असलहा छीनते ही आक्रोशित भीड़ हमलावर पर टूट पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस टीम मौजूद रही होती तो शुरुआती दौर में ही स्थिति नियंत्रित की जा सकती थी।
शिक्षक की मां और एसओ ने दर्ज कराए मुकदमे
एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक की हत्या के मामले में उनकी मां रामदेई देवी ने गोरखपुर के नंदानगर दरगहिया निवासी आर्यमन यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरा मुकदमा, एसओ तरया सुजान इंसपेक्टर हरेन्द्र मिश्र की तहरीर पर हमलावर आर्यमन यादव की हत्या का दर्ज हुआ है। एसओ इस मुकदमे में वादी के साथ ही प्रत्यक्षदर्शी भी हैं। उन्होंने तहरीर में कहा है कि भीड़ ने उनके सामने आरोपी को मार डाला। यह मुकदमा अज्ञात भीड़ के खिलाफ दर्ज किया गया है।
Leave a Reply