[object Promise]
कुशीनगर : कोरोना की वजह से पिछले सात महीने से बंद स्कूलों में सोमवार रौनक लौट आई। अनलॉक की प्रक्रिया के तहत सोमवार को कुशीनगर में स्कूल खुल गए। नौवीं से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए स्कूल आने और क्लास करने की इजाजत मिले गई। पडरौना शहर के बेलवा चुंगी स्थित बी.आई.सी स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं में इसका जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों के भी चेहरे खिले नज़र आए। पिछले सात महीने से थमी स्कूलों की दिनचर्या एक बार फिर पटरी पर लौटती दिखी। हालांकि पहले दिन बेहद कम संख्या में विद्यार्थी स्कूल पहुंचे हैं। विद्यार्थी,कर्मचारी,शिक्षक सभी ने मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में प्रवेश किया।
रविवार तक सोमवार से स्कूलों को खोलने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। बच्चे और अभिभावक भी लगातार विद्यालय प्रशासन से संपर्क कर विद्यालयों के खुलने के समय की जानकारी प्राप्त कर चुके थे। स्कूलों ने भी वाट्सअप के जरिए भी विद्यार्थियों को विद्यालय के समय और खुलने की जानकारी दे दी थी।
अभिभावकों की सहमति जरूरी
अभिभावक कोविड-19 के खौफ से अभी भी असमंजस में हैं कि वह अपने बच्चों को विद्यालय भेजे कि न भेजे। इसके लिए सरकार और प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि जो बच्चा विद्यालय आएगा उसे एक प्रोफार्मा अपने अभिभावक से भरवाकर लाना होगा। जिसमें उसे उसके अभिभावक द्वारा विद्यालय आने की अनुमति दी गयी है। उस फार्म को विद्यालय में जमा करने के बाद ही पढ़ने के लिए कक्षाओं में बैठने दिया जाएगा।
ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी
विद्यालयों के खोले जाने के निर्देश के साथ यह भी कहा गया है कि लॉकडाउन के दौरान जिस प्रकार से विद्यालयों की तरफ से ऑनलाइन कक्षाएं चलायी जा रही थीं वे चलती रहेंगी। जिन बच्चों के अभिभावक विद्यालय आने की अनुमति नहीं देंगे वे बच्चे घर से पढ़ाई कर सकेंगे।
19 अक्तूबर से कक्षा नौ से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही हैं। स्कूलों को कोविड-19 के नियमों का पूरा पालन करने का निर्देश दिया गया है। पूर्व की तरह ऑनलाइन कक्षाएं भी चलती रहेंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक, कुशीनगर
Leave a Reply