कानपुर,पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइड नंबर एक में गत्ते के वेयर हाउस में हीटर प्रेशर मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। सूचना पर फजलगंज और अन्य फायर स्टेशन से करीब नौ दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझाने में वेयर हाउस की दीवार गिरने और शीशा तोड़ने में दो दमकल कर्मी घायल हुए। एक को उपचार के लिए एलएलआर अस्प्ताल ( हैलट) भेजा गया।
गैस का दबाव अधिक होने से गिरी दीवार
पनकी साइड नंबर एक में अतिन कुमार गुप्ता का गत्ते का श्री बिहारी जी ओवरसीज के नाम से वेयरहाउस चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब 5.45 बजे हीटर प्रेशर मशीन से गत्ते के रोल की पैकिंग की जा रही थी। तभी अचानक मशीन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने पर यहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में कर्मचारियों ने माल बाहर निकालने और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए व कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद फजलगंज फायर स्टेशन से चार दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग लगने से गोदाम में गैस का दबाव अधिक हो गया। तभी अचानक वेयरहाउस के गेट के ऊपरी हिस्से की दीवार भरभराकर ढह गई। जिसकी चपेट में आने से दमकल जवान सदानंद घायल हो गए। फजलगंज फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्र ने जवानों की मदद से घायल जवान को निकाला और अपनी गाड़ी से एलएलआर अस्प्ताल ले गए। इधर शीशे का पार्टीशन तोड़ने के दौरान दमकल कर्मी सचिन कुमार का भी हाथ फट गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया था। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दो घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में अभी नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है।
Leave a Reply