कानपुर, जिले में तंत्र-मंत्र का चलन तेजी के साथ बढ़ रहा है। घाटमपुर की घटना के बाद सोमवार को पनकी में नर मुंडों के साथ तंत्र मंत्र की साधना का मामला सामने आने के बाद पुलिस की चिंता बढ़ गई है। एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को हिदायत दी है कि वह ऐसे लोगों की पहचान करें जो कि तंत्र मंत्र में शामिल रहते हैं।
पिछले महीने दीपावली के दिन घाटमपुर के एक गांव में एक 6 साल की बच्ची की केवल की हत्या कर दी गई थी क्योंकि निसंतान आरोपित को किसी ने बताया था की बच्ची का कलेजा खाने से उसे संतान की प्राप्ति हो सकती है। इस मामले में पुलिस चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.। आइजी मोहित अग्रवाल ने वारदात के बाद क्षेत्र में तांत्रिकों की लिस्ट बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। प्रकाश में आया था कि घाटमपुर और जनपद से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में तांत्रिकों का खासा प्रभाव है। कई गांव में तांत्रिक है जो कि बीमारी से लेकर तमाम मामलों में झाड़-फूंक का झांसा देकर लोगों को ठगते हैं। अब पनकी में जो मामला प्रकाश में आया है उसमें भी स्पष्ट तौर पर तंत्र मंत्र सामने आया है। जो नरमुंड मिले हैं सभी में सिंदूर आलता और काजल का प्रयोग पाया गया है। पुलिस भी मान रही है कि कब्रिस्तान से नरमुंड निकालकर इनका प्रयोग तांत्रिक साधना के लिए किया गया। पुलिस ने एक महिला को इस मामले में हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला के पास नरमुंड कहां से आए और इनका प्रयोग किसने किया। सूत्रों के मुताबिक जनपद के सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहर के नव विकसित बाहरी क्षेत्रों में भी तांत्रिकों का खासा प्रभाव है। डीआइजी प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि पनकी प्रकरण को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। उस व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की जा रही है जिसने तंत्र क्रिया के लिए नर मुंडों का प्रयोग किया था। पुलिस का अनुमान है कि उक्त व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
Leave a Reply