कांग्रेस के मंत्रियों को पूरे देश ने टीवी पर नोटों के बंडल लेते हुए देखा : वसुंधरा राजे

[object Promise]

जयपुर । चुनावी यात्रा पर निकलीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को जालौर जिले में अपनी सभाओं में कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश के तीन-तीन मंत्रियों को नोटों के बंडल लेते हुए पूरे देश ने टीवी पर देखा था। राजे ने सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया कि क्या वे ऐसे लोगों की सरकार बनाएंगे जिनका दीन-ईमान ही पैसा हो और जिनकी रग-रग में भ्रष्टाचार समाया हो।

राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे चरण में जोधपुर संभाग में घूम रही राजे शुक्रवार को जालौर जिले में थीं। आदिवासी बहुल इस जिले की एक सीट सांचेर कांग्रेस के पास है जहां राजे की यात्रा नहीं गई। राजे की सभाएं रानीवाड़ा, आहोर और जालौर में ही हुईं। इनमें राजे ने कहा कि एक तो कांग्रेस की सरकार थी जिसके मुख्यमंत्री दिल्ली, मुंबई और महानगरों में जाकर कहते थे कि हमारे पास विकास के लिए पैसा नहीं है।

हमारा प्रदेश कंगाल है। इसलिए हम राजस्थान का विकास नहीं करा सकते और दूसरी तरफ हमारी सरकार है जो कहती है कि हमारे पास पैसों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कमी पैसों की नहीं होती, कमी होती है सेवा भाव की और दृढ़ इच्छाशक्ति की। उस वक्त कांग्रेस सरकार के पास न दृढ़ इच्छाशक्ति थी और न ही सेवा भाव। हमारी सरकार में दृढ़ इच्छाशक्ति भी है और सेवा भाव भी।

सरकार की ओर से कराए जा रहे लाभार्थी सम्मेलनों पर कांग्रेस की आपत्ति का जवाब देते हुए राजे ने कहा कि हमारी सरकार मंच पर बुलाकर सरकारी योजनाओं के लाभान्वितों को सम्मान दे रही है, जबकि कांग्रेस लाभान्वितों के बारे में बयान देकर उनका अपमान कर रही है। प्रदेश में करोड़ों लाभार्थी हैं जिन्होंने करीब 165 सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में 50 साल तक कांग्रेस का शासन रहा इसके बावजूद कांग्रेस ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए सिर्फ बढ़-चढ़कर बातें ही कीं, लेकिन किया कुछ नहीं। जब कांग्रेस को पता लगा कि हमारी सरकार किसानों का 50 हजार रुपये तक का लोन माफ करने जा रही है तो उन्होंने कर्ज माफी को लेकर चुनाव से पहले आंदोलन किया।

राजे ने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि विकास की गाड़ी इन साढ़े चार सालों में पटरी पर आई है। विकास की तेज दौड़ती हुई इस गाड़ी को पटरी पर से नहीं उतारे, इसे और दौड़ने दें ताकि राजस्थान भी गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह विकास की दौड़ में आगे निकल सके।

आज बाड़मेर में यात्रा

राजे की जोधपुर संभाग की यात्रा अब तक शांतिपूर्ण रही है। अब यात्रा का सबसे अहम पड़ाव आज शनिवार को बाड़मेर में रहेगा। यहां राजपूतों की ओर से विरोध की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते सभी जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सरकार के मंत्री और बड़े नेता पिछले तीन दिन से यहां पड़ाव डालकर यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *