जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि लोकतंत्र और संविधान आज खतरे में है। देश की सरकारी संस्थाएं खतरे में हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के 134 वां स्थापना दिवस पर बहुत-बहुत बधाई देते हुए कहा कि आज हमारे लिए बहुत ही गर्व और गौरव का दिवस है। कांग्रेस ने 134 साल पूरे कर दिए हैं, कांग्रेस ने त्याग बलिदान की कुर्बानी देकर देश को आजाद करवाया। महान नेताओं के विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस की नीति बनाई है।
यह बात मुख्यमंत्री गहलोत ने कांग्रेस के स्थापना दिवस पर आयोजित संविधान बचाओ फ्लैग मार्च को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि भाजपा का कार्य आग लगाने का रहा है। कांग्रेस का कार्य आग बुझाने का रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ कार्यकर्ताओं को दिलाई। इससे पहले प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि देश की शांति भंग हुई है उस कानून को केंद्र सरकार वापस ले, सोनिया गांधी के निर्देश पर पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता फ्लैग मार्च कर रहे हैं। इस मौके पर शहीद स्मारक से पीसीसी तक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फ्लैग मार्च में भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया। हमारी सरकार का एक साल पूरा हो गया है। हम प्रदेश के सात करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर मंत्री शांति धारीवाल, गोविन्द्र सिंह डोटासरा, प्रताप सिंह खाचरियावास, भंवरलाल मेघवाल आदि नेता मौजूद थे।
Leave a Reply