कश्मीर में शादी करने वाली मेरठ की युवती ने कहा- ससुराल में हथियारों के साथ आते हैं संदिग्‍ध लोग, बताई घटना

मेरठ, इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद कश्मीर के युवक से शादी करने वाली मेरठ की युवती ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके ससुराल (कश्‍मीर) में अत्‍याधुनिक हथियारों के साथ संदिग्‍ध लोगों का आना जाना लगा रहता है। कहा कि ससुराल आने पर जेठ ने उसे गोली मरवाने की धमकी दी है। महिला ने कई और आरोप लगाए हैं।

नौचंदी थानाक्षेत्र निवासी मुस्लिम समुदाय की युवती ने बताया कि तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती कश्मीर के बारामूला निवासी उसी के समुदाय के युवक से हो गई। स्वजन ने इसी साल फरवरी में दोनों का निकाह करा दिया। युवती के मुताबिक, निकाह के बाद वलीमा का आयोजन किया गया जिसमें कई ऐसे संदिग्ध चेहरे दिखे जिनके पास हथियार थे।

आरोप लगाया कि ससुराल में ऐसे लोगों का आना जाना भी लगा रहता है। बताया कि एक माह कश्मीर में रहने के बाद वह मेरठ आ गई। मार्च में लाकडाउन हो गया। इसी बीच उसके पिता की मृत्यु हो गई, जिससे ससुराल वापस नहीं गई। इसको लेकर फोन पर दंपती में कलह भी हुई। दस दिन पहले पति से बातचीत हुई तो उसने प्लेन का टिकट बुक करा दिए। बताया कि शुक्रवार को कश्मीर जाने के लिए वह दिल्ली एयरपोर्ट जा रही थी। उसी समय जेठ का फोन आया।

आरोप है कि जेठ ने धमकी दी कि यदि यहां आई तो संदिग्धों से गोली मरवा दी जाएगी। इससे घबराकर वह भाई के साथ पुलिस कार्यालय पहुंच गई। युवती ने बताया कि जनसुनवाई कर रहे एसपी क्राइम से मुलाकात नहीं हो सकी। पुलिसकर्मियों ने शनिवार को आने के लिए कहा है। एसपी क्राइम राम अर्ज का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *