कर्नाटक सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार पर येदियुरप्पा बोले, दो-तीन दिनों में होगा फैसला

[object Promise]
[object Promise]
कर्नाटक में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार पर मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेताओं से बात की है और अगले दो-तीन दिनों में इस पर फैसला लिया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की थी।

बेंगलुरु, एजेंसियां। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने पार्टी नेताओं से बात की है और अगले दो-तीन दिनों में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार पर फैसला लिया जाएगा। येदियुरप्पा ने कहा कि वह इस संबंध में पार्टी कार्यकर्ताओं के फैसले का पालन करेंगे। येदियुरप्पा ने राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने पार्टी के नेताओं के साथ बात की है। दो-तीन दिनों में जानकारी मिल जाएगी, जो कुछ भी तय होगा, मैं उसका पालन करूंगा।’

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की थी। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए, उन्होंने कहा: ‘मंत्रिमंडल विस्तार पर एक चर्चा हुई। इसे लेकर अगले दो से तीन दिनों में उनके (जेपी नड्डा) द्वारा मंजूरी दे दी जाएगी। हमने राज्य के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की है।  वह उप मुख्यमंत्री गोविंद करजोल के साथ नड्डा से मिलने दिल्ली पहुंचे थे।

34 सदस्यीय मंत्रालय में से 7 पद रिक्त

34 सदस्यीय मंत्रालय में से 7 पद रिक्त हैं। राज्य के पर्यटन मंत्री पद से सीटी रवि ने जेपी नड्डा द्वारा पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। नड्डा ने येदियुरप्पा को यह भी सूचित किया कि वह दिसंबर में अपने राष्ट्रव्यापी दौरे के तहत कर्नाटक का दौरा करेंगे। राज्य में कोरोना वायरस महामारी के कारण तीसरे कैबिनेट विस्तार में महीनों की देरी हुई है और फिर दो विधानसभा सीटों पर 10 नवंबर को उपचुनाव हुए। दोनों सीटों पर भाजपा को जीत मिली। इसके बाद येदियुरप्पा ने मंत्रीमंडल में फेरबदल के संकेत दिए थे।

उमेश कट्टी जैसे कई पुराने नेता बन सकते हैं मंत्री

आठ बार के विधायक उमेश कट्टी जैसे कई पुराने नेता मंत्रालय में शामिल होने के लिए मौके का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस-जेडीएस से बगावत करने वाले और भाजपा को सत्ता में वापसी कराने में मदद करने वाले एएच विश्वनाथ, आर शंकर और एमटीबी नागराज भी अब पार्टी के एमएलसी हैं। ये नेता भी मंत्री पद के लिए इच्छुक हैं। येदियुरप्पा को उपचुनाव में राजाराजेश्वरी नगर सीट से जीत दर्ज मुनिरत्न को भी जगह देनी होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *