नई दिल्ली. मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर बीजेपी एक नए नारे ‘साफ नियत, सही विकास’ के नारे के साथ आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल भी फूंकेगी.
केंद्र की एनडीए सरकार अपने चार साल पूरे करने पर ‘मंज़िल आ रही है पास, देश का बढ़ता जाता विश्वास, साफ नियत, सही विकास’ को थीम के तौर पर पेश करेगी.
बीजेपी के चार साल पूरे होने के साथ ही राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव हैं बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साफ छवि और उनके विकास के एजेंडे को भुनाने की कोशिश करेगी.
इसके बाद ही लोकसभा चुनाव होने हैं और पार्टी के लिये ये एक अच्छा मौका होगा जब बीजेपी विपक्ष को मात देने के लिये मोदी सरकार के अच्छे कामों को लेकर जनता के बीच जाएगी.
सरकार चार साल पूरे होने के मौके पर मीडिया ईवेंट भी आयोजित करेगी जिससे कि सरकार के चार सालों के कामों को जनता के बीच लेकर जाया जा सके. ऐसी खबरें हैं कि सरकार 25 से 28 मई के बीच केंद्रीय मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और सरकार के कामों के बारे में लोगों को जानकारी देंगे. साथ ही सरकार की नीतियों को जनता में लेकर जाएंगे.
क्योंकि इसके बाद लोकसभा चुनाव हैं और दोबारा सत्ता में वापसी की महत्वाकांक्षा मोदी सरकार रखती है. ऐसे में अखबारों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्तंभकारों से भी केंद्रीय मंत्री चर्चा करेंगे और सरकार का पक्ष रखेंगे.
इसके अलावा सरकार दिल्ली में चार साल पूरे करने के कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही विभिन्न राज्यों के प्रमुख शहरों में प्रेस से मुलाकात भी करेंगे.
कार्यक्रमों में सरकार गरीबी को दूर करने के लिये उठाए गए कदम, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के बारे में जनता को जानकारी देगी.
इसके अलावा सोशल मीडिया जिसमें ब्लॉग्स भी शामिल हैं पर भी सरकार की उपलब्धियों को गिनाएगी ताकि लोगों को इसकी जानकारी हो.
पीएम मोदी ने 2014 के चुनावों के बाद 26 मई, 2014 को अपना पद संभाला था. इस दौरान सभी दलों के नेता और सार्क देशों के नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे.
मोदी सरकार किसान हितैषी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई. शाह ने कहा कि मोदी सरकार ऐसे समय में सत्ता में आई जब लोगों ने सोचना शुरू कर दिया था कि क्या बहुदलीय लोकतंत्र असफल हो गया है, लेकिन मोदी सरकार ने लोगों में उम्मीद की एक नई भावना का संचार किया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में ठोस कदम उठाए हैं.
स्वच्छता अभियान में तेजी आई
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक प्रस्तुति दी जिसका मूल वाक्य ‘‘बदलते भारत के 48 महीने’’ था. सीतारमण ने कहा कि सरकार के 4 साल के कार्यकाल में देश में स्वच्छता अभियान 2014 में 38 फीसदी से बढ़कर 2018 में 83 फीसदी हो गया, जिसमें 7.25 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण किया गया. उन्होंने कहा कि 3.6 लाख गांवों को खुले में शौच मुक्त घोषित किया गया.
किसान की आय दोगुना करने के कदम उठाए
सीतारमण ने कहा कि 31.52 करोड़ से ज्यादा जन धन खाते खोले गए और 5.22 करोड़ परिवारों को 330 रुपए के वार्षिक प्रीमियम पर दिए गए जीवन बीमा कवर से फायदा हुआ. उन्होंने कहा कि 2013-2017 के बीच वर्तमान मूल्यों में भारत के जीडीपी में 31 फीसदी बढ़ोतरी हुई जबकि इसी अवधि में वैश्विक बढ़ोतरी चार फीसदी रही. उन्होंने किसानों की आय दोगुना करने और महिला सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सुषमा स्वराज सहित कई अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे.
Leave a Reply