आपा खो रहे दुष्कर्म की घटनाओं पर लोग, वकीलों ने इंदौर में तो केरल में भीड़ ने की पिटाई

[object Promise]

इंदौर। हैदराबाद और उन्नाव की घटनाओं ने लोगों में गुस्सा भर दिया है। वे आपा खो रहे हैं। इंदौर में भी एक मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को लेकर रोष व्याप्त है। आरोपी को शनिवार को जब महू न्यायालय लाया गया तो उसे देखते ही वकील भडक़ उठे और उन्होंने उसकी जमकर पिटाई कर दी। रिमांड खत्म होने पर पुलिस आरोपी अंकित को लेकर जैसे ही कोर्ट पहुंची, तो वहां मौजूद वकीलों ने आक्रोशित होकर उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस ने जैसे-तैसे उसे बचाया। इस दौरान लोग आरोपी को भीड़ को सौंपने की मांग करते रहे। आरोप है कि अंकित 1 दिसंबर को माता-पिता के पास सो रही मासूम बच्ची को उठाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान बच्ची जब चीखी तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई। उसकी लाश दूसरे दिन पुलिस ने एक खंडहर से बरामद की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच की तो आरोपी की पहचान अंकित के रूप में हुई।

वह चाट का ठेला लगाता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस आरोपी को पकडऩे के दिन से लेकर सात दिन के भीतर चालान पेश कर ट्रायल शुरू करवाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है। मुख्य विवेचना अधिकारी एसडीओपी विनोद शर्मा को नियुक्त किया गया है। देश के विभिन्न हिस्सों में लोग दुष्कर्मियों को सबक सिखाने के लिए कानून अपने हाथ में लेने के लिए उतावले हैं। शनिवार को महू में भी आरोपी को देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

केरल में भीड़ ने दुष्कर्म के पूर्व आरोपी को पीटा

पलक्कड़। केरल में वालयार दुष्कर्म व हत्या मामले के एक पूर्व आरोपी पर शनिवार को लोगों की एक भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि व्यक्ति के चेहरे पर चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एम. मधु जनवरी 2017 में वालयार में 11 वर्षीय लडक़ी के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में तीसरा आरोपी था, मगर अदालत ने उसे इस साल अक्टूबर में सबूतों के अभाव में छोड़ दिया था।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, मधु हैदराबाद में हाल ही में हुए एनकाउंटर की घटना को लेकर कुछ लोगों के साथ गरमागरम बहस में शामिल हो गया। इन लोगों की बहस हिंसा में बदल गई, जिसके बाद दुष्कर्म के पूर्व आरोपी को बुरी तरह पीटा गया। इससे उसके चेहरे पर चोटें आई हैं। मधु की मां ने आरोप लगाया कि हमलावर भाजपा कार्यकर्ता थे। पुलिस ने कहा कि वे अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं कर सके हैं और उनकी जांच जारी है।

वालयार मामला जनवरी 2017 में सामने आया, जब एक 11 वर्षीय लडक़ी का शव उसकी नौ वर्षीय बहन ने अपने घर में पाया। इस घटना के दो महीने बाद छोटी बहन भी इसी तरह की परिस्थितियों में अपने घर में मृत पाई गई। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, मगर अदालत ने सबूतों के अभाव में अभियुक्तों को छोड़ दिया। अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ मामला साबित करने में विफल रहा था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *