आज दो दिवसीय दौरे पर ज्योतिरादित्य सिंधिया जाएंगे मध्यप्रदेश, सैकड़ों समर्थकों का कांग्रेस से इस्तीफा

आज दो दिवसीय दौरे पर ज्योतिरादित्य सिंधिया जाएंगे मध्यप्रदेश, सैकड़ों समर्थकों का कांग्रेस से इस्तीफा

भोपाल/नई दिल्ली। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। सिंधिया इस दौरे के दौरान राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, सिंधिया आज 3 बजे विमान से भोपाल जाएंगे, वे राजाभोज एयरपोर्ट से चलकर भाजपा कार्यालय जाएंगे। वहां पं. दीनदयाल उपाध्याय, विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं और माधवराव सिंधिया के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे।

बीजेपी कार्यालय में ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत कार्यक्रम आयोजन किया गया है। सिंधिया 13 मार्च को दोपहर 12 बजे फिर से भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने विधानसभा जाएंगे। उधर, ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने के बाद मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने पार्टी छोड़ना प्रारंभ कर दिया है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के सचिव सुनील तिवारी ने बताया है कि कांग्रेस को कुछ नेताओं ने अपनी संस्था बना लिया है। सिंधिया ने जब पार्टी और कार्यकर्ता के हित में आवाज उठाई तो उन्हें दबा दिया गया। इसका परिणाम पार्टी के सामने है। सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद से पार्टी में अफरा-तफरी मची हुई है। सिंधिया के समर्थक के तौर पर कांग्रेस के भीतर गिने जाने वाले कार्यकर्ता व नेता पार्टी को छोड़ रहे हैं।बीते 32 साल से कांग्रेस से जुड़े तिवारी ने अपने पद से इस्तीफा देने के साथ कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

इसी तरह कांग्रेस की सागर जिला इकाई के अध्यक्ष और सरकार में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के भाई हीरा सिंह राजपूत ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा घाटगे ने भी अपने पद और कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही भाजपा दफ्तर में पहुंचकर भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष डा अभिलाश पांडे की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *