आगरा, किरावली तहसील के पूर्व तहसीलदार राजू कुमार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश हुए हैं। राजस्व परिषद की आयुक्त और सचिव मनीषा त्रिघाटिया ने अपर आयुक्त प्रशासन साहब सिंह को जांच अधिकारी नामित किया है। डेढ़ माह पहले तहसीलदार ने दो फाइलों की दाखिल खारिज में तीन लाख रुपये की मांग की थी। इंटरनेट मीडिया पर आडियो वायरल होने के बाद डीएम प्रभु एन सिंह ने राजू कुमार को तहसीलदार पद से हटा दिया था। राजू कुमार को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया था। राजस्व परिषद की आयुक्त और सचिव ने बताया कि तहसीलदार राजू कुमार ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरती है। शिकायतों और आडिट की आपत्तियों का निस्तारण ठीक से नहीं किया है। घरौनी तैयार करने में सर्वे ठीक से नहीं किया गया। वादों के निस्तारण में भी ध्यान नहीं दिया गया।
डीएम की जांच में फंसे तहसीलदार
इंटरनेट मीडिया पर रिश्वत मांगने का आडियो वायरल हुआ था। डीएम प्रभु एन सिंह के आदेश पर तहसीलदार राजू कुमार के खिलाफ गोपनीय जांच हुई। जांच में राजू कुमार को दोषी पाया गया। सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार कानूनगो अर्जुन सिंह मीडिएटर थे। एंटी करप्शन ब्यूरो ने अर्जुन सिंह को वर्ष 2004 मेें तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगने पर गिरफ्तार किया था।
Leave a Reply