आप’ के अयोग्य ठहराए जा चुके विधायकों की लिस्ट में अब अलका लांबा (Alka Lamba) का भी नाम जुड़ गया है। दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly) अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने गुरुवार को ‘आप’ की बागी विधायक अलका लांबा को अयोग्य घोषित कर दिया। इसके साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई है। यह बीते 6 सितंबर से लागू होगी।
‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को की गई शिकायत और उनके समझ पेश प्रमाण के आधार पर यह फैसला लिया गया। चांदनी चौक विधानसभा सीट पर अब कोई विधायक नहीं है। फैसले पर अलका लांबा ने कहा कि अब उनका ‘आप’ के साथ सफर खत्म हो गया है। ‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज ने हमला बोलते हुए कहा कि अलका लांबा मौकापरस्त नेता हैं।
दरअसल, अलका लांबा कुछ समय से आम आदमी पार्टी के खिलाफ थीं। बीते दिनों ट्विटर पर सोनिया गांधी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए कांग्रेस ज्वाइन करने का दावा किया था। उनके कांग्रेस का दामन थामने पर उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने के लिए ‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए बीते 18 सितंबर को सुनवाई के लिए बुलाया था।
बीते बुधवार को हुई सुनवाई में अलका लांबा ने लिखित तौर पर ‘आप’ से इस्तीफे और कांग्रेस की सदस्यता लेने के आरोपों से इंकार कर दिया। मामले में गुरुवार को फिर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सौरभ भारद्वाज ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से मिली जानकारी के आधार बताया कि अलका लांबा इस्तीफा दे चुकी हैं। अपने फैसले में रामनिवास गोयल ने कहा है कि साक्ष्यों से साबित होता है कि अलका लांबा कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिली थीं।
साथ ही कांग्रेस की सदस्यता भी ले रही हैं। कांग्रेस को मजबूत करने की बात करके उन्होंने यह साबित कर दिया है कि वह स्वैच्छिक रूप से ‘आप’ को छोड़ चुकी हैं।
पत्र को आधार बनाया
फैसले में कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने ऐसे साक्ष्य दिए हैं, जिसमें वह ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से अपना इस्तीफा स्वीकार करने की बात कर रही हैं। इसके अलावा अलका लांबा को अयोग्य करार करने के लिए पंकज गुप्ता के लिखे पत्र को आधार बनाया गया है, जिसमें कहा गया कि अलका लांबा इस्तीफा दे चुकी हैं।
अयोग्य ठहराए जा चुके ‘आप’ के विधायक
| अयोग्य विधायक | विधानसभा सीट | दामन थामा |
| कपिल मिश्रा | करावल नगर | भाजपा |
| अनिल वाजपेयी | गांधी नगर | भाजपा |
| कर्नल देवेंद्र सेहरावत | बिजवासन | भाजपा |
| संदीप कुमार | सुल्तानपुर माजरा | —- |
| अलका लांबा | चांदनी चौक | कांग्रेस |
Leave a Reply