Category: uttar-pradesh

  • जनपद में कोविड-19 संक्रमण के नियंत्रण हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित

    जनपद में कोविड-19 संक्रमण के नियंत्रण हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित
    जनपद में कोविड-19 संक्रमण के नियंत्रण हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित

    रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

    सुलतानपुर। जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती की अध्यक्षता में आज पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार में कोविड-19 के संक्रमण पर नियंत्रण सम्बन्धी समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड की कान्टैक्ट टै्रसिंग, सर्विलान्स सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विशेष ध्यान दिये जायें तथा सुपरवाइजर नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में कान्टैक्ट ट्रैसिंग के लिये 05-05 टीमें लगायी गयी हैं, जो नियमित रूप से कार्य करेंगी तथा रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध करायेंगी। उन्होंने सर्विलान्स टीम द्वारा जॉच कराये जाने तथा होम आइसोलेशन निगरानी किये जाने के साथ-साथ मृत्यु आडिट के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेन्सिंग का अनुपालन, मास्क का प्रयोग, सेनेटाइजेशन तथा साफ-सफाई पर नियमित रूप से लोगों को ध्यान दिये जाने हेतु जागरूक करें।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) हर्षदेव पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सीबीएन त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल, चिकित्सा विभाग के नोडल अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

  • बेटी को बचाने पिता सामने आए तो हमलावरों ने कुल्हाड़ी मार कर दी हत्या

    कन्नौज छिबरामऊ में पानी भरने को लेकर हुए मामूली विवाद में पिता-पुत्र समेत चार हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला कर अधेड़ की हत्या कर दी। बचाने पहुंची पत्नी और दो बेटियों पर भी हमला कर दिया। तीनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है, जबकि आरोपित वारदात के बाद गांव से फरार हो गए। सूचना पर सीओ व थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

    बेटी को बचाने पिता सामने आए तो हमलावरों ने कुल्हाड़ी मार कर दी हत्या
    मृतक की पत्नी और दो बेटियां भी घायल घटना के बाद भाग निकले पिता-पुत्र समेत चार आरोपित।

    घर के अंदर दौड़ाते हुए पहुंचे थे हमलावर

    मामला कोतवाली छिबरामऊ की चौकी सिकंदरपुर के गांव चिलमिलैया का है। गांव निवासी रनवीर लोधी किसान हैं। शुक्रवार रात वह घर के अंदर मवेशी की चारे वाली नाद पर बैठे थे। उनकी 22 वर्षीय पुत्री माधुरी बाहर बंधी भैंस खोलकर अंदर लाने गई थी। इसी बीच माधुरी की गांव के ही श्याम बाबू से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि श्याम बाबू ने पिता, चाचा और भाई के साथ धारदार हथियार लेकर माधुरी को दौड़ा लिया। बचने के लिए वह घर के अंदर आ गई तो आरोपितों ने घर के अंदर ही उसे जमकर पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए। जब पिता रनवीर ने विरोध किया तो हमलावरों ने उनकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर छोटी पुत्री मंजू व पत्नी श्री देवी बचाने पहुंची तो हमलावरों ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। कमर में कुल्हाड़ी लगने से मंजू भी घायल हो गई। ग्रामीणों को आता देख आरोपित मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रनवीर को मृत घोषित कर दिया गया। वही मंजू, माधुरी व श्रीदेवी का उपचार चल रहा है।

    23 जुलाई को हुआ था विवाद

    घायल माधुरी ने बताया कि 23 जुलाई को हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। वहां श्याम बाबू उर्फ पन्ने नहा रहे थे। उसने खाना बनाने के लिए पानी ले जाने की बात कहकर धीमे से नहाने को कहा। इस पर आरोपित ने अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट की थी। स्वजन के साथ भी मारपीट की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज है। इसी बात को लेकर आरोपित रंजिश मान रहे थे। लगातार धमकी भी दे रहे थे। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि पानी भरने को लेकर पहले विवाद हुआ था। शुक्रवार रात को आरोपितों ने फिर से हमला कर दिया। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

  • फैशन की दुनिया में तहलका मचा देंगे बांस से बने पैंट-शर्ट, साड़ी और चादर, कई खूबियां हैं इनमें

    कानपुर रोजाना बदलती फैशन की दुनिया में बहुत जल्द बांस से बने पैंट-शर्ट, साड़ी आैर चादर तहलका मचाने आने वाले हैं। कई खूबियों वाला ये कपड़ा शरीर के लिए आरामदायक और पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा। आइआइटी दिल्ली के पुरातन छात्र अनुभव मित्तल और उनकी पत्नी विभा मित्तल ने आइआइटी कानपुर के इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेल के सहयोग से बांस के फाइबर से कपड़ा बनाने में सफलता पाई है।फैशन की दुनिया में तहलका मचा देंगे बांस से बने पैंट-शर्ट, साड़ी और चादर, कई खूबियां हैं इनमें

    अभी छोटे स्तर पर शुरू किया उत्पादन

    बांस के फाइबर से निर्मित कपड़े से पैंट-शर्ट, साड़ी और बेड-शीट, चादर आदि भी बनाए जा सकेंगे। एंटी बैक्टीरियल तत्वों की मौजूदगी के कारण इनमें पसीने की बदबू भी नहीं आएगी। ये पॉलीएस्टर के बेहतर विकल्प संग फैशनेबल भी होंगे। अनुभव ने वर्ष 2002 में टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी से बीटेक किया है, जबकि उनकी पत्नी विभा एनआइएफडी दिल्ली से पासआउट हैं।

    इसलिए डिजाइनिंग व फैशन के लिहाज से कपड़े और बेहतर होंगे। उनके मुताबिक, बायोमाइज नाम से कंपनी पंजीकृत कराकर फार्मूले को पेटेंट कराने के साथ छोटे स्तर पर उत्पादन भी शुरू कर दिया है। फैशन क्षेत्र से जुड़ी देश व विदेश की कई नामी कंपनियों से करार हो चुका है। कोरोना संक्रमण से निजात मिलते ही उत्पादन तेजी से होगा।

    कॉटन के मुकाबले थोड़े महंगे

    अनुभव बताते हैं, बांस का फाइबर भी सिंथेटिक फाइबर की तरह है। इसे कॉटन और नेचुरल फाइबर के साथ आसानी से मिक्स कर सकते हैं, जबकि पॉलीएस्टर प्लास्टिक से तैयार होने के कारण पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इसीलिए बांस के फाइबर से निर्मित कपड़ों की फैशन के क्षेत्र में काफी मांग है। बस, कॉटन के मुकाबले इसके कपड़े कुछ महंगे होंगे।

    कपड़े की खूबियां

    • एंटी बैक्टीरियल होने के चलते सेहत के लिए फायदेमंद होंगे।
    • कपड़ों से पसीने की बदबू नहीं आएगी।
    • रिंकल फ्री होंगे, जिनकी वर्तमान में अधिक है मांग।
    • कॉटन की तरह कपड़े हवादार और राहत भरे होंगे।
    • शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।

    अनुभव की यह हैं उपलब्धियां

    • कोरिया में के-स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज 2020 में दुनिया भर के नामी स्टार्टअप में चुना गया।
    • नीदरलैंड की संस्था फैशन फॉर गुड ने ईको फ्रेंडली कार्य कर रहीं दुनिया की 21 कंपनियों में शामिल किया।
    • सरकार के आत्म निर्भर कृषि अभियान में भी शामिल हुई।

  • कोरोना पॉजिटिव हुए राम जन्मभूमि ट्र्स्ट के अध्यक्ष, मथुरा डीएम बोले…

    कोरोना पॉजिटिव हुए राम जन्मभूमि ट्र्स्ट के अध्यक्ष, मथुरा डीएम बोले…

    नई दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की गुरुवार को अचानक तयत खराब हो गयी है। जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा आए हुए हैं और शहर के सीताराम मंदिर में रुके हैं। उनके स्वास्थ्य के खराब होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंदिर पहुंचकर जांच की। डीएम सर्वज्ञराम मिश्र और मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी महंत का हाल जानने पहुंचे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने महंत नृत्यगोपालदास के स्वास्थ्य का विवरण लिया है। योगी आदित्यनाथ ने डीएम मथुरा और मेदांता के ड़ त्रेहन से बात की और अस्पताल में उनके लिए तत्काल चिकित्सा ध्यान देने का अनुरोध किया।
    महंत के एक शिष्य ने बताया कि खांसी जुकाम के चलते महाराज की तबीयत नासाज हो गई। फिलहाल स्वास्थ विभाग की टीम ने चेकअप किया है। टीम चेकअप में जुटी हुई है। स्वास्थ विभाग की टीम के चेकअप के बाद ही साफ हो सकेगा। चिकित्सकों ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास को हल्का बुखार और खांसी थी। सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उन्हें दवा दी गयी है और अब बुखार उतर गया है। खांसी में भी आराम है।
    श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जन्माष्टमी के अवसर पर वह बुधवार रात श्रीष्ण जन्मस्थान पर आयोजित प्राकट्योत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हर बार वह इस आयोजन में शामिल होते हैं। इस बार वह बाल गोपाल के अभिषेक के लिए अयोध्या से पवित्र सरयू जल भी लेकर गए थे।
    इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने महंत नृत्य गोपाल दास, उनके समर्थकों और मथुरा के जिलाधिकारी से बात की है। उन्होंने कहा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के कोरोना संक्रमित होने की सूचना प्राप्त हुई। उन्हें त्वरित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मेदांता अस्पताल के डॉ.नरेश त्रेहन से वार्ता की है। प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है।

  • कोरोना से वाराणसी में अतिरिक्त सीएमओ की मौत, दूसरे का शव दिया परिजनों को

    कोरोना से वाराणसी में अतिरिक्त सीएमओ की मौत, दूसरे का शव दिया परिजनों को

    वाराणसी। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक चौंकाने वाली घटना हुई, यहां अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी की मौत के बाद उनके परिजनों को दूसरे व्यक्ति का शव सौंप दिया गया। अधिकारी की मौत कोरोनावायरस के कारण हुई थी। एसीएमओ डॉ. जंग बहादुर सिंह की मंगलवार देर रात मौत हो गई थी और बुधवार को उनके परिवार को उनका शव सौंपा गया। शव को बॉडी बैग में रखा गया था। जब परिजन शव का दाह संस्कार करने के लिए हरीश्चंद्र घाट पर ले गए और जैसे ही परिजनों ने चिता को अग्नि दी, वहां गाजीपुर के एक कोविड-19 रोगी के परिजन आ गए। उस रोगी की उसी दिन मृत्यू हो गई थी और उसका शव एसीएमओ के परिवार को सौंप दिया गया था।
    यह सुनते ही एसीएमओ के परिवार ने आंशिक रूप से जले हुए शरीर का चेहरा देखने के लिए रैपर को हटाया और वे यह देखकर चौंक गए कि यह शव डॉ. सिंह का नहीं था।
    बाद में गाजीपुर के रोगी के परिजनों ने उसके शव की आगे की दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। वहीं डॉ. सिंह के परिजन उनका अंतिम संस्कार करने के लिए उनका शव लेने फिर से मरर्चुी में गए।
    बता दें कि जिले के सभी कोविड अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संभालने वाले एसीएमओ खुद बीमार पड़ गए थे और उन्हें एक सप्ताह पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
    जिला मजिस्ट्रेट कौशल राज शर्मा ने कहा, “दो दिन पहले किया गया उनका कोरोना परीक्षण निगेटिव आया था लेकिन जब उनका दोबारा परीक्षण किया गया तो वे पॉजिटिव पाए गए।”
    इसके बाद उन्हें बीएचयू अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया था, जहां मंगलवार देर रात उनका निधन हो गया।
    जिला प्रशासन के आधिकारिक बयान के मुताबिक, गाजीपुर के एक कोविड -19 मरीज का शव भी बीएचयू के शवगृह में एसीएमओ के शव के साथ रखा गया था। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार, दोनों की बॉडी को रैपर से पैक किया गया था, जिसके कारण गड़बड़ी हो गई।

  • किशोर न्याय बोर्ड तय करेगा खुशी नाबालिग या बालिग, वकील ने रखे ये तर्क

    कानपुर बिकरू कांड के बाद मुठभेड़ में मारे जा चुके अमर दुबे की पत्नी खुशी नाबालिग है या बालिग, इसका फैसला अब किशोर न्याय बोर्ड करेगा। स्वजन ने उसके नाबालिग होने का दावा कर एंटी डकैती कोर्ट में शैक्षिक प्रमाणपत्र दाखिल करते हुए पुलिस पर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। इसपर विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र राम किशोर ने सुनवाई करते हुए मामला किशोर न्याय बोर्ड को भेजा है। अब बोर्ड उसके बालिग या नाबालिग होने पर फैसला लेगा, जिसपर सुनवाई अगले सप्ताह होगी।किशोर न्याय बोर्ड तय करेगा खुशी नाबालिग या बालिग, वकील ने रखे ये तर्क

    अच्छे नंबरों से पास होती रही है खुशी

    खुशी के पिता श्यामलाल तिवारी ने बुधवार को विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। इसमें उन्होंने कहा है कि वह खुशी के पिता और मुकदमे में पैरोकार हैं। बेटी के खिलाफ गलत तथ्यों पर चौबेपुर पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है, जिससे वह आठ जुलाई 2020 से जेल में है। बेटी ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की है। अच्छे नंबरों से पास होती रही। सरस्वती प्राथमिक विद्यालय रतनपुर शास्त्री नगर से कक्षा पांच और आठ की परीक्षा पास की, जबकि नौ और दस की शिक्षा शहीद चंद्रशेखर आजाद इंटर कालेज रतनपुर कालोनी पनकी से ग्रहण की। सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां भी उन्होंने कोर्ट में दाखिल की हैं।

    कहा है कि उसकी जन्मतिथि 21 अगस्त 2003 है। इसके हिसाब से घटना के वक्त उसकी आयु 16 साल 10 माह 12 दिन थी। यह आयु किशोर की श्रेणी में आती है। पुलिस ने बेटी को आइपीसी की धारा 147, 148, 149, 302, 307, 394, 120-बी और सेवन सीएलए के तहत जेल भेजा है। जांच कर उसको किशोर घोषित करने की मांग उन्होंने अदालत से की।

    कोर्ट ने पूछा पुलिस को क्यों नहीं बताया?

    खुशी के पिता के कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र पर सुनवाई शुरू करने से पहले विशेष न्यायाधीश ने पूछा, इसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी। इस पर उनके अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने उत्तर दिया कि पुलिस ने गिरफ्तारी की कोई सूचना परिवार वालों को नहीं दी थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्णीत केस डीडी बसु का हवाला दिया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि किसी की भी गिरफ्तारी के तत्काल बाद उसके परिवार अथवा निकट संबंधी को सूचना देना अनिवार्य है। तर्क दिया कि पुलिस ने मामले में इसका पालन नहीं किया है। यदि करती तो उसी वक्त खुशी के नाबालिग होने की जानकारी दे देते।

    शादी का मुद्दा भी उठा

    खुशी को नाबालिग घोषित करने के प्रार्थना पत्र पर सहायक शासकीय अधिवक्ता ने सवाल उठाया कि फिर शादी कैसे कर दी गई? इस पर अधिवक्ता ने जवाब दिया कि यह पुलिस की विवेचना का विषय है। विकास दुबे के दबाव में खुशी की जबरन शादी की बात को लेकर पुलिस जांच भी कर रही है। वैसे, जबरन शादी की बात सामने आने के बाद खुशी का अमर दुबे के साथियों के साथ डांस करते वीडियो भी वायरल हुआ था।

  • जान को विधायक विजय मिश्रा ने खतरा बताया, पुलिस ने किया इनकार

    जान को विधायक विजय मिश्रा ने खतरा बताया, पुलिस ने किया इनकार

    भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा है कि पूर्वाचल के कई माफिया और सियासी धुर विरोधी साजिश रच रहे हैं। पंचायती चुनाव में कब्जा करने के लिए भदोही पर सबकी निगाह है। उधर, भदोही पुलिस ने ट्विटर पर बयान जारी कर कहा, “विधायक विजय मिश्र द्वारा 13 अगस्त को एक वीडियो जो असत्य तथ्यों को आधार बनाकर अपने आपराधिक कृत्यों से ध्यान भटकाने तथा जनता में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से जारी किया गया। उनके विरुद्ध 73 अभियोग दर्ज हैं। सुरक्षा के लिए उन्हें गनर दिया गया है। वीडियो में लगाए गए आरोप असत्य और निराधार हैं।”

    विधायक विजय मिश्रा ने कहा, “मेरी पत्नी रामलली और बेटे विष्णु को फर्जी मामले में फंसाया जा रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है, क्योंकि वह ब्राह्मण होकर चार बार से विधायक हैं।”

    मिश्रा वीडियो में यह कहते दिख रहे हैं कि उनके साथ ये सब इसलिए हो रहा है, ताकि बनारस या चंदौली का कोई माफिया यहां आकर चुनाव लड़ सके। बलिया के किसी बेटे को चुनाव लड़ाने की बात भी कर रहे हैं, इसीलिए उनकी हत्या कराई जा सकती है।

    दरअसल, विधायक पर उनके रिश्तेदार धनापुर गांव निवासी कृष्णमोहन तिवारी ने जबरन घर में रहने और वसीयत बनाकर उनकी संपत्ति अपने बेटे के नाम करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तिवारी ने विधायक, उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा और पुत्र विष्णु मिश्र पर गोपीगंज थाने में 7 अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया है।

  • मायावती ने अपनी प्रतिमा स्थापित करने पर सफाई देते हुए कहा कि मीडिया का दृष्टिकोण नस्लवादी है

    मायावती ने अपनी प्रतिमा स्थापित करने पर सफाई देते हुए कहा कि मीडिया का दृष्टिकोण नस्लवादी है

    लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उप्र की राजधानी लखनऊ के ‘प्रेरणा केंद्र’ में उनकी प्रतिमा लगाए जाने पर सफाई दी है और इससे संबंधित खबरें मीडिया में दिखाए जाने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए कहा है, “इसे गलत तरीके से दर्शाया जा रहा है। मीडिया को अपनी जातिवादी मानसिकता बदलनी चाहिए।” मायावती ने गुरुवार को ट्विटर पर लिखा, “जैसा कि सर्वविदित है कि अपने देश में सरकारी, गैर-सरकारी व सार्वजनिक स्थानों-स्थलों पर जो मूर्तियां आदि लगी होती हैं, उनकी साफ-सफाई, मरम्मत व रखरखाव पर पूरा ध्यान नहीं दिया जाता है, जिनकी स्थिति फिर धीरे-धीरे काफी खराब हो जाती है, जिसे जनता कतई पसंद नहीं करती है।”

    उन्होंने आगे लिखा, “बीएसपी इस मामले में अपनी सरकार में सरकारी स्थानों-स्थलों पर ही नहीं, बल्कि अपने प्राइवेट घरों-स्थानों पर भी लगी मूर्तियों व फव्वारों आदि की साफ-सफाई, मरम्मत व रखरखाव आदि पर भी हमेशा विशेष ध्यान देती है, जो कि जग-जाहिर है। इसी क्रम में प्राइवेट व गैर-सरकारी लखनऊ प्रेरणा केंद्र में जो यह सब कार्य चल रहा है, जिसे कुछ मीडिया गलत तरीके से दर्शा रहे हैं, उन्हें अपनी जातिवादी मानसिकता में जरूर कुछ बदलाव लाना चाहिए। यही बेहतर होगा।”

    मीडिया रिपोर्ट और वायरल वीडियो के मुताबिक, लालबहादुर शास्त्री मार्ग पर बसपा सरकार के समय बने प्रेरणा स्थल में मायावती की प्रतिमाएं लगाने का काम चल रहा है। र्पिोट के अनुसार, मायावती की तीन प्रतिमाएं प्रेरणा स्थल पर लगाई जा रही हैं। सफेद संगमरमर से बनी तीन मूर्तियों को यहां स्थापित किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इसका काम कई साल से चल रहा था, लेकिन जब पहले से बनीं मूर्तियों को लगाने के लिए प्रेरणा स्थल पर लाया गया तो लोगों को इस बात की जानकारी हुई।

  • 151 उत्कर्ष आंगनवाड़ी केंद्र तथा सखी ऐप का उदघाटन कल

    151 उत्कर्ष आंगनवाड़ी केंद्र तथा सखी ऐप का उदघाटन कल
    151 उत्कर्ष आंगनवाड़ी केंद्र तथा सखी ऐप का उदघाटन कल

    रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

    अमेठी। जनपद में कल केंद्रीय मंत्री एवं सांसद श्रीमती स्मृति ज़ुबिन ईरानी द्वारा 151 उत्कर्ष आंगनवाड़ी केंद्र तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के लिए “सखी” ऐप का उदघाटन वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से किया जायगा। इन कार्यक्रमों से जनपद अमेठी के बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण मानकों तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुधारने के प्रयासों को और अधिक बल प्राप्त होगा।

  • मौसम-ए-कानपुर : कानपुर में 24 साल का रिकॉर्ड टूटा, अभी दो दिन और बारिश के आसार

    कानपुर बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और उमस से लोग बेहाल हैं। गुरुवार को महज पांच घंटे की बारिश ने 24 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो क्षेत्रीय चक्रवात बनने से अभी बारिश के आसार दो दिन तक बन रहे हैं। निम्न वायुदाब से आसमान में बादल छाए हैं और कभी भी तेज बारिश हो सकती है।

    मौसम-ए-कानपुर : कानपुर में 24 साल का रिकॉर्ड टूटा, अभी दो दिन और बारिश के आसार
    वर्ष 1996 में एक दिन में 140 मिलीमीटर वर्षा हुई थी इसके बाद सौ का आंकड़ा कभी पार नहीं हाे सका था।

    नहीं पार हुआ था सौ का आंकड़ा 

    गुरुवार को शहर में करीब पांच घंटे की बारिश ने 24 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 1996 में एक दिन में 140 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, उसके बाद सौ का आंकड़ा कभी पार नहीं हुआ। गुरुवार सुबह चार बजे से नौ बजे तक 115.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि क्षेत्रीय चक्रवात बनने से दो दिन और बारिश होने के आसार हैं।

    मौसम का हाल

    कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक था। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 80 फीसद रहने से उमस अधिक रही। वहीं उत्तर पूर्वी हवा 2.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण गरज चमक के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

    आगे भी लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है |