Category: uttar-pradesh

  • सिटी पब्लिक स्कूल में उड़े गुलाल,बच्चों ने खेली फूलों की होली

    सिटी पब्लिक स्कूल में उड़े गुलाल,बच्चों ने खेली फूलों की होली

    रिपोर्ट:हर्ष यादव

    मुसाफिरखाना। नगर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में शनिवार को बच्चों ने फूलों की बरसात करते हुए राधा कृष्ण एवं डांडिया खेल के साथ-साथ अबीर और गुलाल के साथ होली मनाई और एक दूसरे से गले व गाल में गुलाल लगाकर शुभकामनाएं एवम बधाई दी।इस अवसर पर प्रबंधक सुशील कुमार,आकाश गंगा ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाई चारे का पर्व है इसे उसी सादगी और भाई चारे के साथ मनाना चाहिए।उक्त अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ प्रबंधक सुशील कुमार (आकाश)एवं अनिल मिश्रा विपिन तिवारी पवन जयसवाल शिवा सहित आदि सदस्य उपस्थित रहे।

  • कुशीनगर में मीट कारोबार में कोरोना की दहशत,पडरौना शहर कद्दू व बैगन से भी सस्ता हो गया मुर्गा

    कुशीनगर में मीट कारोबार में कोरोना की दहशत,पडरौना शहर कद्दू व बैगन से भी सस्ता हो गया मुर्गा

    उपेंद्र कुशवाहा

    पडरौना,कुशीनगर : कोरोना वायरस की दहशत ने मुर्गे के कारोबार को तगड़ी चोट पहुंचाई है। लोग मांसाहार खाने से बच रहे हैं जिसकी वजह से मुर्गे का रेट लगातार गिरता जा रहा है। जिससे पोल्ट्री फॉर्म संचालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालत ये है कि क्षेत्र में इन दिनों मुर्गे का रेट कद्दू,बैगन से भी कम हो गया है।

    अभी तक मांसाहार खाने से कोरना वायरस फैलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन अफवाहों की वजह से लोग नॉनवेज खाने से परहेज कर रहे हैं। जिसकी वजह से मुर्गे के कारोबार को काफी झटका लगा है। शुक्रवार को मुर्गे का थोक रेट 24-25 रुपये प्रति किलो पर आ गया। पडरौना शहर के गायत्री मंदिर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के निकट मुर्गा कर बारी शमशाद ने बताया कि मुर्गे का इतना कम रेट कभी नहीं हुआ। दूसरी ओर पडरौना क्षेत्र के सिधुआ बाजार मजीद मुर्गा का मीट बेचने वाले व्यवसाय ने बताया कि मुर्गे का रेट गिरने की वजह से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। 30 रुपये का चूजा खरीदा गया था लेकिन अब तैयार होने के बाद  से  कम रुपये में बिक रहा है।

  • कोरोना वायरस के भगवान पर भी असर का डर, पहनाया मास्क

    कोरोना वायरस के भगवान पर भी असर का डर, पहनाया मास्क

    वाराणसी। कोरोनावायरस (कोविड-19) चीन सहित कई देशों के लिए घातक बन गया है। लोगों को इससे बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वाराणसी में भगवान पर भी कोरोना के असर का डर है, इसीलिए लोगों ने जारूकता के लिए भगवान को भी मास्क पहना दिया है।

    समाजसेवी रवीन्द्र त्रिवेदी ने अपने साथियों के साथ वाराणसी के प्रहलाद घाट पर बने प्रह्लादेश्वर मंदिर में शिवलिंग को मास्क से ढक दिया है, और मंदिर के बाहर भी पोस्टर लगाकर लोगों को सचेत किया गया है। इसमें लिखा है कि मंदिर में आने वाले भक्तों से अपील है कि वह मूर्तियों को न छुएं और फिलहाल दूर से ही पूजा करें।

    रवीन्द्र ने बताया कि कोरोनावायरस का असर अब दुनिया में बढ़ रहा है। छूने से यह वायरस बढ़ सकता है। इसी कारण हमने लोगों में जागरूकता लाने के लिए भगवान को भी मास्क पहना दिया है। इससे लोगों में अच्छा संदेश जाएगा। लोग आपस में भी एक-दूसरे को छूने से बचें और इस बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरुक करें। अफवाह न फैलाएं, ताकि लोगों में किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।”

    उन्होंने बताया कि हम लोगों ने मंदिर की मूर्तियों और खासकर शिवलिंग को मास्क पहनाया है। हमारा आग्रह है कि लोग मूर्तियों को स्पर्श न करें, इससे भी वायरस अधिक लोगों तक पहुंच सकता है।

    पुजारी मुन्ना तिवारी ने बताया कि जिस प्रकार जाड़े में भगवान को कम्बल, गर्मी में पंखा-एसी का इस्तेमाल करते हैं। ठीक उसी तरह जागरुकता के लिए भगवान को भी मास्क पहनाया गया है। काशी भगवान भोले की नगरी यहां से संदेश दूर-दूर तक जाता है।

    ज्ञात हो कि चीन के वुहान से निकला कोरोना वायरस तेजी से दुनिया के कई देशों को अपनी चपेट में लेते जा रहा है। विश्वभर में कोरोना वायरस के संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख 13 हजार को पार कर गई है, जबकि चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत भी घातक वायरस से अछूता नहीं रह गया है। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित करीब 47 लोगों की पुष्टि हो चुकी है। उत्तर प्रदेश, जम्मू, तेलांगना, दिल्ली आदि राज्यों में संदिग्ध सामने आने के बाद से इसके प्रसार को रोकने के लिए युद्घ स्तर पर काम हो रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफे के साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।

  • गबन का मामला दर्ज नोएडा में बिजली विभाग के तीन लोगों के खिलाफ

    गबन का मामला दर्ज नोएडा में बिजली विभाग के तीन लोगों के खिलाफ
    नोएडा, नोएडा में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता सहित तीन लोगों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करके 54 लाख रुपये का गबन करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) संकल्प शर्मा ने बताया कि पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम नोएडा के अधीक्षण अभियंता बी एल मौर्या ने थाना सेक्टर 20 में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि विद्युत नगरीय वितरण खंड द्वितीय, सेक्टर 18 का विजया बैंक में खाता है। उक्त बैंक में वर्ष 2019 में 54 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई गई थी, लेकिन तत्कालीन अधिशासी अभियंता संजय शर्मा, तत्कालीन सहायक लेखा अधिकारी रामरतन सुमन तथा तत्कालीन कार्यालय सहायक महेश कुमार ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके धोखाधड़ी कर उक्त रकम को राजस्व खाते में नहीं दिखाया। उन्होंने बताया कि इस मामले में बिजली विभाग द्वारा आंतरिक जांच की गई थी तथा अनियमितता पाए जाने पर संजय शर्मा, रामरतन सुमन तथा महेश कुमार को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अधीक्षण अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 420, 409, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मालूम हो कि निलंबित अधिशासी अभियंता संजय शर्मा ने जनवरी माह में थाना सेक्टर 49 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सेक्टर 50 स्थित बैंक के कर्मचारियों ने बिजली विभाग द्वारा उनके यहां जमा कराए जाने वाले उपभोक्ताओं के ड्राफ्ट एवं डीडी को धोखाधड़ी करके बुलंदशहर के एक बैंक में जमा करा दिया। यह घोटाला 1.77 करोड़ रुपये का था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें कुछ बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मी भी शामिल हैं। उक्त घोटाले में भी आरोपी अधिशासी अभियंता संजय शर्मा और बिजली विभाग के कर्मचारियों के ऊपर उंगली उठी थी।

  • कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर डीएम ने की बैठक।

    कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर डीएम ने की बैठक।

    रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

    अमेठी।  जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकरी अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था का संदेश एवं विश्वास यहां की जनता में जगे इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष जांच के आधार पर जनपद में सभी प्रकार के माफियाओं पर दंडात्मक एवं कठोरतम कानूनी कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था मानकों के अनुसार कायम रखने के लिए अधिकारियों के द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष रुप से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में जो माफिया कार्य कर रहे हैं, उनके संबंध में एक गहन अभियान संचालित करते हुए गैंगस्टर, गुंडा एक्ट तथा अन्य कठोरतम कार्रवाई उनके विरूद्ध प्रस्तावित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस के प्रकरणों में थाने स्तर से जो रिपोर्ट लगाई जाए उसकी संबंधित थाना प्रभारी द्वारा विस्तृत जांच एवं अपराधिक इतिहास जानने के उपरांत ही रिपोर्ट लगाई जाए। इसके साथ ही जो शस्त्र कोर्ट से निरस्त किए जाते हैं उनका शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित कराया जाए। जिला बदर किए गए व्यक्तियों के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन व्यक्तियों को जिला बदर किया गया है वह उस क्षेत्र में न रहे, यदि क्षेत्र में रहते पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने जनपद में अवैध रूप से बिकने पहले मादक पदार्थों (शराब, गांजा, चरस, अफीम, भांग इत्यादि) के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश जिला आबकारी अधिकारी को दिए। डीएम ने कहा कि जनपद में खनन माफिया, शराब माफिया, भू माफिया तथा अन्य प्रकार के माफियाओं के संबंध में पुलिस एवं प्रशासन के द्वारा संयुक्त रुप से कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए उनकी खोज करने के उपरांत सही रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में सभी को प्रस्तावित किया जाए ताकि जनपद की कानून व्यवस्था सुदृढ़ बन सके। बैठक में डीएम ने यह भी कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण के संबंध में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण संयुक्त रुप से किया जाए और छोटी से छोटी घटनाओं को संज्ञान लेते हुए उसमें तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में  अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज, समस्त उपजिलाधिकारी/पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित समस्त थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
     

  • डीएम ने की जिला अभियोजन समिति की बैठक।

    डीएम ने की जिला अभियोजन समिति की बैठक।

    रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

    अमेठी। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अभियोजन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि प्रत्येक मामले में गवाहों को समय से उपस्थित कराकर मामले का शीघ्र निस्तारण कराएं। उन्होंने मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी शासकीय फौजदारी अधिवक्ता से कहा कि जब गवाहों को बुलाया जाए तो यह सुनिश्चित किया जाए कि वह समय से उपस्थित हों। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शासकीय अधिवक्ता अपने मुकदमों की पैरवी में तेजी लायें ताकि वादों का निस्तारण समय से किया जाये। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पाक्सो के मामले में निर्धारित समय के अंदर तारीख लेकर मामलों का निस्तारण किया जाये ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके। इसी प्रकार भू-माफिया, आजीवन कारावास, गुण्डा एक्ट, जमानत आदि के मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि यह कोशिश रहे कि दोषी व्यक्ति को सजा जरूर मिले। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज, एपीओ संजय टंडन, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्री लक्ष्मी शंकर श्रीवास्तव, श्री तारकेश्वर सिंह मौजूद रहे। 

  • VIDEO : दारोगा साहब मस्‍ती के मूड में भूले खाकी का मान, बार-बालाओं को घंटों नचवाया, वायरल हुआ वीडियो, suspended

    VIDEO : दारोगा साहब मस्‍ती के मूड में भूले खाकी का मान, बार-बालाओं को घंटों नचवाया, वायरल हुआ वीडियो, suspended

    लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी में एक दारोगा साहब भोजपुरी गाने पर बार-बालाओं से बार-बार जमकर डांस कराया। वायरल वीडियो का पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने संज्ञान लेते हुए दारोगा को निलंबित कर दिया है। बर्खास्तगी  के साथ ही लापरवाही बरतने पर प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। कमिश्नर सिस्‍टम लागू होने के बाद जहां कानून व्‍यवस्‍था के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, राजधानी के एक दारोगा का वायरल वीडियो खाकी को शर्मसार करता दिखाई दे रहा है। होली पर्व के एक आयोजन पर दारोगा साहब नियम-कानून को ताक पर रख बार-बालाओं के डांस का मजा लेते नजर आए।

    मामला थानाक्षेत्र इंदिरानगर के सुग्गामऊ का है। यहां होली पर्व के आयोजन में बार-बालाओं का डांस चल रहा था। तभी सब इंस्पेक्टर भृगु ओझा पुलिसकर्मियों के साथ पहुंच गए। दारोगा साहब ने कानूनी कार्रवाई करना तो दूर की बात वह खुद बार-बालाओं के डांस का मजा लेने लगे। मुंह में पान-मसाला और मस्‍ती के मूड में दारोगा साहब ने कानून व्‍यवस्‍था को ताक पर रख दिया। बार-बालाओं को एक ही भोजपुरी गाने पर बार-बार नचवा दिया। वहीं, लोगों के मना करने के बावजूद दारोगा साहब जिद्द पर अड़े रहे। इस दौरान भीड़ में से किसी शख्‍स ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

  • Video : कुशीनगर में होली के दिन रफ्तार की कीमत : अलग अलग जगहों पर हुई बाइको की टक्कर 10 लोगों की मौत

    Video : कुशीनगर में होली के दिन रफ्तार की कीमत : अलग अलग जगहों पर हुई बाइको की टक्कर 10 लोगों की मौत
    उपेंद्र कुशवाहा
    पडरौना,कुशीनगर : कुशीनगर जिले में होली पर के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए मार्ग दुर्घटना के हादसे में जहां 10 लोगों के इलाज के दौरान मौत होने की खबर है,वहीं 100 से अधिक लोग घायल होने के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, इतना ही नहीं इस त्योहार के दिन सिर में गंभीर चोटें आने के मामले में आए एक दर्जन से अधिक लोगों को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है,जिनकी अभी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

    बताते चलें कि मंगलवार का दिन होली त्यौहार पर पटहेरवा थाना क्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग पर बिहार बुजुर्ग गांव में स्थित क्यू आर स्मार्ट विद्यालय के सामने बाइक व कार की आमने सामने हुई जबरजस्त भिड़ंत में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि दूसरा अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया जबकि तीसरा बाइक सवार अस्पताल में जीवन व मौत की जंग लड़ रहा है।दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।दुर्घटना के बाद लक्जरी कार का चालक कार छोड़ भाग निकला। जिसमें पटहेरवा थाना क्षेत्र के समउर बाजार निवासी पिन्टू गुप्ता उम्र 29 बर्ष,विकास शर्मा उम्र 25 बर्ष व सोनू शर्मा 22 बर्ष मंगलवार को एक ही बाइक पर सवार होकर होली का जश्न मनाने पटहेरिया की तरफ गये थे। बताया जाता है कि दोपहर ढाई बजे के करीब तीनो युवक पटहेरिया से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

     

    अभी वह समउर-पटहेरिया मार्ग पर स्थित बिहार बुजुर्ग गांव के समीप क्यू आर स्मार्ट विद्यालय के सामने पहुचे थे कि समउर बाजार की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार से इनकी बाइक की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गयी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोटर सायकिल के साथ साथ स्विफ्ट डिजायर कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।बाइक चला रहा पिन्टू गुप्ता उच्छल कर कार के शीशे में जा फंंसा जिससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि बाइक पर पीछे बैठे बिकास व सोनू शर्मा फिल्मी स्टाइल में कार के ऊपर से हवा में उछलते हुए काफी दूर पीछे सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई लोगो की सूचना पर पी आर वी जीप व समउर बाजार चौकी पर तैनात इंचार्ज व आधा दर्जन सिपाही मौके पर पहुचकर घायलो को एम्बुलेंस से सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया जहाँ डाक्टरो ने घायलों की हालत बेहद गम्भीर बताते हुए जिला अस्पताल जबकि वहा के डॉक्टरों ने घायल विकास शर्मा को मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया किन्तु विकास शर्मा ने मेडिकल कालेज पहुचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

    दूसरी ओर होली के ही जश्न के नाम में विनोद पुत्र राघवेन्द्र चौबे उम्र 20 ग्राम कटया थाना कटया गोपालगंज निवासी की मौत हो गई, वही रामकोला थाना क्षेत्र के भरपटिया गांव निवासी दीपा उम्र 37 का भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी, छुट्टी रहता है इन सबके बीच नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पुरैनी टोला मुसहरी गांव निवासी महेश उम्र 40 का भी यही हाल हो गया था,दूसरी ओर नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मंगरुआ कुटी निवासी पप्पू कुशवाहा के भी मौत की खबर है । हालांकि अगर हम जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मानें तो होली के दिन तेज बाइक रफ्तार के चक्कर में एक दूसरे के लिए रंग लगाने के लिए निकले रास्ते में इन लोगों की टक्कर होने की वजह से घायल होने की दशा में इलाज के दौरान 10 लोगों की जहां मौत हो चुकी है वहीं 100 से अधिक घायल होने की दशा में इलाज कराने आए थे जिनमें 50 से अधिक लोगों को भर्ती कराया गया है,वहीं करीब एक दर्जन से अधिक गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है । इन सभी दसों लोगों के मौत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़े बताए जा रहे हैं । जिनका पुलिस ने पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

  • ‘वसूली पोस्टर’ पर योगी सरकार को झटका, सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच करेगी सुनवाई

    ‘वसूली पोस्टर’ पर योगी सरकार को झटका, सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच करेगी सुनवाई

    लखनऊ/नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्णय के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए होर्डिंग लगाने के फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर रोक नहीं लगाएगी, जिसमें यूपी के अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वो सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के पोस्टर को हटाए।

    उपयुक्त पीठ अगले हफ्ते मामले की सुनवाई करेगी। कोर्ट ने कहा कि हम सरकार की चिंता समझ सकते हैं, लेकिन कोई भी ऐसा कानून नहीं, जिससे आपके होर्डिंग लगाने के निर्णय को समर्थन किया जा सके। आपको बताते जाए कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने लखनऊ में हुई हिंसा व तोड़फोड़ के आरोपियों के शहर में लगाए गए पोस्टर को हटाने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ यूपी सरकार उच्चतम न्यायालय पहुंची है।

    उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पक्ष रखते हुए कहा कि एक शख्स जो प्रदर्शन के दौरान बंदूक चलाता है और कथित तौर पर हिंसा में शामिल है। वह निजता के अधिकार का दावा नहीं कर सकता। इलाहाबाद उच्च न्यायालय से आदेश पारित करते हुए गलती हुई है।

    इस पर न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस ने तुषार मेहता से पूछा कि वह अधिकार कहां है? जिसके तहत यूपी सरकार ने लखनऊ में नागरिकता कानून के खिलाफ कथित आगजनी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

    शीर्ष अदालत ने पाया कि यूपी सरकार ने होर्डिंग्स पर कथित आगजनी करने वालों का ब्योरा देने के लिए यह (कठोर) कदम उठाया था। अदालत ने कहा कि वह राज्य की बैचेनी को समझ सकता है लेकिन निर्णय को वापस लेने के लिए उसके पास कोई कानून नहीं है। न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूछा कि क्या उसके पास ऐसे पोस्टर लगाने का अधिकार है।

    उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से कहा कि फिलहाल ऐसा कोई कानून नहीं है जो आपकी इस कार्रवाई का समर्थन करता हो।
    लखनऊ होर्डिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी पेश हुए। सिंघवी ने कहा कि दारापुरी 72 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जो आईजी के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की नीति अपनाई जाएगी तो रोड पर चलते फिरते व्यक्ति को कोई भी लिंच कर देगा।

  • रामलला का प्रसाद बंटेगा आरएसएस की प्रतिनिधि सभा में!

    रामलला का प्रसाद बंटेगा आरएसएस की प्रतिनिधि सभा में!

    लखनऊ । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रतिनिधि सभा की बैठक बेंगलुरू स्थित चेन्ननहल्ली में होगी। 15 से 17 मार्च को होने वाली बैठक में राममंदिर निर्माण की खास गूंज सुनाई देगी। इस दौरान न सिर्फ राममंदिर निर्माण की रूपरेखा पर चर्चा होगी, बल्कि इसके सहारे उत्तर प्रदेश के संदर्भ में अन्य मुद्दों पर भी मंथन होगा। बैठक की शुरुआत रामलला के प्रसाद वितरण के बाद हो सकती है। अयोध्या से प्रसाद ले जाने का दायित्व डॉ. अनिल मिश्र को सौंपा गया है। वह संघ के अवध प्रांत इकाई के कार्यवाह के अलावा रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य भी हैं। डा़ॅ मिश्रा ने आईएएनएस को बताया,”रामलला का प्रसाद प्रतिनिधि सभा में आए प्रत्येक सदस्य को दिया जाएगा।”

    उन्होंने बताया, “पहली बार इस बैठक में रामलला का प्रसाद बांटा जाएगा। प्रतिनिधियों को वही प्रसाद दिया जाएगा, जो वर्षो से चढ़ता चला आ रहा है। इसमें इलाइची दाना, मिश्री के साथ मेवा जैसे गरी, छोहारा एवं मखाना होगा। संघ का रामलला से सरोकार मंदिर आंदोलन से पूर्व का है। राममंदिर हमेशा से संघ का मुद्दा रहा है। यह कोई नई बात नहीं है।”

    संघ के सूत्र बताते हैं कि संघ की रीति-नीति तय करने वाले इस फोरम की वर्ष में एक बार होली के आसपास बैठक होती है। वर्ष भर के कार्यक्रमों की रूपरेखा इसी में तय होती है। इस बार की यह बैठक उत्तर प्रदेश के लिहाज से और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

    संघ के एक पदाधिकारी ने बताया, “यह बैठक 14 मार्च को शुरू होगी। लेकिन उसमें सिर्फ अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य ही भाग लेंगे। यह बैठक सार्वजानिक नहीं है, इसीलिए मुख्य रूप से बैठक 15 मार्च को सुबह 8:30 बजे से शुरू हो जाएगी। इसमें देश भर के आपेक्षित प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह बैठक 17 मार्च को समाप्त हो जाएगी। इस बैठक में सरसंघ चालक, सहसंघ चालक, कार्यवाह, सहकार्यवाह, प्रचारक एवं सहप्रचारक, क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख, सह प्रचार प्रमुख, अखिल भारतीय प्रतिनिधि के अलावा अन्य कई संगठनों के लोग भाग लेंगे।”

    उन्होंने बताया कि इसमें संघ कार्य 2019-20 के कार्यो की समीक्षा होगी। आगामी संघ शिक्षा वर्ग और अन्य योजानाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। देश की वर्तमान स्थित पर विचार प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है।

    ज्ञात हो कि राममंदिर पर फैसला आने के बाद पहली बार प्रतिनिधि सभा की बैठक होने जा रही है। तय व्यवस्था के अनुसार, प्रतिनिधि सभा में संघ परिवार के सभी संगठनों में महामंत्री (संगठन) और अन्य प्रमुख पदों पर विराजमान लोग इसमें हिस्सा लेंगे।