Category: uttar-pradesh

  • संदिग्ध परिस्थियों में बिहार स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष की हत्या, नौकरानी का भी मिला शव

    संदिग्ध परिस्थियों में बिहार स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष की हत्या, नौकरानी का भी मिला शव

    भागलपुर। स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष और भागलपुर व्यवहार न्यायालय के वरीय अधिवक्ता कामेश्वर पांडेय की संदिग्ध परिस्थियों में हत्या कर दी गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। उनका शव शुक्रवार सुबह उनके कमरे में मिला। इसके साथ ही उनकी नौकरानी का भी शव मिला है, जिसकी हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि तिलकामांझी थाने के नवाबबाग कॉलोनी निवासी वरीय अधिवक्ता कामेश्वर पांडेय (75) का शव उनके घर के एक कमरे से बरामद किया गया, जबकि उनकी नौकरानी रेणु (47) का शव एक कमरे में रखे पानी के ड्रम से मिला है।

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या किसी लोहे की रॉड से किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। वकील अपने घर में अकेले रहते थे। उनका कार चालक शुक्रवार सुबह जब उन्हें कोर्ट ले जाने के लिए आया, तब घटना का खुलासा हुआ। वाहन चालक ने तत्काल अधिवक्ता के भतीजे को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकाारी दी गई।

    घटनास्थल पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुजीत कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एससएसीप) आशीष भारती सहित कई पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं। मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची हुई है।

    घटना को लेकर वकीलों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

    डीआईजी सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

    पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फूटेज खंगालने और छानबीन में जुट गई है।

  • कड़ी कार्रवाई करें अफवाह फैलानें वालों पर: आईजी

    कड़ी कार्रवाई करें अफवाह फैलानें वालों पर: आईजी

    हापुड़ : मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि त्योहारों पर जनपद में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएं। अफवाह फैलाने व शराब पीकर उपद्रव मचाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कारवाई की जाए। पुलिस जनता से बेहतर तालमेल बनाए। थानों पर आने वाली शिकायतों का समाधान व फरियादियों से अच्छा व्यवहार किया जाए। जिससे जनता में पुलिस की छवि अच्छी बने।

    आईजी ने गुरुवार को पुलिस लाइंस में अधिकारियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने, जनपद में अमन-चैन व कानून व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण पर भी चर्चा की। बैठक में एसपी संजीव सुमन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

  • ग्रेटर नोएडा: महिला की हत्या का दोस्त पर ही लगा आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    ग्रेटर नोएडा: महिला की हत्या का दोस्त पर ही लगा आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    गौतमबुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अरिहंत आर्डन सोसाइटी में महिला नीरजा (49) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सिलसिले में पुलिस ने महिला के एक दोस्त को ही गिरफ्तार किया है। महिला का सिर कुचला हुआ शव गुरुवार को उसी के फ्लैट में पड़ा मिला था। हत्या के आरोप में गिरफ्तार शख्स महिला का ही दोस्त निकला। रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या की वजह बना।
    फ्लैट में मिला था महिला का कुचला हुआ शव
    डीसीपी (नोएडा सेंट्रल) ने बताया, ‘महिला की हत्या के आरोप में पकड़े गए शख्स का नाम राघव है। आरोपी बीते करीब ढाई साल से महिला के साथ था। राघव की महिला से दोस्ती लाइक एप के जरिए हुई थी। बाद में दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बन गए। आरोपी ने महिला के फ्लैट में बेरोक-टोक आना जाना शुरू कर दिया था।’ पकड़ा गया युवक महिला के लगातार संपर्क में था। इसका खुलासा पुलिस ने महिला के फ्लैट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज से किया है।

    रुपये के लेनदेन को लेकर झगड़े में हत्या
    डीसीपी के मुताबिक, ‘घटना वाले दिन महिला का आरोपी से रुपयों के लेनदेन पर झगड़ा हुआ था। गुस्साए युवक ने महिला को उसके फ्लैट में ही सिर कुचलकर मार डाला और फरार हो गया। इस बाबत पुलिस ने बिसरख थाने में हत्या का मामला दर्ज किया है।’ डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) हरीश चंदर के मुताबिक, ‘मामले का भांडा तब फूटा जब गुरुग्राम में नौकरी करने वाला, महिला का बेटा दफ्तर से फ्लैट पर पहुंचा। फ्लैट के बाहर से ताला लगा हुआ था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर बेटे ने मां का शव पड़ा देखा। तब उसने पुलिस को खबर की। घटना गुरुवार को दिन में किसी वक्त की है।’

  • लाखों के उपकरण फुंके घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ने से

    लाखों के उपकरण फुंके घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ने से

    रबूपुरा: फ्लैदा गांव में गुरुवार को बिजली विभाग की लापरवाही से कई घरों में अचानक हाईटेंशन करंट दौड़ने लगा। इससे ग्रामीणों के घरों की वायरिंग में आग लग गई और लाखों कीमत के घरेलू उपकरण फुंक गए। लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को शिकायत दी है।

    ग्रामीण प्रमोद कुमार, ओमप्रकाश, सतेंद्र सिंह ने पुलिस को सौंपी दी शिकायत में कहा है कि गुरुवार को दोपहर 3 बजे अचानक उनके घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ने लगा। इससे घरों की वायरिंग में आग लग गई। हाईटेंशन करंट से घरों में लगे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, सबमर्सिबल पंप, इन्वर्टर आदि फुंक गए। घरों में जगह-जगह से लपटें निकलने लगीं। लोगों ने घरों से बाहर भागकर खुद को बचाया। ग्रामीणों के मुताबिक, यह सब विभाग की लापरवाही से हुआ। जर्जर हो चुकी ट्रांसफॉर्मर लाइन को बदलने के लिए उन्होंने कई बार कर्मचारियों से मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • कुशीनगर में विशुनपुरा थाने की पुलिस ने सीधे-साधे लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले दो जालसाजों को किया गिरफ्तार

    कुशीनगर में विशुनपुरा थाने की पुलिस ने सीधे-साधे लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले दो जालसाजों को किया गिरफ्तार

    उपेंद्र कुशवाहा

    पडरौना,कुशीनगर : जिले के विशुनपुरा थाने की पुलिस ने सीधे-साधे लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 40650 रुपये नगद सहित कट्टा-कारतूस बरामद किया है। इनके कब्जे से नौ एटीएम भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों जालसाज तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पकड़ी गोसाई के निवासी हैं, मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया।
    एसपी विनोद कुमार मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को विशुनपुरा थाने के एसओ अनिल कुमार पुलिस कर्मियों के साथ होली त्योहार के मद्देनजर एटीएम और बैंकों में संदिग्धों की जांच में निकले थे। दुदही कस्बे के पूर्वी रेलवे ढाले पर पुलिस की गाड़ी देख दो संदिग्ध भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया।

    पूछताछ में पकड़े गए संदिग्धों की पहचान पंकज सिंह एवं प्रदीप सिंह निवासी पकड़ी गोसाई थाना तुर्कपट्टी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पंकज के पास से 19300 रुपये, पांच एटीएम कार्ड और कट्टा-कारतूस बरामद हुआ। इसी तरह प्रदीप के पास 21350 रुपये, चार एटीएम कार्ड और दो मोबाइल बरामद हुए। पुलिस टीम में एसआई राघवेन्द्र सिंह, हे.का. विश्वनाथ ठकुराई, कां. सूरज गिरी एवं यशवंत यादव शामिल रहे। ……   
    प्रदीप के खिलाफ तुर्कपट्टी थाने में दर्ज है हत्या का केस

    सीधे-साधे लोगों का एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वालों में दबोचे गए प्रदीप सिंह के खिलाफ तुर्कपट्टी थाने में हत्या, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है।

  • किराएदार से सिविल जज ने खाली करवाई दुकान

    किराएदार से सिविल जज ने खाली करवाई दुकान

    हापुड़: थाना हापुड़ क्षेत्र में एक दुकान के किराएदार ने वादी बनकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश नहीं माना। इस पर सिविल जज ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का क्रियान्वयन कर किराएदार से दुकान खाली करवाकर मालिक को कब्जा दिलवा दिया। मोहल्ला गद्दापाड़ा में रहने वाली शहाजहां बेगम ने कई साल से अपनी दुकान काली कुरैशी को किराए पर दे रखी थी। इसमें वह मीट का कारोबार करता था। शहाजहां बेगम को अपने बेटे इलियास के लिए दुकान की जरूरत थी, लेकिन काली दुकान खाली नहीं कर रहा था। इस कारण उन्होंने एक केस सिविल जज (सीडी) प्रथम के यहां दायर किया था।

    सीनियर एडवोकेट उदय सिन्हा और विशाल अग्रवाल ने बताया कि कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद किराएदार को दुकान खाली करने का आदेश दिया। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट जज के यहां अपील और हाईकोर्ट में रिट दायर की थी लेकिन किराएदार सुप्रीम कोर्ट चला गया। उन्होंने बताया कि पहली कच्ची पेशी पर ही सुप्रीम कोर्ट ने रिट खारिज कर 31 जनवरी 2020 तक दुकान खाली करने के वादी को आदेश दिए। उसने दुकान खाली नहीं की। इस पर मकान मालिक ने कब्जा दिलाए जाने की सिविल जज की कोर्ट में अर्जी दी। एडवोकेट उदय सिन्हा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर हापुड़ पुलिस ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर मालिक को दुकान का कब्जा दिलवाया।

  • स्मृति ईरानी जी अमेठी के उन लाखो गरीबों से होली की मिठास मत छीनो,जो उनको सदैव मिलती थी :दीपक

    स्मृति ईरानी जी अमेठी के उन लाखो गरीबों से होली की मिठास मत छीनो,जो उनको सदैव मिलती थी :दीपक

    रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन

    अमेठी।।होली के त्यौहारों पर अमेठी की जनता को सस्ती चीनी मिलने का मामला,केंद्रीय मंत्री अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के द्वारा 13 रूपए किलो चीनी दिऐ जाने वाले वादे को लेकर कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने फिर एक बार अमेठी सांसद स्मृति ईरानी पर हमला बोल दिया है उन्होंने पत्र लिखकर अमेठी सासंद स्मृति ईरानी से अनुरोध किया है कि अमेठी के उन लाखो गरीबों से उनकी होली की मिठास मत छीने, जो उनको सदैव मिलतीं थी,पत्र में दीपक सिंह ने लिखा है कि आपको अवगत कराया है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी द्वारा पूर्व में चलाई गई योजना के तहत हर त्योहारों पर सरकारी राशन की दुकान पर सस्ती रियायत दर पर चीनी मिला करती थी जो कि आपके अमेठी आने एवं आप की सरकार बनने के बाद इस योजना को पूर्णता बंद कर दिया गया है हालांकि आपने चुनाव में अमेठी वासियों को ₹13 किलो चीनी दिलाने का वादा किया था जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है इस संदर्भ में आपको पुनः संवाद करूँगा, अभी सिर्फ आपसे इतना ही अनुरोध है कि अमेठी के उन लाखों गरीबों से उनकी होली वाली मीठा जो सदैव मिलती रही है मत छीनिये उसे।आपसे अनुरोध है कि लाखों सरकारी राशन की दुकान पर होली के अवसर पर मिलने वाली चीनी दिलाने का कष्ट करें।
    यही नही दीपक सिंह ने यह भी लिखा है कि आप को खुला पत्र लिखने का आशय यह है कि अमेठी से लगातार लापता है चुनाव जीतने के बाद आप अमेठी में दिन के हिसाब से नहीं बल्कि घंटों के हिसाब से रही है ऐसी स्थिति में खुले पत्र के माध्यम से ही आपसे संवाद करने की मजबूरी है।

  • मोदी सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, कहा- यस बैंक बना नो बैंक

    मोदी सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, कहा- यस बैंक बना नो बैंक

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यस बैंक की हालत खराब होने पर इसको सरकार की नाकामी बताया और यस बैंक को ‘नो’ बैंक का दर्जा दे दिया। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्वीट के माध्यम से लिखा, “क्रोनोलॉजी को समझिए पहले गरीबों का खाता खुलवाया गया फिर उनका पैसा जमा करवाया गया, नोटबंदी में सबका पैसा बैंक पहुंचाया गया फिर वहां से निकालकर अमीर दोस्तों के साथ बांटकर खाया गया फिर उन्हें फुर्र करवाया गया और जब लोग अपना पैसा निकालने बैंक गए तो यश की जगह नो का ठेंगा दिखाया गया।”

    ज्ञात हो कि रिजर्व बैंक ने गुरुवार को संकट में फंसे यस बैंक पर मौद्रिक सीमा लगा दी। इसके तहत खाताधारक अब यस बैंक से 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम नहीं निकाल सकेंगे। जिसके बाद बैंक के खाताधारकों में खलबली मच गई। निकासी की यह सीमा 3 अप्रैल, 2020 तक लागू रहेगी। इसके अलावा केंद्रीय बैंक ने यस बैंक के निदेशक मंडल के अधिकारों पर रोक लगाते हुए एक महीने के लिए एसबीआई के पूर्व डीएमडी और सीएफओ प्रशांत कुमार की प्रशासक के रूप में नियुक्ति भी कर दी है।

  • अदालत परिसर में व्हाट्सएप पर बहस को लेकर भिड़े दो वकील, चलाई गोली

    अदालत परिसर में व्हाट्सएप पर बहस को लेकर भिड़े दो वकील, चलाई गोली

    गाजियाबाद, गाजियाबाद में दो वकीलों के बीच व्हाट्सएप पर बहस से पैदा विवाद इतना बढ़ गया कि एक वकील ने अदालत परिसर में दूसरे वकील पर कथित रूप से गोलीबारी कर दी। विक्रांत त्यागी नामक वकील ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि राहुल चौधरी नामक वकील ने गुरुवार रात को व्हाट्सएप पर उन्हें प्रताड़ित किया और उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि शुक्रवार सुबह त्यागी इसकी शिकायत करने बार अध्यक्ष सुनील दत्त त्यागी के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान राहुल भी वहां पहुंचा और तीन गोली चलाकर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि साथी वकीलों ने विक्रांत को किसी तरह से बचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। अदालत परिसर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का एक खोखा बरामद किया है। हालांकि, बार अध्यक्ष ने राहुल द्वारा गोली चलाने से इनकार किया और कहा कि भीड़ से किसी ने गोली चलाई। शहर के पुलिस अधीक्षक मनीष मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

  • काशी में चिता भस्म की होली महाश्मशान पर

    काशी में चिता भस्म की होली महाश्मशान पर

    वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज महादेव ने महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर भूत गणों के साथ चिता भस्म की होली खेली है। रंगभरी एकादशी के मौके पर गौरा को विदा करा कर कैलाश ले जाने के साथ ही भगवान भोलेनाथ काशी में अपने भक्तों को होली खेलने और हुड़दंग की अनुमति प्रदान करते हैं। काशी मोक्ष की नगरी है और मान्यता है कि यहां भगवान शिव स्वयं तारक मंत्र देते हैं। लिहाजा यहां पर मृत्यु भी उत्सव है और होली पर चिता की भस्म को उनके गण अबीर और गुलाल की भांति एक दूसरे पर फेंककर सुख-समृद्धि-वैभव संग शिव की कृपा पाने का उपक्रम करते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव इस श्मशान में अपने गढ़ों के साथ चिता भस्म की होली खेलते हैं।

    पातालपुरी के महंत बालकदास ने बताया कि मान्यताओं के अनुसार यहां मृत्यु भी एक उत्सव है और इस उत्सव में साल में एक बार बाबा विश्वनाथ खुद शामिल होते हैं। जहां वो अपने भक्तों के साथ होली खेलते हैं। इस होली में पूरी काशी शामिल होती है, जहां चिता की राख से होली खेली जाती है। इस होली में चिताओं के भस्म से हर कोई सराबोर रहता है और काशी का कोना-कोना हर-हर महादेव से जयघोष से गुंजायमान होता है। इस उत्सव में विदेशी सैलानी भी हिस्सा बनते हैं।