Category: state-news

  • बिहार: राजद के दोनों राज्यसभा उम्मीदवार धन कुबेर प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह, जानिए कितना किसके पास है

    बिहार: राजद के दोनों राज्यसभा उम्मीदवार धन कुबेर प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह, जानिए कितना किसके पास है

    नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार से राज्यसभा के लिए प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही उम्मीदवार धन कुबेर हैं। प्रेमचंद गुप्ता अरबपति हैं, वहीं अमरेंद्रधारी सिंह की संपत्ति 550 करोड़ रुपये से अधिक है। बिहार में राजद की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए गए अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ ए.डी. सिंह के पास अरबों की चल-अचल संपत्ति है। बिहार विधानसभा में नामांकन के दौरान ए.डी. ने अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया है, उसके मुताबिक इनके पास साढ़े पांच सौ करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है।

    पटना जिले के गांव ऐनखा के रहने वाले ए.डी. के पास दिल्ली, राजस्थान के अलवर और हरियाणा के गुरुग्राम में करीब 50 एकड़ से ज्यादा जमीन है। वित्त वर्ष 2018-19 में ए.डी. ने अपनी कुल वार्षिक आय 74 करोड़ रुपए से ज्यादा दिखाई है।

    इन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज से 1980 में बीए ऑनर्स किया है। सिंह के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। राजस्थान के अलवर जिले के कई गांवों और दिल्ली की विभिन्न कॉलोनियों में इनके पास 50 एकड़ से ज्यादा जमीन है। सिर्फ अलवर जिले में ही इनकी 32 एकड़ से अधिक जमीन है।

    अमरेंद्रधारी ने जो हलफनामा दाखिल किया है, उसके मुताबिक इनकी चल संपति 188.56 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति 209.16 करोड़ रुपये है। उन्होंने अन्य संपत्ति 49.60 करोड़ रुपये की बताई है। देश के अलग-अलग 62 बैंकों में उनके पास 107 करोड़ 58 लाख रुपये जमा हैं। इन्होंने विभिन्न कंपनियों में कुल 14.48 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। इनके सभी तरह के भूखंडों की कीमत 49.60 करोड़ रुपये बताई गई है, जिसमें कृषि भूमि 10.60 करोड़ रुपये और व्यावसायिक भूमि 3.10 करोड़ रुपये की बताई गई है। इसके अलावा सिंह ने अपने आवासीय भवन की कीमत 17.50 करोड़ रुपये घोषित की है।

    राजद के दूसरे उम्मीदवार प्रेमचंद गुप्ता भी अरबपति हैं। बिहार विधानमंडल में नामांकन के दौरान गुरुवार को दिए गए संपत्ति के ब्योरे के मुताबिक, प्रेमचंद गुप्ता और उनकी पत्नी सरला गुप्ता की संयुक्त चल-अचल संपत्ति सवा दो सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की है।

    गुप्ता के पास दिल्ली के महरौली के पास 3.81 एकड़ भूमि है। इनके पास पटना के गर्दनीबाग में भी 2431 वर्ग फुट का भूखंड है। दोनों पति-पत्नी के नाम दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन में भी एक आवास है, जिसमें अभी वह रह रहे हैं। इस भूखंड की वर्तमान कीमत 5.63 करोड़ रुपये है। दोनों के नाम अलग-अलग बैंकों में करीब 95 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हैं। सरला के विभिन्न खातों में 93.37 करोड़ रुपये जमा हैं।

    आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रेमचंद के खिलाफ दो मामले भी दर्ज किए हुए हैं, जिसकी सुनवाई दिल्ली की स्थानीय अदालत में चल रही है। हालांकि अभी तक इन्हें किसी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है।

  • मरुधरा के रंग दिखे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की पेंटिंग्स में, देखें तस्वीरें

    मरुधरा के रंग दिखे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की पेंटिंग्स में, देखें तस्वीरें

    जयपुर । मरुधरा की मिटटी, कला और धरोहर की महक शनिवार को गुलाबी नगरी में महकी। जहां विदेश से आए अंतर्राष्ट्रीय आर्टिस्ट्स ने अपनी ब्रश से कैनवास पर अपने मन का राजस्थान उकेरा।

    मौका था श्रयांसी इंटरनेशनल आर्ट एंड कल्चर ऑर्गेनाइज़ेशन एवं सेंट पीटर्सबर्ग सेंटर फॉर ह्यूमैनिटेरियन प्रोग्राम्स, रूस, रशियन सेंटर फॉर साइंस और कल्चर (आरसीएससी), नई दिल्ली और राजस्थान आर्ट एंड कल्चर डिपार्टमन्टल के सहयोग से आयोजित किए अंतर्राष्ट्रीय पेंटिंग एक्सपीडिशन ‘आर्ट-ईको 2019-20’ की पेंटिंग एग्जीबिशन आयोजन का।

    इस पांच दिवसीय पेंटिंग एग्जीबिशन का उद्घाटन डिपार्टमेंट ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, सेक्रेटरी आईएएस मुग्धा सिन्हा और प्रख्यात फोटोग्राफर सुधीर कासलीवाल, श्रयांशी इंटरनैशनल के डायरेक्टर यूनुस खिमानी और मैनेजिंग डायरेक्टर श्रयांशी मनु द्वारा किया गया। मालवीय नगर स्थित एक होटल में आयोजित हुई इस पेंटिंग एग्जीबिशन में भारत आए 70 आर्टिस्ट्स की कलाकारी को शोकेस किया गया। जिसमें फ़्रांस, रूस, किर्ग़िज़स्तान, यूक्रेन, लात्विया, इटली, स्लोवाकिया, ऑस्ट्रिया, स्वीडन, पोलैंड, नेपाल और बांग्लादेश सहित 18 देशों से आर्टिस्ट्स ने अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित की। इस दौरान इन कलाकारों ने भारत में अपने भ्रमण को पेंटिंग्स में कैद किया। जहां पेंटिंग्स में उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, बूंदी सहित दिल्ली, देहरादून (उत्तराखंड), सापुतारा(महाराष्ट्र), दहानू (महाराष्ट्र), वड़ोदरा (गुजरात) सहित जयपुर की धरोहर की झलक देखने को मिली।

    एग्जीबिशन में डिस्प्ले की गई पेंटिंग्स में शेडिंग, आउटडोर, मौसम जैसे फैक्टर्स खासा देखने को मिले। जिसमें ज्यादातर पेंटिंग्स में कैनवास पर ऑइल कलर्स का इस्तेमाल किया गया है। जयपुर में आर्टिटस ने जल महल, हवा महल, जंतर मंतर, सिटी पैलेस, अल्बर्ट हॉल और आमेर में प्लेन एयर पेंटिंग की जिसमें आर्टिस्ट्स ने अपने स्टूडियो की चार दिवारी छोड़ प्रकर्ति के बीच लाइव पेंटिंग्स की।

    इस 100 दिवसीय पेंटिंग एग्ज़िबिशन का समापन 20 मार्च को नाइला बाग़ पैलेस में पेंटिंग एग्ज़िबिशन के द्वारा किया जाएगा।

  • महाराष्ट्र में पलटी नौका, 88 लोगों को बचाया

    महाराष्ट्र में पलटी नौका, 88 लोगों को बचाया

    मुंबई। रायगढ़ की मंडवा जेट्टी के पास शनिवार सुबह अरब सागर में पलटी एक नौका से कम से कम 88 लोगों को बचा लिया गया। इनमें से ज्यादातर पर्यटक हैं। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। यह दुर्घटना तब हुई, जब एक यात्री नौका अजंता दक्षिणी मुंबई में गेट वे ऑफ इंडिया से मंडवा जेट्टी के लिए निकली। इसकी अरब सागर से दूरी करीब 14 किलोमीटर थी।

    सुबह करीब सवा दस बजे जब नौका एक घंटे की यात्रा के बाद अपने गंतव्य से बमुश्किल एक किलोमीटर दूर थी, तभी नौका में अचानक पानी घुसने लगा और नौका तेजी से डूबने लगी।

    भयभीत यात्रियों की चीखें सुनकर प्रशांत घरात के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस की एक तटीय गश्ती नौका उन्हें बचाने के लिए पहुंची। स्थानीय अन्य नौकाओं के चालक दल के सदस्यों और मछुआरों की मदद से 88 लोगों को समुद्र में डूबने से बचा लिया गया। बचाए गए लोगों में कोई भी घायल नहीं हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने प्रशांत घरात की त्वरित बुद्धि और तेजी की सराहना की है, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया।

  • राज्य के लिए केंद्र सरकार ने प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की, आखिर क्यों, यहां पढ़ें

    राज्य के लिए केंद्र सरकार ने प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की, आखिर क्यों, यहां पढ़ें

    जयपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बताया है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत राजस्थान के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए भारत सरकार ने राज्य को 184 करोड़ 74 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। यह राशि ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वर्ष 2019-20 के कार्यों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन राशि के रूप में स्वीकृत की है।

    पायलट ने कहा कि वर्ष 2019-20 में प्रदेश में ग्रामीण सड़कों के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य हुआ है। इसी कारण यह प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हुई है जो समूचे राज्य के लिए हर्ष की बात है। इसके तहत अब राज्य के हिस्से की अनुपातिक राशि 123 करोड़ 16 लाख रूपये सहित कुल 307 करोड़ 90 लाख रूपये से इस योजना के अंतर्गत पूर्व में निर्मित और अपग्रेड की गई लगभग 2 हजार 900 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण करवाया जा सकेगा।

    उन्होंने बताया कि यह स्वीकृति पीएमजीएसवाई के तीसरे चरण के पहले बैच के लिए पिछले महीने करीब 2200 किलोमीटर सड़कों के अपग्रेडेशन के लिए स्वीकृत राशि 1139 करोड़ 6 लाख रूपये के अतिरिक्त है। वहीं दूसरे बैच के 409 प्रस्तावों में लगभग 3 हजार 900 किलोमीटर सड़कों के अपग्रेडेशन के लिए भी 2100 करोड़ रूपये की स्वीकृति करवाने की प्रक्रिया चल रही है। यह स्वीकृति भी इसी माह होने की सम्भावना है।

  • CM मनोहर लाल बोले- डरें नहीं कोरोना से, खांसी-जुकाम, जरूर कराएं जांच बुखार होने पर

    CM मनोहर लाल बोले- डरें नहीं कोरोना से, खांसी-जुकाम, जरूर कराएं जांच बुखार होने पर

    चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोरोना वायरस को लेकर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि इस वायरस से डरने या घबराने की जरूरत नहीं हैं। इस वायरस से बचने के लिए सफाई का ध्यान रखें, खांसते व छिंकते समय मुहं व नाक पर रूमाल रखें। हाथों को साबुन से बार-बार धोएं और भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, यदि जाएं भी तो मास्कपहन कर जाएं।

    आज जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जानते हैं कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया है। भारत में भी यह दस्तक दे रहा है। आपसे अनुरोध है कि इस वायरस से न तो डरें, न ही घबराएं। अगर किसी को झुंकाम, बुखार या सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश की समस्या है तो तुरंत सरकारी अस्पताल जाकर जांच करवाएं। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसी भी प्राइवेट लैबोरेटरी को इस वायरस की जांच के लिए अधिकृत नहीं किया है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित कोई मरीज नहीं है। लेकिन विदेश से लौटे कुछ व्यक्तियों को निगरानी में अवश्य रखा गया है और अभी तक उनमें से भी किसी में इस वायरस का संक्रमण नहीं पाया गया है। इस वायरस से बचाव की जानकारी न होने से इसका संक्रमण फैल सकता है। इसलिए राज्य में हैल्पलाइन डैस्क स्थापित किया गया है, जिसका नंबर- 8558893911 है। इसके अलावा जिला स्तर पर भी हैल्पलाइन डैस्क-108 स्थापित किया गया है। प्रदेशवासी इन नंबरों पर फोन करके कोरोना वायरस से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मैं प्रदेशवासियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि इस वायरस से निपटने के सभी इंतजाम किए गए हैं और आप सभी के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।’

  • एयर इंडिया की उड़ान से जैसलमेर पहुंचे ईरान में फंसे 236 लोग , 14 दिनों तक रखे जाएंगे अलग-थलग

    एयर इंडिया की उड़ान से जैसलमेर पहुंचे ईरान में फंसे 236 लोग , 14 दिनों तक रखे जाएंगे अलग-थलग

    जयपुर। ईरान से 236 लोग रविवार सुबह एयर इंडिया की दो उड़ानों द्वारा जैसलमेर पहुंचे हैं। कर्नल सोम्बित घोष (पीआरओ डिफेंस, राजस्थान) ने यह घोषणा की। कोविड-19 को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा महामारी घोषित किया गया है और इटली, ईरान जैसे कोरोनोवायरस प्रभावित देशों में बड़ी संख्या में फंसे भारतीयों को निकाला जा रहा है।

    एहतियात के तौर पर, देश लाए गए लोगों को 14 दिनों तक अलग-थलग रखा जाएगा। भारतीय सेना ने कोविड-19 के खिलाफ मुकाबला करने के लिए विभिन्न स्थानों पर वेलनेस सेंटर स्थापित किए हैं।

    घोष ने कहा, जैसलमेर में वेलनेस सेंटर कोविड-19 के खिलाफ लडऩे के लिए एक भारतीय सेना की फैसिलिटी है और कुशल चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में अनिवार्य क्वारन्टीन अवधि में लोगों की मदद करने के लिए पूरी तरह से सुसज्जित है। सैनिकों ने विदेशों से लौट रहे हमारे देशवासियों की देखभाल और सहायता प्रदान करने के लिए स्वेच्छा से सहायता की है।

    आर्मी वेलनेस सेंटर सिविल प्रशासन, हवाईअड्डा प्राधिकरण और वायु सेना के साथ तालमेल में काम कर रहा है ताकि सभी लाए गए नागरिकों को उचित देखभाल प्रदान की जा सके। कोविड-19 के बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जैसलमेर में सैन्य और सिविल अधिकारियों ने लोगों से कोविड-19 के खिलाफ पर्याप्त सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि किसी भी स्थिति को संभालने के लिए अपेक्षित मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है।

  • MP : शिवराज-प्रधान पहुंचे BJP MLA से मिलने मानेसर, कैबिनेट बैठक में छाया कोरोना

    MP :  शिवराज-प्रधान पहुंचे BJP MLA से मिलने मानेसर, कैबिनेट बैठक में छाया कोरोना

    भोपाल/नई दिल्ली इस समय मध्य प्रदेश में सियासत चरम पर है। मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए कांग्रेस सरकार को बचाना बड़ी चुनौती है। दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य के बगावत कर भाजपा का दामन थामने से सरकार पर संकट गहराया है। दरअसल वर्ष 2018 के अंत में चुनाव के नतीजे आते ही कमलनाथ और सिंधिया के बीच दरार दिख गई थी और वक्त बीतने के साथ खाई में बदल गई। भाजपा ने भी मौके का फायदा उठाकर सिंधिया को अपने दल में शामिल कर लिया और उन्हें हाथों हाथ 26 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट भी दे दिया।

    LIVE UPDATES :-

    • दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल से कानूनी पहलुओं पर चर्चा करने के बाद भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान भाजपा विधायकों से मिलने मानेसर पहुंचे। मानेसर के होटल आईटीसी ग्रैंड में भाजपा के 106 विधायक ठहरे हुए हैं। आज देर रात तक इन विधायकों को भोपाल भेजा जाएगा, जहां वो सोमवार को होने वाले शक्ति परीक्षण में शिरकत करेंगे।

    • मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की रविवार को यहां बल्लभ भवन में हुई बैठक में कोरोनावायरस का मुद्दा छाया रहा। कई मंत्रियों ने तो जयपुर से आए विधायकों और बेंगलुरू व गुरुग्राम से वापस लौटने वाले विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने की मांग की है। राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी. सी. शर्मा ने बैठक की जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया, “कोरोनावायरस की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना को महामारी घोषित किया है। राज्य सरकार की ओर से इस बीमारी को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। स्कूलों, कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वीमिंग पूल, सिनेमाघर बंद हैं। बैठक में कई मंत्रियों ने कहा कि जयपुर से आए विधायकों और बेंगलुरू व गुरुग्राम से आने वाले विधायकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।”

    उन्होंने आगे कहा, “ओडिशा, राजस्थान, केरल, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र की विधानसभाएं कोरोना की रोकथाम के मद्देनजर स्थगित की गई हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 200 करोड़ रुपये का पैकेज मंजूर किया है। राज्य के राज्यपाल लालजी टंडन ने बरकत उल्लाह विश्वविद्यालय के कार्यक्रम को निरस्त किया है।”कोरोना के चलते मध्य प्रदेश विधानसभा की बैठक की तिथि आगे बढ़ाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “विधानसभा का बजट सत्र 16 मार्च से राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू होगा। उसके बाद कोई बात सामने आएगी, तो फैसला लिया जाएगा।” बैठक में कांग्रेस नेता रामू टेकाम और राशिद सुहेल सिद्दिकी को राज्य लोकसेवा आयोग का सदस्य बनाने का फैसला किया है। वहीं कर्मचारियों को जुलाई 2019 से पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया है। इसका अप्रैल 2020 से नगद भुगतान होगा।

    • मध्य प्रदेश कांग्रेस के बागी विधायकों ने वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा में केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करने की मांग की है। बेंगलुरू में मौजूद कई बागी विधायकों ने वीडियो संदेश जारी कर विधानसभा अध्यक्ष से यह अनुरोध किया है। कांग्रेस ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दबाव में जारी किए जाने की बात कही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक कांग्रेस के बागी 22 विधायकों ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से छह विधायकों का इस्तीफा विधानसभाध्यक्ष एन.पी. प्रजापति ने मंजूर कर लिया है।

    बेंगलुरू में मौजूद विधायकों ने रविवार को वीडियो संदेश जारी कर सुरक्षा की मांग की है। वीडियो संदेश में विधायकों ने कहा है, “विधानसभा अध्यक्ष ने हमें उपस्थित होने का नोटिस दिया है। हमें जानकारी मिली है, लेकिन हम अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। भोपाल आने पर सुरक्षा को लेकर संशय है। इसलिए जरूरी है कि हमारी सुरक्षा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद ली जाए।” कांग्रेस प्रवक्ता और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष सैयद जाफर ने कहा, “विधायकों से यह वीडियो दबाव में बनवाए गए हैं। जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें विधायक के साथ दूसरे व्यक्ति की फुसफुसाती आवाज बताती है कि ये वीडिया सिखा-पढ़ाकर बनाए गए हैं।”

    • होटल पहुंचे कांग्रेसी विधायकों में से पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया का कहना है कि कमलनाथ सरकार को कोई खतरा नहीं है, भाजपा की कोशिश मुंगेरी लाल के हसीन सपने साबित होगी। विधायक प्रद्युम्न सिंह का कहना है, हम जीतेंगे, ऑल इज वैल। अन्य विधायकों ने भी दावा किया कि, कमलनाथ सरकार बहुमत साबित करेगी।

    • मध्य प्रदेश में गहराए सियासी संकट के बीच सोमवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। अपने विधायकों को एकजुट रखने के मकसद से कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी रविवार को व्हिप जारी कर दिया। विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने व्हिप जारी किया। इसमें कहा गया कि विधानसभा का सत्र 16 मार्च से शुरू हो रहा है। विधानसभा के संपूर्ण सत्र में उपस्थित रहें और फ्लोर टेस्ट के दौरान भाजपा के पक्ष में अनिवार्य रूप से मतदान करें। गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार रात को अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया था।

    • मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायकों को विशेष विमान से रविवार को जयपुर से भोपाल पहुंचने के बाद बसों से एमपी नगर स्थित होटल मेरियट ले जाया गया। विधायक अपने घर नहीं जा पाए। वे विजय का निशान दिखाते नजर आए। वहीं, शाम को विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें ये विधायक हिस्सा लेंगे। विधायकों के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी भी हैं। होटल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

    • मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक रविवार सुबह 11 बजे के करीब जयपुर से भोपाल पहुंचे। बताया जा रहा है कि इनकी संख्या 90 है। इन्होंने एअरपोर्ट पर कमलनाथ सरकार की जीत का दावा किया।

    • मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायकों के रविवार को जयपुर से भोपाल आने की संभावनाओं के चलते हवाईअड्डे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हवाईअड्डे पर निषेधाज्ञा 144 लागू है। कांग्रेस के जयपुर गए विधायको को रविवार को भोपाल लाया जा रहा है। इन विधायकों के आने की संभावनाओं के मद्देनजर राजा भोज विमान तल पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए है, भारी संख्या में सुरक्षा जवानों को तैनात किया गया है। हवाईअड्डे पर भीड़ जमा न हो, इसके भी प्रयास किए गए हैं। ज्ञात हो कि, बीते दो दिन पहले कुछ विधायकों के आने की खबरों को लेकर भारी संख्या में कार्यकर्ता हवाईअड्डे पर जमा हो गए थे और विवाद की स्थिति बनी थी। तब पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने हवाईअड्डे पर निषेधाज्ञा 144 लागू करने की जानकारी दी थी। वह अब भी लागू है।

    • मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायकों को रविवार को जयपुर से भोपाल लाया जा रहा है। विशेष विमान से लाए जा रहे ये विधायक भोपाल में एक साथ रखे जाएंगे। कांग्रेस के उच्च सूत्रों ने बताया है कि विधायक जयपुर के हवाईअड्डे पर पहुंच चुके हैं और उन्हें वहां से विशेष विमान से भोपाल लाया जा रहा है। विधायकों की संख्या 90 बताई जा रही है। इन विधायकों के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी भी आ रहे हैं। गौरतलब है कि 11 मार्च को कांग्रेस के विधायकों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधांशु त्रिपाठी के साथ जयपुर भेजा था। यह विधायक चार दिन तक जयपुर के एक रिसॉर्ट में रहे, इस दौरान विधायकों ने कई मंदिरों और देव स्थलों का भ्रमण किया। इन विधायकों से कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक व हरीश रावत ने भी संवाद किया था।

    • मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से सरकार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद बहुमत साबित करने को कहा है। राज्यपाल टंडन ने देर रात को मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर कहा है कि, राज्य के 22 विधायक अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे चुके है, इनमें से छह मंत्रियों को बर्खास्त किए जाने के साथ उनकी सदस्यता भी खत्म की जा चुकी है।

    इस्तीफा दे चुके सभी विधायक सुरक्षा में विधानसभाध्यक्ष के समक्ष उपस्थित होना चाहते है। राज्यपाल के पत्र में मुख्यमंत्री से कहा गया है कि आप भी बहुमत हासिल करने की सहमति दे चुके है। भाजपा ने भी ज्ञापन दिया है। राज्यपाल ने लिखा है, प्रथमदृष्टया मुझे विश्वास हो गया है कि आपकी सरकार ने सदन में विश्वास खो दिया है और आपकी सरकार अल्पमत में है। यह स्थिति अत्यंत गंभीर है, इसलिए संवैधानिक रूप से अनिवार्य एवं प्रजातांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवश्यक हो गया है कि दिनांक 16 मार्च को मेरे अभिभाषण के बाद विश्वासमत परीक्षण करें।

  • हवाई उड़ानों में बढ़ोतरी की जाए उदयपुर में – सांसद दीयाकुमारी

    [object Promise]

    जयपुर / नई दिल्ली । राजसमन्द की सांसद दीयाकुमारी ने जयपुर उदयपुर जयपुर, दिल्ली उदयपुर दिल्ली और जयपुर जोधपुर जयपुर इत्यादि हवाई मार्गों पर पर्यटकों के दबाव को देखते हुए उदयपुर के महाराणा प्रताप हवाई अड्डे से उड़ानो की संख्या मे वृद्धि करने को लेकर केन्द्रीय शहरी एवं नगरीय विकास राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की।
    उदयपुर वायुयान उड़ानों में बढ़ोत्तरी किये जाने की मांग रखते उन्होंने कहा कि उदयपुर संभाग मुख्यालय होने के साथ ही मेवाड का अति महत्वपूर्ण और बड़ा शहर है। राजसमन्द मार्बल के लिए प्रसिद्ध है तो उदयपुर पर्यटन, इतिहास, संस्कृति और अन्य आकर्षक स्थलों के लिए पूरे विश्व में आकर्षण का मुख्य केन्द्र है। यहां बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक और व्यापारी आते हैं। मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक स्थल जैसे श्रीनाथ जी द्वारकाधीश , श्री एकलिंग जी , रणकपुर ऋषभदेव आदि और पर्यटन स्थल जैसे कुम्भलगढ़, हल्दीघाटी, महाराणा प्रताप से संबंधित स्थलों, चित्तौडगढ़, विभिन्न झीलों, को देखने के लिए हवाई मार्ग से आने वालों के लिए उदयपुर अति निकट व मुख्य स्थान है। वर्तमान में हवाई उड़ाने पर्याप्त नहीं है इस कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि वर्तमान में नई दिल्ली से उदयपुर और जयपुर से उदयपुर की काफी कम हवाई उड़ाने है जिसे तुरन्त प्रभाव से बढ़ाया जाना चाहिए और नई दिल्ली से उदयपुर और जयपुर से उदयपुर हवाई उड़ानों में भी बढोत्तरी की जानी चाहिए।

    [object Promise]

  • प्रदेश में उच्च स्तर से होगी मॉनिटरिंग पेयजल परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और वाटर सप्लाई की

    प्रदेश में उच्च स्तर से होगी मॉनिटरिंग पेयजल परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और वाटर सप्लाई की

    जयपुर। प्रदेश के जलदाय विभाग की तरफ से आगामी गर्मियों के सीजन के मद्देनजर प्रदेश में चल रही विभिन्न पेयजल परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा सभी जिलों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की उच्च स्तर से मानिटरिंग की जाएगी। इसके लिए विभाग के करीब दर्जन भर चीफ इंजीनियर्स एवं एडिशनल चीफ इंजीनियर्स को अलग—अलग जिलों का प्रभारी बनाया गया है। ये अधिकारी हर माह अपने प्रभार वाले जिलों का कम से कम एक बार दौरा कर मॉनिटरिंग, निरीक्षण एवं समन्वय का कार्य करेंगे तथा निर्धारित बिन्दुओं पर अपनी मासिक रिपोर्ट तैयार कर जलदाय मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला और प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव को प्रस्तुत करेंगे।

    इनको सौंपा जिलों का प्रभार

    जलदाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव ने बताया कि मुख्य अभियंता (शहरी) को कोटा, झालावाड़, बारां व बूंदी तथा जयपुर जिले से संबंधित परियोजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार मुख्य अभियंता (ग्रामीण) को बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर व चूरू जिले की जिम्मेदारी दी गई है। चीफ इंजीनियर (जोधपुर प्रोजेक्ट) को जोधपुर, जालौर, बाड़मेर एवं जैसलमेर, चीफ इंजीनियर (नागौर प्रोजेक्ट) को भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर एवं करौली, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (विशेष प्रोजेक्ट) को अजमेर एवं नागौर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) क्वालिटी कंट्रोल को सीकर, झुंझुनू, एवं दौसा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट बाड़मेर) को पाली एवं सिरोही, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (बीसलपुर प्रोजेक्ट) को टोंक एवं अलवर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं सचिव,आरडब्ल्यूएसएसएमबी को उदयपुर, राजसमंद एवं डूंगरपुर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (डी एंड एचपी) को बांसवाड़ा एवं प्रतापगढ़ तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रोजेक्ट को भीलवाड़ा एवं चित्तौड़गढ़ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

    आगामी 23 मार्च से होंगे दौरे

    प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि ये सभी मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता आगामी 23 मार्च से अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्र का दौरा करेंगे तथा वहां चल रही परियोजनाओं के कार्यों तथा पेयजल सप्लाई की व्यवस्था की मौके पर विस्तृत समीक्षा करेंगे। सभी अधिकारियों को कहा गया है कि जिले में चल रही जल प्रदाय योजनाओं के कार्य समय पर पूरे करने के लिए समुचित क्रिटिकल मैटेरियल उपलब्ध हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

    हैंडपंप रिपेयरिंग,आरओ प्लांट्स तथा सोलर डीएफयू का होगा निरीक्षण
    यादव ने बताया कि इसके अलावा सभी चीफ इंजीनियर्स एवं एडिशनल चीफ इंजीनियर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे हैंडपंप रिपेयरिंग अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए साइट का दौरा करें। जहां कहीं भी जल परिवहन की व्यवस्था चल रही है उसकी समीक्षा करें और कुछ चुनिंदा स्थानों पर जाकर इस व्यवस्था का निरीक्षण करें। अधिकारियों को ट्यूबवेल एवं हैंडपंप को समय पर कमीशन करने की व्यवस्था के साथ ही लंबित विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था का जायजा लेने के भी निर्देश दिए गए हैं। वे जिलों में आरओ प्लांट्स तथा सोलर डीएफयू (डी-फ्लोरिडेशन यूनिट्स) वाले चुनिंदा स्थानों को व्यक्तिगत रूप से देखेंगे और इस बारे में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

    ये बिन्दु भी रहेंगे शामिल

    प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने प्रभार वाले जिलों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ—साथ आगामी वित्तीय वर्ष 2020—2021 में स्वीकृत किए जा सकने वाले कार्य एवं योजनाओं के बारे में भी आंकलन कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। उनको जिलों में अंतर विभागीय इश्यूज एवं कांट्रेक्टर्स से संबंधित मुद्दों पर भी अपनी रिपोर्ट देनी होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के साथ ही बजट घोषणाओं तथा राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने ट्यूर प्रोग्राम की प्रमुख शासन सचिव से अग्रिम स्वीकृति लेनी होगी।

    रीजनल एसीई करेंगे सप्ताह में एक दौरा

    उन्होंने बताया कि इसके अलावा जलदाय विभाग के सभी रीजनल कार्यालयों के एडिशनल चीफ इंजीनियर्स को भी अपने अधीन आने वाले जिलों में से प्रति सप्ताह कम से कम एक जिले का दौरा करने और वहां पर रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं। उनको संबंधित जिलों के कम से कम ऐसे दो गांव जहां पेयजल की समस्या हो, का दौरा कर वहां पेयजल सप्लाई से संबंधित व्यवस्था का फीडबैक लेना होगा।

  • जोधपुर: बड़ा सड़क हादसा शेरगढ़ में, 11 लोगों की मौत, CM गहलोत ने जताई संवदेना

    [object Promise]

    जयपुर। जोधपुर जिले के शेरगढ़ थाना इलाके में बालोतरा-फलौदी मेगा हाइवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। इसमें दूल्हा-दुल्हन सहित 11 लोगों की मौत और 3 जने घायल हाे गए हैं। बोलेरो सवार नवविवाहित जोड़े को लेकर बालोतरा से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। टक्कर के बाद बोलेरो ट्रॉले के नीचे पूरी तरह से दब गई।

    इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि शेरगढ़ क्षेत्र के बालोतरा-फलौदी मेगा हाइवे पर जोधपुर में हुए दर्दनाक हादसे के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई। जो लोग अपने प्रियजनों को खो देते हैं, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना, भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

    जोधपुर जिले के शेरगढ़ थाना इलाके में मेगा हाई-वे पर सोईन्तरा गांव के पास शनिवार सुबह ट्रोले और बोलेरो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 11 लोग मौत हो गई हैं। इनमें 4 पुरुष , 6 महिलाएं और 1 बच्चे की मौत हुई है। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची शेरगढ़ पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला है।

    पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह 9 बजे मेगा हाइवे पर सोइंतरा में गंवारिया होटल के पास हुआ। शेरगढ़ पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रोले को हटवा कर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया गया कि बालोतरा के पास कानोना गांव के विक्रम और सीता की शादी 27 फरवरी को हुई थी। आज सुबह परिजन मंदिर जाने के लिए निकले थे।