Category: state-news

  • जयपुर में दो मंजिला इमारत ढही सिलेंडर फटने से, महिला सहित 2 लाेगों की मौत

    जयपुर में दो मंजिला इमारत ढही सिलेंडर फटने से, महिला सहित 2 लाेगों की मौत

    जयपुर। जयपुर में चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर मंदिर के पास सोमवार सुबह सिलेंडर फटने से दो मंजिला इमारत ढह गई । इसमें एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई है इसमें दो जने घायल हो गए हैं। पुलिस और डिफेंस की टीम, दमकल की गाड़ी मौके पर मौजूद है। घायलों को सवाई मानसिंह चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। ताडकेश्वर मंदिर में फंसे श्रद्धालुओं को रेस्कयू टीम ने बाहर निकाल लिया है। मौके पर पहुंचे विधायक अमीन कागजी ने बताया कि यह हादसे पर पुलिस और रेस्कयू टीम ने तत्काल काबू पा लिया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर चौडा रास्ता में वन वे कर दिया है। मलबे को हटाया जा रहा है।

  • किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा पशुपालन-मत्स्य पालन के लिए भी

    किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा पशुपालन-मत्स्य पालन के लिए भी

    जयपुर। पशुपालन एवं मत्स्य पालन गतिविधियों के लिए भी किसान क्रेडिट कार्ड से अल्पकालीन ऋण सुविधा मिल सकेगी। पशुपालन विभाग ने प्रदेशभर में अभियान चलाकर 35 हजार से अधिक पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा है।

    पशुपालन मंत्री लाल चंद कटारिया ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं का विस्तार करते हुए इसे पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जोड़ा गया है। पशुपालकों से आवेदन प्राप्त कर संबद्ध बैंकों को अग्रेषित किए गए हैं। इससे श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान, पशुओं के लिए चारा व दाना खरीदने, बिजली-पानी, पशु चिकित्सा एवं पशु बीमा के लिए कार्यशील पूंजी उपलब्ध हो सकेगी।

    पशुपालन विभाग के सचिव डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थाओं के माध्यम से अभियान चलाकर पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनवा सकते हैं और कार्ड की लिमिट बढ़वा सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रपत्र को भरकर संबद्ध बैंक में जमा करना होगा। उन्होंने पशुपालकों, मत्स्य पालकों एवं डेयरी किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन करवाने में सहयोग के लिए सभी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखा है।

  • RAJASTHAN: CM गहलोत ने ली उच्चस्तरीय बैठक कोरोनावायरस का संदिग्ध मरीज मिलने से , दिए ये निर्देश

    RAJASTHAN: CM गहलोत ने ली उच्चस्तरीय बैठक कोरोनावायरस का संदिग्ध मरीज मिलने से , दिए ये निर्देश

    जयपुर। कोरोना वायरस ने दिल्ली में दस्तक देने के बाद जयपुर में भी एक केस सामने आया है। एसएमएस अस्पताल में इटली से जयपुर आए एक यात्री की जांच रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में अपने आधिकारिक निवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक की।

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैठक में कहा है कि कोरोना वायरस के संबंध में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाए और अगर किसी भी पर वायरस से संक्रमित होने का शक है तो उसकी पूरी जांच की जाए।

    मुख्यमंत्री ने दिए आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश…

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह भी निर्देश दिए है कि इटली से आए संदिग्ध कोरोना वायरस के रोगी के यात्रा की जानकारी हासिल की जाए और उन लोगों की जांच की जाए जिनके साथ यह व्यक्ति यात्रा के दौरान संपर्क में आया था।

    मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि अगर कोई व्यक्ति स्क्रीनिंग के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित मिलता है तो उस व्यक्ति को घर में या अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड में रखा जाए।

    इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा, राज्य के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता समेत स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे।

    आपको बताते जाए कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 3,000 के आंकड़े को पार कर चुकी है।

  • छत्तीसगढ़ बजट 2020 : बजट पेश किया मुख्यमंत्री बघेल ने, नए कर का प्रावधान नहीं

    छत्तीसगढ़ बजट 2020 :  बजट पेश किया मुख्यमंत्री बघेल ने, नए कर का प्रावधान नहीं

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दूसरी बार मंगलवार को सदन में वर्ष 2020-21 के लिए 102,907 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। इस बजट में सभी वगरें के विकास और कल्याण की बात कही गई है। बजट में किसी नए कर का प्रावधान नहीं है। मुख्यमंत्री बघेल ने बजट को सभी वगरें के लिए समर्पित बताया। उन्होंने कहा, “यह बजट सर्वेभवन्तु सुखिन: सर्वे सन्तु निरामया: की भावना के साथ किसानों व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो की समृद्घि, गांवों की आर्थिक प्रगति, शिक्षा में प्रगति के नए सोपान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्गो के विकास, युवाओं की ऊर्जा का उत्पादक संसाधन के रूप में अनुप्रयोग, शहरी एवं ग्रामीण अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा संवेदनशील प्रशासन की अवधारणा के साथ छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित है।”

    उन्होंने कहा, “यह बजट मुख्य रूप से गढ़बो नवा छत्तीसगढ़, स्वस्थ एवं सुपोषित नई युवा पीढ़ी का निर्माण की भावना के साथ सुपोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी एवं विस्तार तथा युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक एवं उत्पादक रूप में उपयोग कर उनके राज्य को सशक्त संसाधन के रूप में विकसित करने पर केंद्रित है।”

    बघेल ने कहा कि बजट में प्रावधान किया गया है कि आईआईटी, आईआईएम एवं एम्स जैसे राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लेने वाले राज्य के युवाओं के शिक्षण शुल्क का भार शासन द्वारा वहन किया जाएगा। ऐसे युवाओं की प्रतिभा का राज्य के विकास में उपयोग करने के लिए शासकीय, अर्धशासकीय संस्थानों में सीधे चयन की पात्रता दी जाएगी।

    इसी तरह बजट में राज्य के सभी परिवारों को पीडीएस प्रणाली में शामिल किया गया है। एपीएल कार्ड धारकों को भी अब 10 रुपए प्रति किलो चावल दिया जाएगा। इसमें राज्य के 56 लाख कार्ड धारकों को फायदा होगा। अनुसूचित जनजाति बाहुल्य इलाकों के प्रति परिवार महीने में दो किलो चना दिया जाएगा।

    वहीं, बस्तर में प्रति परिवार दो किलो गुड़ मुफ्त में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुपोषण योजना को पूरे राज्य में शुरू करने की घोषणा भी की गई है। अभी तक यह सिर्फ बस्तर इलाके तक ही सीमित था। इसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा।

    बघेल द्वारा पेश किए गए बजट वर्ष 2020-21 में कोई नया कर प्रस्तावित नहीं है। उनका कहना है कि यह बजट पूर्णत: जन कल्याण को समर्पित है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने कहा कि किसानों को बोनस नहीं दे सकते। लेकिन हम किसानों को धान का मूल्य 2500 रुपये देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आगे कहा, “समर्थन मूल्य से अंतर की राशि ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ के अंतर्गत देंगे। किसानों का हित सवरेपरि है।”

  • लोकायुक्त विधेयक लाएगा पंजाब बजट सत्र में

    लोकायुक्त विधेयक लाएगा पंजाब बजट सत्र में

    चंडीगढ़। अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले पंजाब के मंत्रिमंडल ने सोमवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए, चुनाव पूर्व किए गए वादे को निभाने के लिए पंजाब लोकायुक्त विधेयक 2020 पेश किया। यह विधेयक सभी पदाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक को कवर करेगा। यह निर्णय मौजूदा पंजाब लोकपाल कानून 1996 को निरस्त कर देगा। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, गैर-अधिकारियों और सभी सार्वजनिक कार्यालयों के अधिकारियों पर नया कानून लागू होगा। इसका मकसद गर्वनेस को आगे बढ़ाना और भ्रष्टाचार की जांच करना है।

    इस विधेयक को चालू बजट सत्र में पेश किया जाएगा। कानून में यह बदलाव राज्य में सार्वजनिक अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों और आरोपों की जांच के लिए एक स्वायत्त निकाय बनाए जाने की बात कहता है। इसके अलावा यह कानून लोकायुक्त की नियुक्ति और उससे जुड़े मामलों के लिए भी प्रावधान तय करता है।

    लोकायुक्त के पास 1908 की सिविल प्रक्रिया संहिता के तहत सिविल कोर्ट की सभी शक्तियां होंगी। यह झूठी शिकायतों के मामलों में अभियोजन का प्रावधान भी करेगा।

    मुख्यमंत्री और विधायकों के अभियोजना को नए कानून के तहत सदन के दो तिहाई बहुमत से ही मंजूरी दी जा सकेगी।

    इस विधेयक को लेकर एक अधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि नोटिस जारी करने से पहले लोकपाल से जुड़ी सभी शिकायतों की एक स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा जांच की जाएगी। स्क्रीनिंग कमेटी मामले में सरकार की राय भी लेगी।

    लोकायुक्त में एक चेयरपर्सन शामिल होगा, जो हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट का जज हो या रहा हो।

    इन सदस्यों की संख्या 4 से अधिक नहीं होगी, इनकी नियुक्ति सरकार द्वारा की जाएगी। लोकायुक्त का कम से कम एक सदस्य अनुसूचित जाति, पिछड़ा, अल्पसंख्यक या महिला वर्ग से होगा या इन सभी से संबंधित होगा।

    राज्यपाल द्वारा चेयरपर्सन और सदस्य की नियुक्तियां एक चयन समिति द्वारा दी गई अनुशंसाओं के आधार पर की जाएगी। समिति में मुख्यमंत्री बतौर चेयरपर्सन, विधानसभा अध्यक्ष, विपक्ष के नेता, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राज्य द्वारा नामित किए जाए वाले प्रमुख न्यायवादी इसके सदस्य होंगे।

  • गैस सिलेंडर हादसा: खाद्य मंत्री ने संवेदना जताई मृतकाें के परिजनों से मिलकर , हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

    गैस सिलेंडर हादसा: खाद्य मंत्री ने संवेदना जताई मृतकाें के परिजनों से मिलकर , हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

    जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश चन्द मीना ने मंगलवार को चौड़ा रास्ता जयपुर स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में गैस सिलेंडर लीकेज से हुई दुर्घटना में मृतका के घर जाकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मृतकों एवं घायल के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।

    खाद्य मंत्री ने गैस सिलेंडर दुर्घटना में हुई जन हानि एवं संपत्ति के नुकसान का शीघ्र सर्वे करके संबंधित बीमा कंपनी से बीमा रकम मृतकों एवं घायल के परिजनों को शीघ्र सहायता राशि दिलवाये जाने की कार्यवाही के लिए तेल कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जांच करने हेतु तेल कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देशित कर दिया गया है।

    खाद्य मंत्री ने परिजनों को ढांढस बन्धाते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जो भी आर्थिक सहायता दी जानी है, वह शत -प्रतिशत उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंंने दुर्घटना की प्रशासनिक जांच हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

    मृतक के आश्रित को 50 हजार रुपये देने की घोषणा :
    किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने मृतक आश्रित को 50 हजार रुपये एवं घायल को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की।
    इस अवसर पर मुख्य सचेतक एवं विधायक हवामहल महेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

  • कवि प्रदीप की रचनाएं महात्मा गांधी का संदेश हैं – अशोक गहलोत

    कवि प्रदीप की रचनाएं महात्मा गांधी का संदेश हैं – अशोक गहलोत

    जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि देशभक्ति, मानवता और साम्प्रदायिक सौहार्द से ओत-प्रोत कवि प्रदीप की रचनाएं नई पीढ़ी को सुनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा है कि इन कार्यक्रमाें के माध्यम से आज के युवा जान सकेंगे कि देश को आजादी हासिल करने के लिए किन हालातों से गुजरना पड़ा था।

    गहलोत रविवार को जोधुपर के एसएन मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध गीतकार कवि प्रदीप द्वारा लिखे गीतों पर आधारित कार्यक्रम ’ऎ मेरे वतन के लोगो……’ में उपस्थित श्रोताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि लोग महात्मा गांधी के संदेश आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि कवि प्रदीप के गीत गांधीजी के जीवन संदेश का गुलदस्ता हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में जो डर और तनाव है उसे बदलने के लिए सार्वजनिक जगहों पर प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाले कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऎसा माहौल बनाया जाएगा कि राजस्थान पूरे देश में शांति और सद्भाव की मिसाल बन सके।

    गहलोत ने कार्यक्रम में पूरे मनोयोग से गीतों का आनन्द लिया और कलाकारों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि सत्तर वर्ष से भी अधिक पहले लिखी गई कवि प्रदीप की रचनाएं आज भी मौजूं हैं और देश के वर्तमान हालात पर एकदम सटीक बैठती हैं। उनके गीत और कविताएं मानवता का संदेश देती हैं।

  • अब समूह की महिलाएं बनाएगी जिले में एलईडी बल्ब, लिया प्रशिक्षण

    अब समूह की महिलाएं बनाएगी जिले में एलईडी बल्ब, लिया प्रशिक्षण

    पंचकूला। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पिंजौर द्वारा स्टार्टअप विलेज इंटरप्रिन्योरशिप प्रोग्राम के तहत समूह के सदस्यों एवं उनके परिवार के सदस्यों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण लगातार करवाए जा रहे हैं ताकि महिलाएं इनसें प्रशिक्षण को लेकर समूह के माध्यम से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर सके। इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन कार्य कर रहा है।
    उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा के मार्गदर्शन में ग्रामीण आजीविका मिशन बेहतर कार्य कर रहा है और निरंतर महिलाओं को समूहों से जोड़कर स्वावलम्बी बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में एक कदम बढ़ाते हुए ब्लॉक पिंजौर आजीविका मिशन कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में आस-पास के समूहों की 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागी यह प्रशिक्षण लेकर स्वयं को गाैरवान्वित महसूस कर रहे थे। क्योंकि उन्हें इस प्रशिक्षण में कड़ी मेहनत से एलईडी बल्ब बनाने और मरम्मत करने में माहरत हांसिल की है। सभी सदस्यों ने बताया कि हम अब खुद एलईडी बल्ब की असेंबलिंग एवं रिपेयरिंग आसानी से कर सकते हैं।

  • 25 हजार का इनामी बदमाश मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

    25 हजार का इनामी बदमाश मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

    नोएडा, लूटपाट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को थाना फेस-2 पुलिस ने मध्य प्रदेश के जनपद सिंधी से गिरफ्तार किया है।सहायक पुलिस आयुक्त हरीश चंदर ने बताया की दो फरवरी को थाना फेस-2 क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अमन व मोहित नामक दो बदमाशों को लगी थी। इन बदमाशों के पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से लूटी हुई चार कारें बरामद की थी। डीसीपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर रिषित मिश्रा उर्फ चीनू पुत्र राजकुमार मिश्रा व अमित पाठक मौके से फरार हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी पर कमिश्नर गौतम बुद्ध नगर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर 29 फरवरी की देर रात को थाना फेस-2 पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंधी जनपद से रिषित मिश्रा उर्फ चीनू को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उस पर लूटपाट, रंगदारी वसूलने, हत्या के प्रयास सहित आठ से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस बदमाश ने अपने गैंग के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लूटपाट की दर्जनों वारदातें करनी स्वीकार की है।

  • जयपुर: कोरोना वायरस की पुष्टि इटली से आए दंपत्ति में

    जयपुर: कोरोना वायरस की पुष्टि इटली से आए दंपत्ति में

    जयपुर। पूरे विश्व में आहाकार मचा रहा काेरोना वायरस अब राजधानी जयपुर में अपने पांव पसारने को तैयार है। जयपुर में कोरोना वायरस से पीड़ित दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार राजधानी जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल में इटली के नागरिक के करोना वायरस की पुष्टि के बाद उसकी पत्नी को भी करोना वायरस की पुष्टिकी गई है।

    कोरोना वायरस पर सीएम गहलोत ने ली थी बैठक: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में कोरोना वायरस से निपटने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बचाव एवं रोकथाम के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
    कोरोना वायरस के एक संदिग्ध रोगी इटली के नागरिक के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती होने एवं यहां किए गए टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद आयोजित इस समीक्षा बैठक में गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस वायरस के संबंध में केन्द्र सरकार की गाइडलाइन को पूरी तरह फोलो किया जाए और किसी भी व्यक्ति में इस वायरस से संबंधित कोई लक्षण नजर आए तो उसकी पूरी स्कि्रनिंग करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि कोरोना वायरस को लेकर जनता में किसी तरह का भय नहीं हो। विभाग पूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराए ताकि स्कि्रनिंग से लेकर इलाज में भी कोई कमी नहीं आए।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि इटली से आए इस संदिग्ध रोगी की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी लेकर उन लोगों की स्कि्रनिंग की जाए, जिनसे यह व्यक्ति प्रदेश में अपनी यात्रा के दौरान सम्पर्क में आया है। उन्होंने कहा कि ऎसी व्यवस्था की जाए कि स्कि्रनिंग के दौरान अन्य किसी व्यक्ति में इस वायरस के लक्षण दिखाई दें तो उसे होम आईसोलेशन अथवा हॉस्पिटल में आईसोलेशन वार्ड में रखा जाए।

    गहलोत ने सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भण्डारी एवं वरिष्ठ चिकित्सों को निर्देश दिए कि स्कि्रनिंग एवं संदिग्ध रोगियों को आईसोलेशन में रखने के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएं।

    बैठक में अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध रोगी 28 फरवरी को जयपुर पहुंचे 20 लोगों के इटली के समूह में शामिल था और इसी दिन रात को उसे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया था। जहां से 29 फरवरी को उसे फोर्टिस सवाई मानसिंह चिकित्सालय लाया गया। यहां उसकी स्वाइन फ्लू एवं कोरोना वायरस से संबंधित जाचें की गई जिनका परिणाम नेगेटिव आया था।

    संदिग्ध रोगी के सोमवार को फिर से किए गए सैकण्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में पॉजिटिव परिणाम आने के बाद उसे एसएमएस अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड के आईसीयू में रखा गया है और सभी तरह की सावधानियां बरती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मरीज का सैम्पल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। संदिग्ध रोगी के बारे में इटली के दूतावास को जानकारी दे दी गई है।
    बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा, मुख्य सचिव डी.बी.गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य रोहित कुमार सिंह, चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया, सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भण्डारी एवं एसएमएस अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक भी शामिल हुए।