Category: sports

  • बेन स्टोक्स : पहले ही मैच में कप्तान बनकर रचा इतिहास

    इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 8 जुलाई को कार्डिफ में हुआ। सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान टीम को इंग्लैंड की अनुभवहीन टीम के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में इंग्लैंड टीम की कप्तानी बेन स्टोक्स कर रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तीन खिलाड़ियों समेत सात सदस्य कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए, जिसके चलते पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले इंग्लैंड की वनडे टीम में बदलाव करने पड़े। कप्तान के तौर पर सबसे अनुभवहीन टीम की अगुवाई करने के मामले में स्टोक्स ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। कप्तान और बाकी खिलाड़ियों के बीच अनुभव को लेकर स्टोक्स का रेशियो धोनी से थोड़ा से ज्यादा हो गया।

    2016 में टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे दर्जे की टीम के साथ खेलने उतरी थी, हालांकि तब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ही थे। धोनी उस समय 275 वनडे मैच खेल चुके थे, जबकि बाकी टीम ने मिलकर कुल 73 वनडे मैच खेले थे। धोनी और बाकी टीम के अनुभव का रेशियो 3.767 था। पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड टीम की बात करें तो स्टोक्स ने कुल 98 वनडे मैच खेले हैं, जबकि बाकी इंग्लैंड टीम ने मिलाकर कुल 26 मैच खेले हैं। इस तरह से स्टोक्स और बाकी इंग्लिश टीम के अनुभव का रेशियो 3.769 था।

  • Arjuna Ranatunga : विवादित बयान पर Aakash Chopra का पलटवार

    भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्‍लेबाज आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने श्रीलंका के पूर्व कप्‍तान अर्जुना राणातुंगा (Arjuna Ranatunga) की जमकर क्‍लास लगाई. राणातुंगा ने कहा था कि भारत ने उनके देश में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने के लिए अपने दूसरे दर्जे की टीम भेजी है जो अपमानजनक है. इसपर आकाश चोपड़ा ने जवाब देते हुए कहा कि श्रीलंका क्रिकेट टीम को अपनी मौजूदा स्थिति पर पहले आत्‍म मंथन करना चाहिए.

    आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने कहा, “ये सच है कि भारत ने अपनी मुख्‍य टीम को श्रीलंका नहीं भेजा है. जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, मोहम्‍मद शमी, रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी इस टीम में नहीं हैं लेकिन इसके बाजवूद भी क्‍या आपको ये हमारी बी टीम नजर आती है ?”

    “इस सीरीज के लिए भारत की के संभावित 11 क्रिकेटर्स के पास 471 वनडे मैचों का अनुभव है. हां ये हमारी पहली टीम नहीं है. अगर श्रीलंका अपनी पहली टीम चुनेगा तो बताइये कि उनके सब क्रिकेटर्स ने कुल मिलाकर कितने मैच खेले होंगे. अगर आप अनुभव की अनुभव से बराबरी करना चाहते  हो तो ये तुलना भी बेहद दिलचस्‍प होने वाली है.”

    आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने कहा, “श्रीलंका क्रिकेट टीम को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए. अफगानिस्‍तान को टी20 विश्‍व कप का क्‍वालिफायर नहीं खेलना है. श्रीलंका को खेलना पड़ेगा. यह एक सच्‍चाई है. सच्‍चाई ये है कि श्रीलंका क्रिकेट इस वक्‍त बुरी तरह से जूझ रहा है. इंग्‍लैंड में श्रीलंका की मौजूदा सीरीज के नंबर ही आप देख लीजिए.”

    बता दें कि शिखर धवन की कप्‍तानी में भारतीय टीम इस वक्‍त श्रीलंका दौरे पर है. इस टीम में युवा क्रिकेटर्स को मौका दिया गया है. राहुल द्रविड़ भारतीय दल के मुख्‍य कोच के रूप में श्रीलंका पहुंचे हैं. तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की ये सीरीज 13 जुलाई से शुरू होगी.

  • टी-20 मैचों की सीरीज – टूट सकता है 87 साल पुराना रिकॉर्ड

    भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच काफी रोमांचक होने वाले है, क्यूकि इस मैच मे भारत को मिलेगा उसका सबसे उम्रदराज कप्तान साथ ही साथ कुछ ऐसा होगा जोकि पीछले 87 सालों में नहीं हुआ  था. लेकीन इन सब के बीच 3 वनडे और इतने ही टी-20 मैचों की सीरीज पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है.  13 जुलाई की जगह अब सीरीज की शुरुआत 17 जुलाई से हो सकती है.  श्रीलंका के बैटिंग कोच और डेटा एनालिस्ट के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद यह फैसला लिया जा सकता है.
    इस सीरीज में भारत की ओर से 4 बड़े रिकॉर्ड बन सकते हैं. भारतीय कप्तान शिखर धवन पहले वनडे में उतरते ही भारत के सबसे उम्रदराज कप्तान बन जाएंगे. वहीं, 2 भाइयों की जोड़ी एक ही मैच में उतर सकती है.  इसमें क्रुणाल पंड्या-हार्दिक पंड्या और राहुल चाहर और दीपक चाहर शामिल हैं. ऐसा हुआ तो 87 साल पुराना रिकॉर्ड टूटेगा.

    धवन के पास अनोखा रिकॉर्ड बनाने का मौका
    धवन की उम्र फिलहाल 35 साल 220 दिन के हैं और  भारत के 25वें वनडे कप्तान हैं.  इतनी उम्र में कप्तानी संभालने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय कप्तान हैं.  कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में उतरते ही ओवरऑल वनडे में वे तीसरे सबसे उम्रदराज कप्तान बनेंगे. 
    इस लिस्ट में सबसे ऊपर वेस्टइंडीज के फ्लॉयड रीफर का नाम है. वे 37 साल की उम्र में वनडे टीम के कप्तान बने थे. वहीं, पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज को 36 साल की उम्र में कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

    भाइयों की 2 जोड़ी साथ-साथ खेल सकती है
    भारतीय स्क्वॉड में पंड्या और चाहर ब्रदर्स को जगह मिली है. अगर वे वनडे या टी-20 सीरीज में साथ में मैदान पर उतरे तो 1934 के बाद यह पहली बार होगा कि प्लेइंग-11 में 2 भाइयों की जोड़ी साथ-साथ मैच खेलेगी.
    इससे पहले 1934 में चेन्नई के चेपक स्टेडियम में सीके नायडू-सीएस नायडू और नाजिर अली-मुश्ताक अली की भाइयों की जोड़ी टीम इंडिया से साथ-साथ खेली थी.

    धवन के पास अमला का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
    भारतीय कप्तान धवन को श्रीलंका के खिलाफ रन बनाना पसंद हैं.  उन्होंने अब तक श्रीलंका के खिलाफ 16 मैच की 16 पारियों में 983 रन बनाए हैं. पहले वनडे में 17 रन बनाते ही वे श्रीलंका के खिलाफ सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के पूर्व ओपनर हाशिम अमला के नाम था. उन्होंने 18 पारियों में यह कारनामा किया था.

    श्रीलंका के खिलाफ सबसे सफल टीम बनने का मौका
    पिछले 37 साल में भारत और श्रीलंका ने हर साल कम से कम 1 वनडे जरूर खेला है। दोनों के बीच अब तक कुल 159 वनडे मैच खेले गए हैं. यह दुनियाभर के किसी 2 टीम के बीच सबसे ज्यादा मैच हैं. अगर भारत वनडे सीरीज को 3-0, 2-0 या 2-1 से जीत लेता है, तो टीम के श्रीलंका के खिलाफ 96 जीत हो जाएंगी. यह किसी एक टीम की श्रीलंका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा जीत होगी.

  • क्रिकेट : इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में पकिस्तान को हराकर किया क्लीन स्वीप

    इंग्लैंड की पाकिस्तान को तीसरे वनडे में 3 विकेट से हराकर सीरीज पर 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इंग्लैंड की अनुभवहीन टीम ने मंगलवार को एजबेस्टन में खेले गए तीसरे वनडे मैच मे  332 रनों का लक्ष्य 48 वें ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स विंस ने 102 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की जीत की हीरो रहे जेम्स विंस ने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा। उनके अलावा , लुइस ग्रेगरी ने 77 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की तरफ से कप्तान बाबर आजम ने 158 रनों की पारी खेली। लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड को क्लीन स्वीप नहीं रोक पाए।

    इंग्लैंड पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में अपनी नई नवेली टीम के साथ उतरी थी। कई इंग्लिश खिलाड़ियों के कोरोना की चपेट में आने के चलते इंग्लैंड अपनी नई टीम के साथ इस वनडे सीरीज में उतरी थी। बेन स्टोक्स की अगुवाईन भी तीसरे वनडे में भी इंग्लैंड की टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 331 रन बनाए। बाबर आजम ने इस मैच में अपने वनडे करियर का 14वां शतक जड़ते हुए बाबर ने सबसे कम पारियों में 14 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ा। बाबर ने 81 पारियों में ये रिकॉर्ड बनाया।

    बाबर के अलावा मोहम्मद रिजवान ने 58 गेंदों में 74 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से ब्रायडेन कार्स ने पांच विकेट लिए। उन्होंने अपने करियर में पहली बार पांच विकेट लिए। इंग्लैंड के जेम्स विंस को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इंग्लैंड के साकिब महमूद को मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। जीत के बाद विंस ने कहा कि देश के लिए शतक बनाना मेरे बड़े होने के सपनों में से एक था। 24 वें ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 165 रन पर पांच विकेट था। इसके बाद उन्होंने लुईस ग्रेगरी के साथ मिलकर 129 रनों की पार्टनरशिप की और इंग्लैंड को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।  

  • टोक्यो ओलम्पिक का पहला सिल्वर-मेडल मुबारक, भारत का पहले दिन ही शानदार आगाज़, मीराबाई चानू ने दिलाया पहला मेडल

    टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने पहला मेडल जीत लिया है। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किलोग्राम वेट कैटेगरी में कुल 202 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता। चीन की होउ जिहूई ने 210 किलोग्रम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। इंडोनेशिया की कैंटिका विंडी ने ब्रॉन्ज जीता।

    दूसरी ओर भारतीय शूटर सौरभ चौधरी 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। सौरभ 6 सीरीज के क्वालिफाइंग राउंड में 600 में से 586 अंक हासिल कर पहले स्थान पर रहे थे। लेकिन फाइनल में वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।

    पुरुष हॉकी में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर बेहतरीन आगाज किया है। दीपिका कुमारी और प्रवीण जाधव की जोड़ी तीरंदाजी मिक्स्ड इवेंट के क्वार्टर फाइनल में हार गई। वहीं, शूटिंग में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में भारत की इलावेनिल वालारिवन और अपूर्वी चंदेला फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। जूडो में भारत की सुशीला देवी को हार का सामना करना पड़ा।

    हरमनप्रीत ने किए दो गोल

    पुरुष हॉकी में पुरुष वर्ग के पूल ए में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हरा दिया है। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह (26वें और 33वें मिनट) ने दो और रुपिंदर पाल सिंह (10वें मिनट) ने एक गोल किया। न्यूजीलैंड की ओर से केन रसेल ने छठे मिनट में पहला और स्टीफन जेनेस (43वें मिनट) में दूसरा गोल किया। ओलिंपिक गेम्स में यह भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8वीं भिड़ंत थी। इसमें भारतीय टीम ने 5वीं बार जीत हासिल की है।

  • भारत के पूर्व महान बैडमिंटन खिलाड़ी नंदू नाटेकर ने 88 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा

    भारत के पूर्व महान बैडमिंटन खिलाड़ी नंदू नाटेकर का निधन हो गया है। उन्होंने 88 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। नंदू भारत के पहले बैडमिंटन खिलाड़ी थे जिन्होंने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता था। यह उपलब्धि उन्होंने साल 1956 में हासिल की थी। उनके निधन के बाद खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। अपने बैडमिंटन करियर में नंदू नाटेकर ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। इसके अलावा उन्होंने 6 बार नेशनल चैंपियनशिप का खिताब जीता था। साल 1961 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया गया। यह अवॉर्ड पाने वाले वह भारत के पहले बैडमिेंटन खिलाड़ी थे। 

    नंदू नाटेकर पहले क्रिकेटर बनना चाहते थे और उन्होंने क्रिकेट खेला भी। लेकिन उनका मन क्रिकेट में नहीं लगा। इसके बाद नंदू ने अपना ध्यान बैडमिंटन पर लगाया। इसके बाद बैडमिंटन में उन्होंने नया मुकाम हासिल किया। उन्होंने साल 1953 में 20 साल की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। अपने बैडमिंटन करियर में उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कीं। वह साल 1954 में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने फिर कभी इस स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया।

  • सेमीफाइनल में पहुँचने से अरविंद-अर्जुन की जोड़ी से बढ़ी पदक की उम्‍मीद

    मेरठ भारत की नौकायन टीम ने अपने शानदार खेल से भारत को इस खेल में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा दिया है। इससे पदक की उम्‍मीद बढ़ गई है। नौकायन यानी रो‍इंग खेल में अर्जुन अरविंद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे नंबर पर अपना स्‍थान पक्‍का किया। पहले स्‍थान पर पोलैड रहा तो वहीं कुछ ही सेकंड के अंतर से दूसरे नंबर पर स्‍पेन रहा। भारत के उम्‍दा प्रदर्शन से अरविंद के निवास स्‍थान बुलंदशहर में खुशी की लहर है। घरवालों का कहना है कि अब तो मेडल की उम्‍मीद पक्‍की हो गई है। भारत को इस मुकाबले में पहली बार ओलिंपिक मेडल मिल सकता है।

    अरविंद के परिजन में हर्ष, बोले जरूर मिलेगा पदक

    रोइंग रेपचेज अरविंद और अर्जुन की जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जिसके बाद खबरा निवासी अरविंद के पिता विजय सिंह, फौज में तैनात भाई हरकेश, दादी सतवीरी, बड़ी मां केसर देवी, ताऊ मान सिंह, तहेरे भाई कालीचरण की खुशी का ठिकाना नहीं है। उनका कहना है कि उन्हें अरविंद पर गर्व है और इसी तरह सेमीफाइनल में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अरविंद फाइनल में प्रवेश करेंगे। साथ ही उसके बाद फाइनल में देश के लिए खेलते हुए स्वर्ण पदक जरूर लाएंगे। अरविंद के सेमीफाइनल में पहुंचने पर परिजनों ही नहीं क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है। लोगों को यही आस लगी है कि अरविंद पदक जीतकर क्षेत्र ही नहीं देश का नाम रोशन करेंगे।रोइंग का सेमीफाइनल मुकाबला 27 जुलाई को खेला जाएगा। अरविंद बोले की सेमीफाइनल में पहुंचकर काफी अच्छा लग रहा है, लेकिन अभी सफर और बचा है। सेमीफाइनल में टॉप-2 आने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी। जिससे सीधे फाइनल में जगह मिल जाए। हम अपना बेस्‍ट देंगे और पूरा प्रयास करेंगे कि देश के नाम पदक जीतें। 

  • Tokyo Olympics पुरुष हाकी के तीसरे मैच में विरोधी टीम के लिए कुरुक्षेत्र के लाल सुरेंद्र कुमार पालड़ का शानदार प्रदर्शन

    टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympics) में पुरुष हाकी के तीसरे मैच में विरोधी टीम के सामने ढाल बनकर खड़े कुरुक्षेत्र के लाल सुरेंद्र कुमार पालड़ ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के 11 वें मिनट में विरोधी टीम स्पेन को मिले पेनाल्टी की गेंद को सुरेंद्र ने रोककर क्लीयर किया। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने स्पेन को तीन-शून्य से हराकर जीत दर्ज करवाई है। इस जीत के बाद भारतीय टीम पुल ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम की जीत से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

    कुरुक्षेत्र जिला में शाहाबाद मारकंडा की महिला हाकी टीम का शुरू से ही बोलबाला रहा है। इस बार भी ओलिंपिक में शाहाबाद की तीन महिला हाकी खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं और पुरुष टीम में कुरुक्षेत्र के सुरेंद्र कुमार पालड़ शामिल हैं। पुरुष हाकी टीम का हिस्सा बने सुरेंद्र पालड़ शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympics) के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए सुरेंद्र ने अंतिम क्षणों में गोल को रोककर भारतीय टीम को बढ़त दिलाई थी। अब मंगलवार को तीसरे मैच में भी सुरेंद्र पूरी लय में दिखे। इस मैच के 11 वें मिनट में स्पेन को पेनाल्टी कार्नर मिला। इस पेनाल्टी को गोल में बदलने के सपने को गोल पोस्ट के सामने ढाल बनकर खड़े सुरेंद्र ने धूमिल कर दिया। सुरेंद्र ने अपनी हाकी स्टिक से गेंद को रोककर क्लीयर दिया।

    इसी खेल का माहिर है सुरेंद्र

    सुरेंद्र पालड़ के भाई नरेंद्र ने बताया कि मैच में जब सुरेंद्र ने विरोधी टीम के पेनाल्टी की गेंद को रोककर क्लीयर किया तो पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। सुरेंद्र शुरू से ही इस खेल का माहिर है। सुरेंद्र के पिता मलखान सिंह ने कहा कि बेटे के खेल ने गदगद कर दिया। टीम लगातार बढ़त बना रही है।

    रक्षा पंक्ति में बेहतर खेल दिखा रहा सुरेंद्र

    भारतीय खेल प्राधिकरण कुरुक्षेत्र के प्रभारी और हाकी कोच गुरविंद्र सिंह ने बताया कि सुरेंद्र ने लगातार दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया है। वह टीम की रक्षा पंक्ति में बेहतर खेल दिखा रहा है। टोक्यो आलिंपिक में तीन में से दो मैच जीतकर भारतीय टीम अब पूल ए में दूसरे स्थान पर आ गई है। भारतीय टीम पदक की ओर बढ़ती जा रही है। अब वीरवार को भारतीय टीम अर्जेंटिना के खिलाफ पूल का चौथा मैच खेलेगी।

  • टोक्यो ओलंपिक में जब 13 साल की बच्चियों के गले में गोल्ड और सिल्वर, ब्रान्ज मे़डल

    जापान की राजधानी टोक्यो (Tokyo Olympics) में चल रहे ओलंपिक में सोमवार को एक अलग नजारा देखने को मिला, जब पोडियम पर मेडल लेने के लिए खड़ी हुईं 3 विजेता खिलाड़ियों में से 2 की उम्र मात्र 13 और एक की 16 साल थी। स्केटबोर्डिंग इवेंट में गोल्ड और ब्रॉन्ज (कांस्य) मेडल जापान की मोमिजी निशिया और नकायामा को मिला, जबकि ब्राजील की रेसा लील को सिल्वर मेडल मिला है।

    स्केटबोर्ड उन चार खेलों में से एक है जिन्हें इस साल टोक्यो (Tokyo Olympics) में आयोजित हुए ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है। अब ये नियमित तौर पर ओलंपिक में खेले जाएँगे। महिलाओं के स्केटबोर्डिंग इवेंट में मेजबान जापान का दबदबा रहा। हालाँकि इस खेल में जापान की परफॉर्मेंस से ज्यादा चर्चा मेडल जीतनी वाली खिलाड़ियों की उम्र की रही।

    नए-नवेले स्केटबोर्डिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जापान की मोमिजी निशिया ने जीता। निशिया की उम्र मात्र 13 साल 330 दिन है। जापान के शहर ओसाका की रहने वाली निशिया ने इसी साल रोम में हुई वर्ल्ड चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था, लेकिन उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि आज खेलों के इस महाकुंभ में उन्होंने आखिरकार गोल्ड मेडल जीत ही लिया।

    ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली फुना नकायामा भी जापान की रहने वाली हैं। 16 वर्षीय नकायामा के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर निशिया ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हीं के देश की खिलाड़ी ने उनके साथ मेडल जीता है। ब्राजील की 13 वर्षीय रेसा लील ने 14.64 का स्कोर करके स्केटबोर्डिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता।

    हालाँकि लील भले ही गोल्ड मेडल जीतने में सफल न हो सकी हों लेकिन उन्होंने एक रिकॉर्ड जरूर बना दिया। सिल्वर मेडल जीतने के बाद ही लील न केवल ब्राजील बल्कि ओलंपिक में मेडल जीतने वाली विश्व की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। हालाँकि स्केटबोर्ड के इस इवेंट में फाइनल में पहुँचने वाले खिलाड़ियों में से आधे खिलाड़ियों की उम्र 16 साल से कम थी।

  • Tokyo Olympics 2020 : पहलवान रवि दहिया और दीपक पूनिया का क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद सेमीफाइनल में प्रवेश

    नई दिल्ली,

    Tokyo Olympics 2020 India Live Updates: टोक्यो ओलिंपिक में आज यानी बुधवार 4 अगस्त को 13वें दिन का खेल खेला जा रहा है। इस दिन भारत की शुरुआत शानदार हुई है। भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने मेंस जेवलिन थ्रो इवेंट में टॉप पर रहते हुए क्वालीफिकेशन राउंड पूरा किया और फाइनल राउंड में जगह बनाई। वहीं, पहलवान रवि दहिया और दीपक पूनिया ने भी क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

    रवि और पूनिया पहुंचे सेमीफाइनल में

    57 किलोग्राम भार वर्ग में रवि कुमार ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वह तकनीकी श्रेष्ठता से क्वार्टर फाइनल जीतने में सफल हुए हैं। रवि ने 14-4 से बुल्गारिया के जॉर्जी वांगेलोव को हराया। अब रवि कुमार को कजाकिस्तान के नुरिस्लाम सनायेव से सेमीफाइनल में भिड़ना होगा।

    वहीं, दीपक ने अपना क्वार्टर फाइनल मैच जीत लिया है। 87 किलोग्राम भार वर्ग में उन्होंने 3 अंकों की बढ़त से जीता है और रवि के बाद दीपक भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। चीन के लिन ज़ुशेन को दीपक पूनिया ने 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है, जहां उनका मुकाबला यूएसए के डेविड मॉरिस टेलर से होगा।

    पूनिया को मिली जीत

    भारत के स्टार पहलवान दीपक पूनिया ने नाइजीरिया के एकरेकेमे एगियोमोर को Tokyo 2020 के 86 KG 1/8 फाइनल में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पूनिया ने 12-1 से एगियोमोर को हराया है। अब उनका सामना क्वार्टर फाइनल में चीन के लिन जुशेन से होगा

    अंशु मलिक को मिली हार

    भारत की अंशु मलिक महिला फ्रीस्टाइल 57 किग्रा 1/8 फाइनल मैच में बेलारूस की इरीना कुराचकिना से हार गईं। इरीना ने यह मैच 8-2 से लगभग एकतरफा अंदाज में जीता। 

    रवि दहिया ने दिखाया दम

    भारतीय पहलवान रवि कुमार ने पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती के 57 किग्रा 1/8 फ़ाइनल के पहले मैच में कोलंबिया के ऑस्कर टाइग्रेरोस को आसानी से हरा दिया है। रवि कुमार ने ऑस्कर टाइग्रेरोस को 11-2 से एकतरफा मैच में हरा दिया। 

    नीरज चोपड़ा ने किया कमाल

    भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के लिए टोक्यो ओलिंपिक में एक शानदार क्वालीफाइंग दौर रहा। उन्होंने बेजोड़ 86.65 के साथ तालिका के शीर्ष पर समाप्त किया, लेकिन अब ध्यान मेन्स जेवलिन थ्रो इवेंट में क्वालिफिकेशन के ग्रुप बी पर है! 

    नीरज चोपड़ा भारत के लिए पहली बार ओलिंपिक खेलों में उतरे हैं और वे इस बार टोक्यो गए ओलिंपिक दल के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने क्वालीफाइंग दौर शीर्ष पर रहते समाप्त किया है। इस तरह उन्होंने कमाल किया है। वहीं, भारत के शिवपाल सिंह टोक्यो में 81.63 मीटर भाला फेंकने में कामयाब हुए।  

    भाला फेंक पुरुषों के क्वालीफिकेश दौरान का समापन हो गया है। भारतीय जेवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह फाइनल में अपने समकक्ष नीरज चोपड़ा के साथ शामिल नहीं हो सके। 76.4  मीटर तक पहुंचने के बाद, वह ग्रुप बी में 12वें स्थान पर रहे। फाइनल में जगह पक्की करने के लिए 82.4 मीटर या उससे अधिक का थ्रो काफी होता, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। ग्रुप बी से जर्मनी के जूलियन वेबर, चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 83.5 मीटर से अधिक स्कोर किया और ऑटोमेटिक क्वालीफाई किया।  ग्रुप ए से टॉप 7 और ग्रुप बी से टॉप 5 खिलाड़ी फाइनल में हैं!

    पदक के मुकाबले

    मुक्केबाजी : सेमीफाइनल, सुबह 11.00 बजे से

    खिलाड़ी (महिला) : लवलीना बोरगोहाई

    —————-

    अन्य मुकाबले

    एथलेटिक्स :

    भाला फेंक (पुरुष वर्ग) : क्वालीफिकेशन

    खिलाड़ी :

    नीरज चोपड़ा, सुबह 5:35 बजे से

    शिवपाल सिंह, सुबह 7:05 बजे से

    —————

    गोल्फ : महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले राउंड 1, सुबह 4:00 बजे से

    खिलाड़ी : अदिति अशोक और दीक्षा डागर

    —————

    हाकी (महिला) : सेमीफाइनल, दोपहर 3:30 बजे से, बनाम अर्जेटीना

    ————————–

    कुश्ती : अंतिम-16, सुबह 8:00 बजे के बाद

    खिलाड़ी (पुरुष) : रवि कुमार और दीपक पूनिया

    खिलाड़ी (महिला) : अंशू मलिक