Category: sports

  • वालेंसिया को 3 -1 से हराया सुपर कप में रियल मेड्रिड ने

    [object Promise]

    जेद्दाह। रियल मेड्रिड ने टोनी क्रूस, इस्को और लुका मोड्रिक के गोलों की मदद से वालेंसिया को 3-1 से हराकर स्पेनिश सुपर कप के फाइनल में जगह बना ली है। रियल के लिए इस मैच में विंगर इडेन हाजार्ड और गारेथ बेल तथा स्ट्राइकर करीम बेंजेमा नहीं खेले। इनकी गैर मौजूदगी में कोच जिनेदिन जिदान ने किंग अब्दुल्लाह स्पोटर्स सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कासेमारो, फ्रेड्रिको वाल्वेर्दे, लुका मोड्रिक, टोनी क्रूस और इस्को को उतारा।

    रविवार को होने वाले फाइनल मैच में रियल का सामना एफसी बार्सिलोना या फिर एटलेटिको मेड्रिड से हो सकता है। इस साल तीसरे स्थान के लिए मैच नहीं होगा।

    इस सीजन के अंत तक स्पेनिश सुपर कप में सिर्फ एक मैच होता था। सुपर कप का फाइनल ला लीगा के बीते सीजन के टॉप परफाॅर्मर्स और कोपा डेल रे के विजेता के बीच होता था।

  • कभी भी खुद को टीम पर नहीं थोपता भारत को 2 विश्व कप दिलाने वाला कप्तान : शास्त्री

    [object Promise]

    दिल्ली। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की संन्यास की अटकलों के बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज का टी-20 करियर अभी जिंदा है। रवि शास्त्री ने समाचार चैनल से बातचीत में धोनी के बारे में बात की और कहा कि भारत को 2 विश्व कप दिलाने वाला कप्तान कभी भी अपने आप को टीम पर थोपता नहीं है।

    बातचीत में रवि शास्त्री ने कहा, “धोनी का टी-20 करियर अभी जिंदा है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलेंगे। धोनी के बारे में मैं एक बात जानता हूं कि वह खुद को टीम पर कभी थोपते नहीं हैं। अगर उन्हें लगता है कि वह खेलना जारी नहीं रख सकते हैं तो टेस्ट क्रिकेट की तरह ही कह देंगे कि मैं काफी क्रिकेट खेल चुका हूं, लेकिन अगर वह आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हैं तो फिर वह इस प्रारूप में आगे भी खेलना जारी रख सकते हैं।

    रवि शास्त्री के संकेतों को समझा जाए तो फिर साफ है कि धोनी इस साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। धोनी ने हालांकि जुलाई 2019 से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन उन्होंने संन्यास को लेकर सीधे तौर पर कोई बात नहीं की है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया में उनका अनुभव टीम के काफी काम आ सकता है। आईपीएल में उनके खेलने को भी उनकी विश्व कप की तैयारियों का ही हिस्सा माना जा रहा है, हालांकि इससे पहले ये देखना दिलचस्प होगा कि धोनी न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम में जगह बना पाते हैं या नहीं।

  • बदलाव लाने होंगे मुझे अपनी गेंदबाजी में, जिसे बल्लेबाज पकड़ नहीं सके: कुलदीप

    [object Promise]

    पुणे। भारत के चाइनमैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने माना कि 2019 उनके लिए काफी मुश्किल साल रहा और अब वह अपनी कमियों पर काम कर रहे हैं ताकि आने वाले दिनों में वे ज्यादा प्रभावी बन सकें। कुलदीप ने यह बात भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को खेले जाने वाले तीसरे टी-20 मैच की पूर्व संध्या पर कही।

    कुलदीप ने संवाददाता सम्मेलन में कहा “अगर मैं सोचूंगा और अपने आप को ज्यादा समय दूंगा तो मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं। 2020 में, मैं हर मैच में बेहतर करने की कोशिश करूंगा। आपको अगले मैच में अच्छा करने के लिए अपने आप को समय देना होता है। मैं इस साल मानसिक रूप से ज्यादा तैयार रहना चाहता हूं।”

    कुलदीप ने कहा है कि वह बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए कोचिंग स्टाफ और वीडियो एनालिस्ट की मदद ले रहे हैं ताकि अपनी कमियों और मजबूतियों पर काम कर सकें। उन्होंने कहा “अब हर कोई जानता है कि कुलदीप कैसे गेंदबाजी करता है। वह चाइनामैन है जिसके पास गुगली है, फ्लिपर है। मुझे अपनी गेंदबाजी में बदलाव लाने होंगे और बल्लेबाज पकड़ नहीं सके।”

    टी-20 में गेंदबाजों के सामने असमंजस यह रहती है कि वह विकेट के लिए जाएं या रन रोकें। इस पर कुलदीप ने कहा “अगर विपक्षी टीम के विकेट गिरते हैं तो आपको कई बार रन रोकने होते हैं और जब साझेदारी होती है तो मुझे लगता है कि विकेट के लिए जाना चाहिए और रन रोकने चाहिए।”

    बाएं हाथ के स्पिनर ने 4 दिन के टेस्ट मैचों को लेकर हो रही चर्चा पर भी अपने विचार रखे और कहा है कि 5 दिन के टेस्ट मैच के साथ ही जाना चाहेंगे। उन्होंने कहा “ईमानदारी से कहूं तो, मैं 5 दिन के टेस्ट मैच के साथ जाना चाहूंगा। टेस्ट क्रिकेट 5 दिन के लिए बना था और मैं इसमें बदलाव नहीं देखना चाहता।”

  • गावसकर ने उठाए धोनी के लंबे आराम पर सवाल, विश्व कप के बाद से नहीं खेले

    [object Promise]

    नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावसकर ने शनिवार को महेंद्र सिंह धोनी की टीम से ली गई लंबी छुट्टी पर सवाल उठाए हैं। धोनी ने आईसीसी विश्व कप-2019 में भारत को सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। यहां 26वें लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल लेक्चर में गावसकर ने कहा कि वे धोनी की फिटनेस के बारे में कुछ नहीं कह सकते। गावसकर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मैं फिटनेस के बारे में नहीं कह सकता, लेकिन मुझे लगता है कि सवाल धोनी को खुद से करना चाहिए।

    उन्होंने कहा, 10 जुलाई के बाद से उन्होंने अपने आपको चयन के लिए उपलब्ध नहीं बताया है। यह अहम बात है। क्या कोई इतने लंबे समय तक अपने आपको भारत के लिए खेलने से दूर रखता है? यह सवाल है और इसी में जवाब छुपा है। धोनी विश्व कप के बाद से क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं।

    उनकी जगह ऋषभ पंत को टी20 विश्व कप में भारत के मुख्य विकेटकीपर की भूमिका में रखा जा रहा है। संजू सैमसन भी लगातार टीम का हिस्सा हैं। वे पुणे में शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए आखिरी टी20 मैच में खेले थे। गावसकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा घरेलू क्रिकेट पर भी बात की और कहा कि रणजी ट्रॉफी में अनकैप्ड खिलाडिय़ों का भत्ता बढऩा चाहिए ताकि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अंतर को कम किया जा सके।

    लिटिल मास्टर ने कहा कि आईपीएल रणजी ट्रॉफी पर भारी है। जब तक मैच फीस में बढ़ावा नहीं किया जाएगा रणजी ट्रॉफी को भारतीय क्रिकेट के एक अनाथ बच्चे की तरह समझा जाएगा।

    गावसकर ने कहा कि बीसीसीआई की आय का वो हिस्सा जो घरेलू खिलाडिय़ों के हिस्से में जाता है वो काफी दिनों से बढ़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि रणजी ट्रॉफी में खिलाडिय़ों का वेतन पिछले कुछ वर्षो से बढ़ा नहीं है और मुझे उम्मीद है कि सौरव गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद से चीजें बदलेंगी, वे इस ओर ध्यान देंगे।

    अगर आप 14 दिन आईपीएल खेलने वाले खिलाडिय़ों, जो लगातार प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेलते हैं, और जो 80 दिन रणजी ट्रॉफी खेलते हैं, उनके वेतन को देखेंगे तो काफी अंतर पाएंगे, यह काफी बड़ा है। उम्मीद है कि इसमें अंतर होगा।

    गावसकर ने हालांकि आईसीसी के चार दिन के टेस्ट मैच लाने के विचार पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, मैं जो सोचता हूं वो मायने नहीं रखता। मौजूदा खिलाड़ी क्या सोचते हैं वो मायने रखता है क्योंकि उन्हें ही मैच खेलने हैं। उनसे चर्चा की जानी चाहिए। वे मैदान की स्थिति से काफी अच्छे से वाकिफ हैं।

    [object Promise]

  • क्रिस गेल ने कहा, मौजूदा समय में सबसे सुरक्षित जगह पाकिस्तान

    [object Promise]

    ढाका। वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को यकीन है कि मौजूदा समय में पाकिस्तान क्रिकेट खेलने के लिहाज से दुनिया में सबसे सुरक्षित जगह है। गेल इस समय बांग्लादेश प्रीमियर लीग में चटगांव चैलेंजर्स के लिए खेल रहे हैं। क्रिस गेल ने यहां संवाददाताओं से कहा, पाकिस्तान दुनिया में सबसे सुरक्षित जगहों में से एक है।

    अगर वो कहते हैं कि आपको राष्ट्रपति जैसी सुरक्षा मिलेगी तो आप सुरक्षित हाथों में हैं। हम बांग्लादेश में भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हाल ही में पिछले 10 सालों में श्रीलंका पहली ऐसी टीम बनी जिसने टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया। पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एहसान मनी ने कहा था कि पाकिस्तान सुरक्षित है।

    मनी ने कहा कि हमने साबित कर दिया कि पाकिस्तान सुरक्षित है, अगर कोई यहां आना नहीं चाहता तो उनको साबित करना चाहिए कि ये असुरक्षित क्यों है। मौजूदा हालात में, पाकिस्तान के मुकाबले भारत में सुरक्षा का मामला ज्यादा गंभीर है।

    उन्होंने कहा, पाकिस्तान में श्रीलंका के सफल दौरे के बाद सुरक्षा को लेकर किसी को भी संदेह नहीं होना चाहिए। यह पाकिस्तान में टेस्ट क्रिकेट की बहाली के लिहाज से बड़ा कदम साबित हुआ। पूरे विश्व में पाकिस्तान की छवि सुधारने में मीडिया और दर्शकों की मुख्य भूमिका रहेगी। अब, पीसीबी ने बांग्लादेश को तीन टी20 और दो टेस्ट मुकाबलों के लिए आमंत्रित किया है।

    [object Promise]

  • भारतीय टीम का न्यूजीलैंड सीरीज के लिए चयन आज, टेस्ट में रिजर्व ओपनर हो सकते हैं राहुल और शुभमन मेें से कोई एक

    [object Promise]

    नई दिल्ली। बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति आज मुंबई में बैठक कर न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान करेगी। भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 जनवरी को होने वाले आखिरी वनडे के एक दिन बाद न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना हो जाएगी। वहां पांच टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट खेलेगी।

    पीठ की चोट से परेशान हार्दिक पंड्या की टीम में वापसी मुश्किल हो गई है। वे चयन से एक दिन पहले ही फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए। वहीं, टेस्ट में रिजर्व ओपनर के तौर पर लोकेश राहुल और शुभमन गिल में से किसी एक को चुना जा सकता है। टीम इंडिया पिछले साल न्यूजीलैंड में पांच वनडे की सीरीज 4-1 से जीती थी। वहीं, तीन टी-20 की सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
    इस मामले से संबंध रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान आज होगा और टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरू में खेले जाने वाले तीसरे वनडे के एक दिन बाद न्यूजीलैंड रवाना हो जाएगी।

    चयनकर्ता आज टीम का ऐलान करेंगे और टीम भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे वनडे के एक दिन बाद रवाना हो जाएगी। टीम बेंगलुरू से ही उड़ान भरेगी। ऑस्ट्रेलिया के मैच के बाद टीम के खिलाड़ियों के बिखर जाने और फिर दोबारा एकत्रित हो न्यूजीलैंड रवाना होने का कोई मतलब नहीं है।

  • वनडे सीरीज : रिकी पोटिंग को भरोसा, ऑस्ट्रेलिया हराएगा भारत को उसके घर में

    [object Promise]

    मुंबई। दो बार के विश्व विजेता कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि आरोन फिंच की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को उसी के घर में हरा सकती है। फिंच की कप्तानी में ही ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल भारत को उसी के घर में पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-2 से हराया था।

    इस दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम को सीरीज का पहला मैच मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है। पोंटिंग ने ट्विटर पर सवाल-जवाब सत्र में कहा कि शानदार विश्व कप और बेहतरीन टेस्ट ग्रीष्मकाल के बाद ऑस्ट्रेलिया पूरे आत्मविश्वास में है, लेकिन भारत पिछली सीरीज की हार का बदला लेना चाहेगा।

    मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया 2-1 से सीरीज जीतेगा। ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज से पहले अपने घर में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का सफाया कर चुका है। पोंटिंग ने पहली बार वनडे टीम का हिस्सा बने मार्नस लाबुशैन पर भी आत्मविश्वास जताया है। लाबुशैन ने टेस्ट में दमदार प्रदर्शन कर वनडे टीम में जगह बनाई।

    पोंटिंग ने कहा कि मुझे लगता है कि वे मध्य क्रम में ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा काम करेंगे। वे स्पिन के शानदार खिलाड़ी हैं, विकेटों के बीच में भी अच्छा दौड़ते हैं। फील्डिंग भी शानदार करते हैं और अच्छी खासी लेग स्पिन भी कर सकते हैं। वे ओवरऑल पैकेज हैं।

    [object Promise]

  • सहवाग ने बेबी डायपर से की 5 दिन टेस्ट की तुलना, कहा- दोनों को तभी बदलें जब वे बेकार हो जाएं

    [object Promise]

    मुंबई। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने दिन-रात टेस्ट मैच का समर्थन करते हुए कहा है कि यह भविष्य है और भारत में अक्सर इसे खेला जाना चाहिए। उन्होंने 5 दिन के टेस्ट मैच में बदलाव पर कहा कि 4 दिन की चांदनी होती है, टेस्ट मैच नहीं। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के अनुरोध पर भारतीय टीम पिछले साल ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के साथ अपना पहला दिन-रात टेस्ट मैच खेल चुकी है।

    सहवाग ने रविवार रात यहां बीसीसीआई के अवार्ड समारोह के दौरान 7वें मंसूर अली खान पटौदी अवार्ड में लेक्चर देते समय यह बात कही।

    सहवाग ने कहा “दिन-रात टेस्ट मैच आगे बढ़ने का रास्ता है। हम ईडन गार्डन्स में यह देख चुके हैं। दिन-रात टेस्ट मैच को आयोजित कराने के लिए हमें इसका श्रेय दादा (सौरव गांगुली) को देना चाहिए।” उन्होंने कहा “नवाचार समय की आवश्यकता है। इससे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को मैदान में आना चाहिए।”

    पूर्व भारतीय ओपनर ने 5 दिन के टेस्ट मैच को 4 दिन का करने के प्रस्ताव पर कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री के विचारों का समर्थन किया। कोहली और शास्त्री 5 दिन के टेस्ट मैच में कोई छेड़खानी नहीं करना चाहते हैं। सहवाग ने 5 दिन के टेस्ट मैच की तुलना बेबी डायपर से करते हुए कहा कि दोनों को केवल तभी बदला जाना चाहिए जब वे बेकार (निर्थक) हो जाए।

    उन्होंने कहा “मैंने हमेशा बदलाव का समर्थन किया है। मैं पहले टी-20 मैच में भारत का कप्तान रह चुका हूं और मुझे इस पर गर्व है। मैं 2007 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का सदस्य रह चुका हूं। लेकिन 5 दिनों का टेस्ट मैच एक रोमांस है।”

    सहवाग ने कहा, “जर्सी में नाम जैसे शब्द में बदलाव लाना और दिन-रात टेस्ट (पिंक बॉल टेस्ट) का आना ठीक है। लेकिन डायपर और 5 दिन का टेस्ट क्रिकेट तभी बदलने चाहिए जब वे खराब हो या वे खत्म हो जाए।”

    सहवाग ने आगे कहा, “5 दिन का टेस्ट मैच अभी समाप्त नहीं हुआ है। टेस्ट क्रिकेट 143 साल का पुराना फिट आदमी है। उसकी एक आत्मा है। 4 दिन की सिर्फ चांदनी होती है, टेस्ट क्रिकेट नहीं।”

  • टोक्यो ओलंपिक2020: मशाल के अंदर इतिहास में पहली बार होगा हाइड्रोजन का प्रयोग

    [object Promise]

    बीजिंग। जापान की टोक्यो नगरपालिका ने हाल ही में घोषणा की कि टोक्यो ओलंपिक और पैरा ओलंपिक की प्रमुख मशाल टॉवर में हाइड्रोजन ईंधन का प्रयोग करेंगे। यह ओलंपिक के इतिहास में पहली बार है कि कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित ईंधन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

    जापान के मेइनिची शिमबुन की रिपोर्ट के मुताबिक पहले ओलंपिक की मशाल में आमतौर पर प्रोपेन गैस यानी द्रवीभूत पेट्रोलियम गैस का प्रयोग करते थे। कार्बन डाइऑक्साइड की निकासी न करने वाले हाइड्रोजन का इस्तेमाल करने से शून्य कार्बन उत्सर्जन समाज को साकार करने के लिए मददगार होगा। इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक आयोजन कमेटी हाइड्रोजन के प्रयोग से विश्व को हाइड्रोजन ईंधन देने वाले वाहन आदि जापान की तकनीक का प्रसार भी करना चाहती है।

    गौरतलब है कि 2020 टोक्यो ओलंपिक की मशाल इस साल के 12 मार्च को ग्रीस में करीब 10 दिनों की मशाल रिले को समाप्त करने के बाद विमान से जापान को सौंपी जाएगी, फिर 26 मार्च से जापान में मशाल रिले किया जाएगा। 24 जुलाई को टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में प्रमुख मशाल जलाई जाएगी।

  • भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरे के लिए ऐलान, संजू बाहर, शमी की हुई वापसी

    [object Promise]

    मुंबई। बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। श्रीलंका सीरीज में आराम पर गए रोहित शर्मा की टीम में वापसी हुई है, लेकिन पुणे में खेले गए आखिरी टी20 मैच की अंतिम-11 का हिस्सा रहे संजू सैमसन को जगह नहीं मिली है। बीसीसीआई ने रविवार देर रात बयान जारी कर टीम चयन की जानकारी दी। मोहम्मद शमी भी आराम के बाद टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं।

    उम्मीद थी कि हार्दिक पांड्या भी टीम में होंगे, लेकिन रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया में समय लगने के कारण वह टीम में आ नहीं सके। इसलिए शायद शिवम दुबे अपनी जगह बना पाने में सफल रहे। पांड्या को न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया-ए में चुना गया था। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा है कि पांड्या की रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया उम्मीद से ज्यादा समय ले रही है, इसलिए उन्हें इंडिया-ए से भी बाहर कर दिया गया है और उनके स्थान पर विजय शंकर को टीम में चुना गया है।

    भारतीय टीम ने संजू को लगातार तीन सीरीज में टीम में बनाए रखा और उसके बाद अंतिम 11 में एक मौका देने के बाद टीम से बाहर कर दिया। वे बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई सीरीज का हिस्सा थे लेकिन अंतिम-11 में नहीं आ पाए थे। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में उन्हें मौका मिला, जिसे वे भुना नहीं पाए और दो गेंदों पर छह रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। इस मैच के बाद वे टीम से भी बाहर चले गए हैं।

    भारत को न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। शुरुआती दो मैच 24 और 26 जनवरी को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले जाएंगे। 29 जनवरी को तीसरा टी20 मैच हेमिल्टन के सेडन पार्क में होगा। 31 जनवरी को होने वाले चौथे मैच की मेजबानी वेलिंग्टन का वेस्टपेक स्टेडियम करेगा। बे ओवल मैदान पर पांचवां टी20 दो फरवरी को खेला जाएगा।

    टीम : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), लोकेश राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर।

    [object Promise]