Category: sports

  • धोनी के चयन की उम्मीद नहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए

    [object Promise]

    नई दिल्ली
    महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर से संन्यास पर फैसला नहीं किया हो, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 सितंबर से धर्मशाला में शुरू हो रही भारत की तीन मैचों की टी20 घरेलू सीरीज की टीम में उनके चुने जाने की संभावना नहीं है। सीरीज के लिए टीम का चयन चार सितंबर को होने की उम्मीद है। अन्य दो मैच मोहाली (18 सितंबर) और बेंगलुरु (22 सितंबर) में खेले जाएंगे।

    पूरी संभावना है कि वेस्ट इंडीज को 3-0 से हराने वाली टीम को बरकरार (फिटनेस को देखते हुए) रखा जाए। टीम चयन के लिए चयन समिति अक्टूबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व टी20 को ध्यान में रखना चाहती है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा, ‘विश्व टी20 के पहले मैच से पहले भारतीय टीम केवल 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी और चयनकर्ता स्पष्ट हैं कि यह आगे बढ़ने का समय है।’

    क्या है अधिकारी का कहना?
    उन्होंने कहा, ‘वह सीमित ओवरों के लिए विशेषकर टी20 के लिए तीन विकेटकीपरों का पूल तैयार करने की योजना बना रहे हैं।’ अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि बीसीसीआई अधिकारी या चयन समिति उनकी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए धोनी से बात करेंगे या नहीं जैसा कि उन्होंने वेस्ट इंडीज दौरे से पहले किया था जब पूर्व कप्तान ने सूचित किया था कि वह प्रादेशिक सेना में अपनी रेजीमेंट के लिए काम करने के मद्देनजर ब्रेक लेना चाहते हैं।

    पंत को देना चाहते हैं अधिक मौके
    अधिकारी ने कहा, ‘संन्यास लेना व्यक्तिगत फैसला है और चयनकर्ताओं को या फिर किसी को भी इस पर फैसला करने का अधिकार नहीं है, लेकिन उनके पास 2020 विश्व टी20 के लिए रोडमैप तैयार करने का पूरा अधिकार है और इसके अंतर्गत ऋषभ पंत को ज्यादा से ज्यादा मौके देना शामिल है।’

    इशान किशन दूसरे विकल्प
    पता चला है कि चयन समिति का दूसरा विकल्प इशान किशन और तीसरा विकल्प संजू सैमसन होंगे। सैमसन की बल्लेबाजी पंत और भारत ए के नियमित खिलाड़ी इशान किशन के बराबर मानी जाती है। पंत सभी प्रारूपों में पहला विकल्प बने रहेंगे, क्योंकि चयनकर्ता फिटनेस और कार्यभार प्रबंधन को भी ध्यान में रखेंगे।

    चयन समिति के कुछ सदस्य ए सीरीज के लिए तिरुवनंतपुरम में रहेंगे और सैमसन के प्रदर्शन को देखेंगे, क्योंकि उन्होंने अंतिम दो लिस्ट ए मैचों के लिए टीम में जगह बनाई है। जहां तक बल्लेबाजी का संबंध है तो चयन समिति का मानना है कि सैमसन शीर्ष स्तर के क्रिकेट के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी विकेटकीपिंग में अब भी सुधार हो रहा है।

  • यूएस ओपन: पांचवीं बार फाइनल में नडाल, मेदवेदेव से होगी भिड़ंत

    [object Promise]

    स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल ने अपने करियर के 19वें ग्रैंडस्लैम खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में इटली के मातियो बेरेटिनी को हराकर पांचवीं बार यूएस ओपन के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। 33 साल के नडाल ने बेरेटिनी को 7-6, 6-4, 6-1 से मात दी।

    फाइनल में नडाल की भिड़ंत रूस के दानिल मेदवेदेव से होगी जिन्होंने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 7-6, 6-4, 6-3 से हराया। नडाल यदि खिताब जीतने में कामयाब होते हैं तो वह अपने करियर में चौथी बार यूएस ओपन चैंपियन बनेंगे।

    नडाल से ज्यादा ग्रैंडस्लैम स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर (20) ने जीते हैं। स्पेनिश स्टार ने कहा, ‘एक बार फिर यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने पर खुश हूं। काफी मायने रखता है, यहां आना क्योंकि इस सीजन के शुरुआत में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।’

    नडाल ने हिप इंजरी से उबरते हुए अपने करियर में 12वीं बार फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। नडाल के करियर का यह 27वां ग्रैंड स्लैम फाइनल है। उन्होंने पिछले महीने मॉन्ट्रियल ओपन के फाइनल में मेदवेदेव को हराया था। 23 वर्षीय मेदवेदेव का यह पहला ग्रैंडस्लैम फाइनल है।

    रूस के खिलाड़ी मेदवेदेव ने कहा, ‘जब मैं न्यू यॉर्क आ रहा था, मैंने भी नहीं सोचा था कि यह सफर इतना अच्छा होने वाला है। बहुत खुश हूं कि फाइनल में जगह बना सका। मुझे कहना होगा- आई लव अमेरिका।’

  • TEAM INDIA के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी के खिलाफ जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट

    [object Promise]

    कोलकाता। बंगाल की अलीपुर कोर्ट ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी और उनके भाई हाशिद अहमद के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। घरेलू हिंसा का मामला भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के लिए परेशानी का कारण बन गया है।

    पत्नी हसीन जहां द्वारा दायर मारपीट, घरेलू हिंसा सहित अन्य मामलों की सुनवाई करते हुए अलीपोर अदालत ने शमी का गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने शमी और उनके भाई हसीद अहमद दोनों के गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। हालांकि कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने के लिए 15 दिनों का समय दिया है।

    बता दें कि शमी के खिलाफ साल 2018 में उनकी पत्नी हसीन जहां ने मारपीट, रेप, हत्या की कोशिश और घरेलू हिंसा जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे। इन दोनों का तलाक का केस भी कोर्ट में चल रहा है। इसी पर सुनवाई करते हुए अलीपोर कोर्ट ने ये वारंट जारी किया है।

    गौरतलब है कि शमी इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर हैं। इंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट 3 सितंबर को समाप्त होगा और उसके बाद ही टीम स्वदेश लौटेगी। स्वदेश लौटने पर शमी को सरेंडर करना होगा।

    [object Promise]
    arrest-warrant-against-mohamad shami

  • ‘100 टेस्ट क्लब’ में शामिल होने से सिर्फ आठ टेस्ट दूर इशांत शर्मा

    [object Promise]

    भारतीय टीम में शामिल सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा एलीट ‘100 टेस्ट क्लब’ में शामिल होने से सिर्फ आठ टेस्ट दूर हैं, लेकिन वह इस उपलब्धि के बारे में सोचकर अपना ध्यान नहीं भटकाना चाहते। मौजूदा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी इशांत ने अपने 31वें जन्मदिन के मौके पर कहा कि एकाग्रता खोने की जगह अपने काम पर ध्यान देना अधिक बेहतर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन के खेल की शुरुआत से पहले तक इशांत के नाम 92 टेस्ट में 277 विकेट दर्ज थे। वह भारतीय तेज गेंदबाजों की सूची में कपिल देव (434 विकेट) और जहीर खान (311 विकेट) के बाद तीसरे स्थान पर हैं।

    एशिया के बाहर सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों की सूची में कपिल देव को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंचे इशांत ने मेजबान प्रसारणकर्ता सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क से कहा कि मुझे याद है कि कुछ साल पहले जहीर मुझे 100 टेस्ट के बारे में कुछ कह रहा था, लेकिन वह भी इस उपलब्धि को पूरा नहीं कर पाया (92 टेस्ट)। मेरे कहने का मतलब है कि अगर मैं चार-पांच साल और खेलता हूं तो हां, मैं इसे पूरा कर सकता हूं, लेकिन मैं इसके बारे में सोचना नहीं चाहता। ओवरऑल देखे तो एशिया के बाहर सबसे अधिक विकेट चटकाने के मामले में टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले 200 विकेट के साथ टॉप पर हैं। इशांत ने कहा कि मुझे लगता है कि अगर आप काफी आगे के बारे में सोचने लगते हो तो भ्रमित हो जाते हो इसलिए बेहतर है कि एक बार में एक टेस्ट के बारे में सोचो। इशांत इतने कम समय में जसप्रीत बुमराह के घातक गेंदबाज बन जाने से भी खुश हैं उन्होंने कहा, ‘बुमराह शानदार है। हमारे लय में आने से पहले ही वह पांच या छह विकेट हासिल कर रहा है। मैंने उसे मजाक में कहा कि इंतजार करो, हमें लय में तो आने दो।’

  • टेनिस सनसनी यूएस ओपन के फाइनल में बियांका एंड्रीस्कू, सेरेना से होगी भिड़ंत

    [object Promise]
    कनाडा की 19 साल की बियांका एंड्रीस्कू ने एक बेहद कड़े मुकाबले में बेलिंडा बेनसिच को हराकर यूएस ओपन के फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना महान खिलाड़ी सेरेना विलियम्स से होगा।

    जब सेरेना बनीं चैंपियन, तब नहीं हुआ था एंड्रीस्कू का जन्म

    जब सेरेना विलियम्स ने अपना पहला यूएस ओपन (साल 1999) जीता था, तब बियांका एंड्रीस्कू पैदा भी नहीं हुई थीं। और अब 19 साल की यह टेनिस सनसनी यूएस ओपन के खिताबी फाइनल में सेरेना के खिलाफ उतरेंगी।

    फाइनल में पहुंचने वाली पहली कनाडाई महिला

    एंड्रूस्कू यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली महिला खिलाड़ी। युजिनी बुचार्ड (विंबलडन 2014) के बाद किसी भी ग्रैंडस्लैम के खिताबी मुकाबले में खेलने वाली कनाडा की दूसरी महिला टेनिस प्लेयर हैं।

    वर्ल्ड नंबर-5 बनने का मौका

    एंड्रीस्कू की साल 2018 में वर्ल्ड रैंकिंग 178 थी। फिलहाल उनकी रैंकिंग 15 है। फाइनल मुकाबले का नतीजा अगर उनके पक्ष में नहीं भी आता है तो वह सोमवार को आने वाली रैंकिंग में वह नौवें स्थान पर पहुंच जाएंगी। अगर वह सेरेना को चौंका देती हैं तो उनकी रैंकिंग 5 हो जाएगी।

    केवल एक बार हुई सेरेना-एंड्रीस्कू की भिड़ंत

    सेरेना और एंड्रीस्कू के बीच सिर्फ एक बार भिड़ंत हुई है। अगस्त में रोजर्स कप के फाइनल में सेरेना ने कमर में दर्द के बाद मुकाबला बीच में ही छोड़ दिया था। वह पहले सेट में 1-3 से पीछे चल रही थीं।

    2 साल तक बार में जश्न नहीं मना पाएंगी एंड्रीस्कू

    तीन सप्ताह बाद सेरेना अपना 38वां जन्मदिन मनाएंगी और वहीं एंड्रीस्कू को न्यू यॉर्क के किसी बार में ड्रिंक्स के साथ जश्न मनाने में अभी कम से कम दो साल का इंतजार करना पड़ेगा।

    इतिहास से एक कदम दूर सेरेना

    सेरेना मार्गरेट कोर्ट के 24 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं। वह ओपन एरा में सबसे अधिक उम्र में ग्रैंड स्लैम खेलने वाली महिला खिलाड़ी हैं। सेरेना को 2017 के ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने के बाद तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 2014 के बाद से उन्होंने यूएस ओपन नहीं जीता है।

  • अभी तक फरार बलात्कार का आरोपी तैराकी कोच, एसएफआई ने लगाया प्रतिबंध

    [object Promise]

    एक नाबालिग लड़की के बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे गोवा के बर्खास्त तैराकी कोच सुरजीत गांगुली का अभी तक पता नहीं चल सका है। गोवा पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस बीच भारतीय तैराकी महासंघ ने गांगुली पर खेल से जुड़ी हर गतिविधि के लिए प्रतिबंध लगा दिया। गोवा तैराकी संघ के कोच गांगुली पर 15 वर्ष की लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप है, जो उनसे तैराकी सीख रही थी।

    पुलिस उप अधीक्षक गजानन प्रभुदेसाई ने कहा, ‘हम अभी तक कोच की तलाश कर रहे हैं। उसका पता नहीं चल सका है लेकिन हम उसे जल्दी गिरफ्तार कर लेंगे।’ एसएफआई ने एक बयान में कहा, ‘एसएफआई गोवा ईकाई की रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर उपलब्ध सबूतों के आधार पर एसएफआई इस जघन्य बर्ताव की निंदा करता है। हमने इस कोच को कोचिंग के किसी भी स्वरूप या खेल से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिये प्रतिबंधित कर दिया है। इस आशस का सर्कुलर सभी 29 प्रदेश ईकाइयों को जारी कर दिया है।’

    गांगुली के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार), 354 (छेड़छाड़) और 506 (आपराधिक धमकी), पोस्को कानून और गोवा बाल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। खेल मंत्री किरन रिजिजू ने सिलसिलेवार ट्वीट में गांगुली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

  • टेस्ट के चौथे दिन वेस्टइंडीज को टीम इंडिया ने 257 रनों से दी करारी शिकस्त

    [object Promise]

    टीम इंडिया ने किंग्सटन टेस्ट के चौथे दिन वेस्टइंडीज को 257 रनों से करारी शिकस्त दी। विराट ब्रिगेड ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत खेली गई इस सीरीज में वेस्टइंडीज का न सिर्फ 2-0 से सफाया किया, बल्कि पूरे 120 (60+60) अंक भी बटोर लिये। इसके साथ ही वेस्टइंडीज दौरे में टीम इंडिया ने कैरेबियाई टीम का सूपड़ा साफ कर दिया। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज का 2-0 से सफाया करने से पहले भारतीय टीम ने इस दौरे की टी-20 और वनडे सीरीज पर भी क्रमश: 3-0 और 2-0 से कब्जा किया था।वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का टेस्ट इतिहास (1948-2019) 71 साल पुराना है। इस दौरान दोनों के बीच अब तक 24 टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैंl

    जिनमें से भारत 10 सीरीज में ही विजेता रहा है। दोनों के बीच 2 सीरीज ड्रॉ रही, जबकि 12 सीरीज पर कैरेबियाई टीम का कब्जा रहा। वह भी एक दौर था जब क्रिकेट के बेताज बादशाह रहे वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम ने लगातार सीरीज गंवाई। कैरेबियाई टीम के खिलाफ उसे पहली सीरीज जीतने में 23 साल (1948/49-1970/71) लग गए थे। 2002 के बाद स्थिति एक दम बदल गई। इस दौर में वेस्टइंडीज की टीम भारतीय टीम के खिलाफ एक जीत को तरस गई है।सीरीज     सीजन    विजेता     मार्जिन

    इंडीज भारत में     2002/03     भारत         2-0 (3)
    भारत इंडीज में     2006     भारत         1-0 (4)
    भारत इंडीज में     2011    भारत         1-0 (3)
    इंडीज भारत में     2011/12      भारत         2-0 (3)
    इंडीज भारत में     2013/14      भारत         2-0 (2)
    भारत इंडीज में     2016         भारत         2-0 (4)
    इंडीज भारत में     2018/19      भारत         2-0 (2)
    भारत इंडीज में       2019     भारत         2-0 (2)

    2002 से 2019, यानी इन 17 सालों में वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया ने बिना कोई टेस्ट गंवाए लगातार 8 टेस्ट सीरीज जीती है। इस दौरान दोनों के बीच 23 टेस्ट खेले गए, जिनमें से भारत ने 14 टेस्ट जीते। मजे की बात है कि वेस्टइंडीज के हिस्से एक भी जीत नहीं है।

  • बढ़ेगी सैलरी टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री की, विराट से भी ज्यादा होगी कमाई

    [object Promise]

    भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री का कॉन्ट्रैक्ट साल 2021 तक बढ़ा दिया गया है जिसके साथ उनकी सैलरी भी बढ़ जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों के मुताबिक, शास्त्री की सालाना सैलरी करीब 10 करोड़ रुपये तक हो सकती है। सूत्रों की मानें तो शास्त्री की सैलरी में 20 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है जिसके बाद उनकी सैलरी 9.5 से 10 करोड़ रुपये हो जाएगी।
    भारतीय टीम के मुख्य कोच पद के लिए हाल में इंटरव्यू हुए थे और एक बार फिर शास्त्री को ही इस पद के लिए चुना गया। हमारे सहयोगी अखबार मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शास्त्री को नए कॉन्ट्रैक्ट के साथ उनकी सैलरी में 20 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है जिस पर बोर्ड भी राजी हो गया है।

    रिपोर्ट के मुताबिक, बढ़ी हुई सैलरी के बाद उन्हें 9.5 करोड़ से 10 करोड़ रुपये सालाना मिलेंगे। इससे पहले बीसीसीआई के कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार, कोच शास्त्री को 8 करोड़ रुपये सालाना दिए जा रहे थे।

    सपॉर्ट स्टाफ की सैलरी में भी बढ़ावा हुआ है। गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने अपना पद बरकरार रखा और उन्हें अब करीब 3.5 करोड़ रुपये सालाना दिए जाएंगे। इतनी ही सैलरी फील्डिंग कोच आर श्रीधर को भी मिलेगी। टीम इंडिया के नए बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ की सैलरी 2.5 से 3 करोड़ रुपये के बीच होगी। कॉन्ट्रैक्ट 1 सितंबर से लागू हो चुका है।

    दिलचस्प है कि रवि शास्त्री को टीम के कप्तान विराट कोहली से भी ज्यादा सैलरी मिलने लगेगी। विराट कोहली को बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं। बोर्ड की मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, विराट, रोहित और जसप्रीत बुमराह A+ लिस्ट में शामिल हैं। विराट की तरह टीम के उनके साथी ओपनर रोहित शर्मा और पेसर जसप्रीत बुमराह को भी 7-7 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।

    शास्त्री अगले 2 साल तक टीम के कोच रहेंगे। भारत की मेजबानी में साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। शास्त्री को अंतरिम क्रिकेट सलाहकार समिति ने फिर से कोच चुना। इस समिति में 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव, शांता रंगास्वामी और अंशुमन गायकवाड शामिल थे।

  • अनुष्का के साथ विराट ने पोस्ट की फोटो, फैन्स बोले- सुपर कपल

    [object Promise]

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने पत्नी और बॉलिवुड ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। विरुष्का की जोड़ी को इस फोटो पर फैन्स के बेहद प्यार भरे रिऐक्शंस मिल रहे हैं। इस तस्वीर के साथ विराट ने कोई कैप्शन तो नहीं पोस्ट किया है, लेकिन संभव है कि यह तस्वीर वेस्ट इंडीज दौरे की हो। टीम इंडिया के विंडीज दौरे पर अनुष्का शर्मा भी विराट के साथ थीं।

    विराट कोहली ने अनुष्का के साथ अपनी फोटो ट्वीट की है, इसमें अनुष्का एक कुर्सी पर बैठी हुई हैं और कोहली उनकी गोद में लेटकर पोज दे रहे हैं। कोहली ने इस ट्वीट का कैप्शन दिल वाली इमोजी दिया है। यह तस्वीर खुद विराट ने ही सेल्फी खींचकर कैमरे में कैद की है।

    इस फोटो में जहां कोहली बिना शर्ट-टीशर्ट के बेहद ही डैशिंग लग रहे हैं, वहीं बिकनी पहने कुर्सी पर बैठीं अनुष्का शर्मा भी काफी खूबसूरत लग रही हैं। अपने चेहरे पर दायां हाथ रखकर बैठीं अनुष्का ने गॉगल्स भी वियर किया हुआ है।

    कोहली की पोस्ट पर फैन्स प्यार भरे कॉमेंन्ट्स भी कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा है, ‘प्यार हो तो ऐसा हो, इन दोनों लव बर्ड्स की तरह।’ वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, ‘सुपर कपल, दुआ है हमेशा साथ रहें।’

    विराट के बाद अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी कुछ हॉट तस्वीरें पोस्ट की हैं। इस तस्वीर में अनुष्का ब्लू बिकीनी पहने समंदर में मस्ती कर रही हैं। अपनी इस तस्वीर को अनुष्का ने कैप्शन दिया ‘वॉटर बेबी।’

    आपका बता दें कि विराट और अनुष्का सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहते हैं और फैन्स के साथ अकसर अपनी फोटोज शेयर करते रहते हैं। 15 सितंबर से भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज शुरू होने वाली है और इस फोटो को देखकर ऐसा लग रहा है कि सीरीज से पहले कोहली अनुष्का के साथ काफी वक्त बिता रहे हैं।

  • कोहली पर स्मिथ की बढ़त बरकरार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में

    [object Promise]

    एशेज सीरीज में दमदार परफॉर्मेंस कर रहे स्टीव स्मिथ ने मैनचेस्टर टेस्ट में अपने उम्दा प्रदर्शन से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत करी ली है। बैटिंग में स्मिथ तो बोलिंग में पैट कमिंस का जलवा भी बरकरार है।

    इन दोनों खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 185 रन से मिली जीत में अहम भूमिका निभाई थी। स्मिथ ने भारतीय कप्तान विराट कोहली पर 34 अंक की बढ़त बना ली है और पांच मैचों की एशेज सीरीज के खत्म होने पर उनका रैंकिंग के शीर्ष पर बरकरार रहना लगभग तय है।

    मैनचेस्टर में 211 और 82 रन की पारियां खेलकर मैन ऑफ द मैच बने स्मिथ के 937 अंक हो गए हैं जो दिसंबर 2017 में उनके सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक से सिर्फ 10 कम हैं। दूसरी ओर मैच में 103 रन देकर सात विकेट चटकाने वाले कमिंस ने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 914 रेटिंग अंक की बराबरी की है जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के पांचवें सर्वाधिक अंक हैं। यह ऑस्ट्रेलिया की ओर से संयुक्त रूप से सर्वाधिक रेटिंग अंक हैं। ग्लेन मैकग्रा ने भी 2001 में इतने ही अंक हासिल किए थे।

    कमिंस ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा पर 63 अंक की बढ़त बना रखी है जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड इस साल पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाते हुए 12वें से आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

    बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के जोस बटलर (चार स्थान के फायदे से 37वें) और रॉरी बर्न्स (छह स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ 61वें स्थान पर) जबकि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन (छह स्थान के फायदे से 60वें स्थान पर) को फायदा हुआ है।

    चटगांव में बांग्लादेश पर अफगानिस्तान की 224 रन की जीत से मेहमान टीम के खिलाड़ियों को काफी फायदा मिला है। पूर्व कप्तान असगर अफगान 92 और 50 रन की पारियां खेलने के बाद 110वें से 63वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पहली पारी में शतक जड़ने वाले रहमत शाह भी 93वें से 65वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

    मैच में 104 रन देकर 11 विकेट चटकाकर मैन ऑफ द मैच बने कप्तान राशिद खान 69वें से 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने 21 स्थान के फायदे से 85वें स्थान पर रहते हुए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा। बांग्लादेश के बाएं हाथ के स्पिनर शाकिब-अल-हसन और ताइजुल इस्लाम एक-एक स्थान के फायदे से क्रमश: 21वें और 22वें पायदान पर हैं। ऑफ स्पिनर नईम हसन 21 स्थान की छलांग के साथ 66वें स्थान पर पहुंच गए हैं।